अपडेटेड 3 April 2025 at 13:15 IST
मुंबई छोड़ने वाले हैं सूर्यकुमार यादव? IPL 2025 के बीच इस खबर से मची खलबली, सूर्या ने खुद दिया जवाब
एक रिपोर्ट सामने आई कि सूर्यकुमार यादव अब डोमेस्टिक क्रिकेट में मुंबई का साथ छोड़कर किसी और टीम के लिए खेलने वाले हैं। अब सूर्या ने इसपर चुप्पी तोड़ी है।
टीम इंडिया के स्टार बल्लेबाज और T20I कप्तान सूर्यकुमार यादव फिलहाल आईपीएल 2025 में जलवा बिखेर रहे हैं। बुधवार को सूर्या के बारे में एक खबर फैली जिसने फैंस को हिलाकर रख दिया। IPL में स्टार बल्लेबाज मुंबई इंडियंस के लिए खेलते हैं और घरेलू क्रिकेट में भी वो मुंबई की तरफ से प्रतिनिधित्व करते हैं। बुधवार को एक रिपोर्ट सामने आई कि सूर्यकुमार यादव अब डोमेस्टिक क्रिकेट में मुंबई का साथ छोड़कर किसी और टीम के लिए खेलने वाले हैं।
फैंस ने इस खबर पर यकीन भी कर लिया क्योंकि इससे पहले ये पता चला था कि टीम इंडिया के उभरते हुए सितारे यशस्वी जायसवाल भी आगामी सीजन से मुंबई से रिश्ता तोड़कर गोवा की तरफ से खेलने वाले हैं। यशस्वी ने इसकी जानकारी बोर्ड को भी दे दी है। युवा ओपनर ने एक इंटरव्यू में इस खबर पर पुष्टि भी कर दी है। हालांकि, सूर्यकुमार यादव ऐसा बिल्कुल नहीं करने जा रहे हैं और उनके बारे में फैलाई गई खबर झूठी है।
झूठी खबर पर भड़के सूर्यकुमार यादव
आईपीएल 2025 के बीच ये खबर तेजी से फैल गई कि सूर्यकुमार यादव डोमेस्टिक क्रिकेट में मुंबई से नाता तोड़ने वाले हैं। फैंस के बीच खलबली मचते देख सूर्या ने खुद सोशल मीडिया के जरिए इस खबर को झूठा बता दिया और साथ ही पत्रकार की क्लास भी लगाई।
सूर्यकुमार यादव ने अपने आधिकारिक X हैंडल पर लिखा, ''स्क्रिप्ट राइटर है या जर्नलिस्ट? अगर हंसना है तो मैं कॉमेडी फिल्में देखना बंद कर दूंगा और ये आर्टिकल पढ़ना शुरू कर दूंगा। एकदम बकवास।''
IPL 2025 में सूर्यकुमार यादव का प्रदर्शन
आईपीएल 2025 में मुंबई इंडियंस ने शुरुआती दो मैच गंवाने के बाद जीत का स्वाद चख लिया। हार्दिक पांड्या की अगुवाई वाली टीम ने वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में डिफेंडिंग चैंपियन कोलकाता नाइट राइडर्स को बुरी तरह धो दिया। इस मैच में सूर्यकुमार यादव ने 9 गेंदों पर 27 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली। अभी तक हुए तीन मैचों में सूर्या ने 29, 48 और 27 का स्कोर किया है। मुंबई इंडियंस का अगला मैच 4 अप्रैल को इकाना स्टेडियम में लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ होगा।
इसे भी पढ़ें: Mohammed Siraj: RCB के खिलाफ उगली आग, फिर इमोशनल हो गए मोहम्मद सिराज, कहा- 'जिस टीम के लिए 7 साल...'
Published By : Ritesh Kumar
पब्लिश्ड 3 April 2025 at 13:15 IST