अस्पताल में लाचार पड़े विनोद कांबली का छलका दर्द, दोस्त सचिन को यादकर रो पड़े, कलेजा चीर देगा VIDEO
Vinod Kambli Health: अस्पताल में भर्ती विनोद कांबली ने एक वीडियो जारी कर अपने हेल्थ के बारे में जानकारी दी। जिगरी दोस्त सचिन को यादकर वो इमोशनल हो गए।
- खेल समाचार
- 3 min read
Vinod Kambli Health: कभी मैदान पर गेंदबाजों के छक्के छुड़ाने वाले पूर्व भारतीय स्टार क्रिकेटर विनोद कांबली (Vinod Kambli) आज अस्पताल में पड़े हैं। अचानक तबीयत बिगड़ने के कारण कांबली को शनिवार रात ठाणे के आकृति अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उन्हें ICU में रखा गया था और मेडिकल रिपोर्ट में ये सामने आया कि विनोद कांबली के मस्तिष्क में खून के थक्के जमे हुए हैं। ताजा जानकारी के अनुसार उनकी तबीयत में सुधार आई है और उन्होंने अस्पताल से ही अपने फैंस को हेल्थ अपडेट दी है। अस्पताल में लाचार पड़े विनोद कांबली के सामने जब उनके बचपन के दोस्त सचिन तेंदुलकर (Sachin Tendulkar) का जिक्र हुआ तो वो भावुक हो गए।
भारत के महान क्रिकेटर रहे सचिन तेंदुलकर और विनोद कांबली की दोस्ती के बारे में तो सभी जानते हैं। दोनों स्कूल के दिनों से ही एक दूसरे के साथ हैं। सचिन-कांबली ने 1988 में एक स्कूल मैच के दौरान 664 रनों की साझेदारी कर विश्व क्रिकेट में सनसनी मचा दी थी। उसके बाद दोनों का चयन टीम इंडिया में हुआ लेकिन सचिन तेंदुलकर ने सफलता का आसमान छुआ और विनोद कांबली का सफर कुछ दूर तक चलने के बाद समाप्त हो गया था।
सचिन को यादकर भावुक हुए विनोद कांबली
ठाणे के आकृति अस्पताल में भर्ती विनोद कांबली ने एक वीडियो जारी कर अपने हेल्थ के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि अब मैं ठीक हूं। पूर्व क्रिकेटर ने डॉक्टरों का शुक्रिया करते हुए कहा कि इन्हीं की वजह से मैं जिंदा हूं।
अस्पताल से मीडिया से बात करते हुए विनोद कांबली ने खुलासा किया कि उन्होंने अपने बचपन के दोस्त और महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर से उनकी स्वास्थ्य स्थिति के बारे में बात नहीं की है। उन्होंने खुलासा किया कि वह 'मास्टर ब्लास्टर' तक पहुंचने में असमर्थ थे क्योंकि वो लंदन चले गए थे।
भावुक होते हुए विनोद कांबली ने कहा, ''मैं उन्हें नहीं बता पाया क्योंकि वो लंदन चले गए थे, लेकिन उन्हें पता चल गया। आपलोग ही बताए होंगे। मीडिया के जरीय उन्हें पता चला होगा।''
किस बीमारी से पीड़ित हैं विनोद कांबली?
बता दें कि विनोद कांबली को शराब पीने की आदत थी और लंबे समय तक नशे में डूबे रहने के बाद उन्हें शराब से संबंधी कई तरह की बीमारियों से जूझना पड़ रहा है। आलम ये है कि कभी स्पिनरों के खिलाफ आगे बढ़कर शानदार छक्के जड़ने वाले कांबली आज ठीक से अपने पैर पर खड़े भी नहीं हो पा रहे हैं। उनका जो मेडिकल रिपोर्ट सामने आया है वो भी डराने वाला है। पता चला है कि कांबली के दिमाग में खून के थक्के हैं। उम्मीद है कि विनोद कांबली को दो से तीन दिन में अस्पताल से छुट्टी मिल जाएगी। हालांकि उन्हें एक बार फिर से रिहैब के प्रोसेस से गुजरना पड़ सकता है।
इसे भी पढ़ें: बॉक्सिंग डे टेस्ट के लिए ऑस्ट्रेलिया ने Playing XI में किए 2 बड़े बदलाव, ट्रेविस हेड खेलेंगे या नहीं?
Published By : Ritesh Kumar
पब्लिश्ड 25 December 2024 at 08:09 IST