बुमराह या शाहीन, कौन ज्यादा खतरनाक? एक चटकाता है विकेट तो दूसरा नहीं बनाने देता रन, देखें आंकड़ें

IND vs PAK: न्यूयॉर्क की पिच पर तेज गेंदबाजों को ज्यादा सहूलियत मिलेगी। भारत के पास बुमराह जैसा शानदार तेज गेंदबाज है तो पाकिस्तान के पास शाहीन अफरीदी है।

Bumrah vs Shaheen | Image: AP

IND vs PAK: टी20 वर्ल्ड कप 2024 में भारत-पाकिस्तान का महामुकाबला 09 जून को न्यूयॉर्क के नसाउ क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। न्यूयॉर्क की पिच पर तेज गेंदबाजों को ज्यादा सहूलियत मिलेगी।

दोनों ही टीमों के पास तेज गेंदबाजी में एक से बढ़कर एक तोप हैं। टीम इंडिया के पास जसप्रीत बुमराह जैसे शानदार तेज गेंदबाज हैं तो वहीं दूसरी ओर पाकिस्तान के पास शाहीन अफरीदी जैसा गेंदबाज है। इन दोनों गेंदबाजों में कौन बेहतर गेंदबाज है, आइए रिकॉर्ड से जानते हैं-

किस गेंदबाज का पलड़ा भारी?

भारतीय टीम को पाकिस्‍तान के तेज गेंदबाज शाहीन अफरीदी से तो बाबर आजम एंड कंपनी को जसप्रीत बुमराह से सतर्क रहने की जरूरत होगी। ये दोनों ही दिग्‍गज 1 ही ओवर में मैच पलटने का मद्दा रखते हैं। टी20 इंटरनेशनल में दोनों ही गेंदबाजों के प्रदर्शन पर नजर डालें तो एक कंजूसी से गेंदबाजी करता है तो दूसरा जमकर विकेट चटकाता है।

बुमराह के ओवर में रन बनाना आसान नहीं

जसप्रीत बुमराह ने 26 जनवरी 2016 को ऑस्‍ट्रेलिया के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल डेब्‍यू किया था। उन्‍होंने अब तक खेले 63 टी20I मैच की 62 पारियों में 19.22 की औसत और 6.49 की इकॉनमी से 76 विकेट चटकाए हैं। इस फॉर्मेट में बुमराह लगभग हर 18वीं गेंद पर विकेट चटकाते हैं। 3/11 उनका सर्वश्रेष्‍ठ गेंदबाजी प्रदर्शन है।

पहले ओवर में विकेट लेने में एक्सपर्ट शाहीन

दूसरी ओर 3 अप्रैल 2018 को वेस्‍टइंडीज के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल डेब्‍यू करने वाले शाहीन अफरीदी ने इस प्रारूप में अब तक 67 मैच खेले हैं। इस दौरान 67 पारियों में उन्‍होंने 20.72 की औसत और 7.74 की इकॉनमी से 91 सफलताएं प्राप्‍त की हैं। वह इस फॉर्मेट में हर 16 गेंद में 1 शिकार करते हैं। 4/22 इस प्रारूप में उनका सर्वश्रेष्‍ठ प्रदर्शन है।

एक-दूसरे के खिलाफ कैसा है प्रदर्शन

पाकिस्‍तान के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल में बुमराह के प्रदर्शन की बात करें तो उन्‍होंने 3 मैच खेले हैं और 31.00 की औसत से 2 विकेट अपने नाम किए हैं। दूसरी ओर शाहीन ने भारत के खिलाफ अब तक 2 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं और 21.66 की औसत से 3 शिकार किए हैं।

ये भी पढ़ें- पाक के खिलाफ रोहित शर्मा रचने वाले हैं इतिहास, इतने रन बनाते ही तोड़ेंगे दिग्गज बल्लेबाज का रिकॉर्ड - Republic Bharat

 

 

Published By : Shubhamvada Pandey

पब्लिश्ड 9 June 2024 at 16:45 IST