अपडेटेड 23 February 2025 at 20:27 IST

दुबई में गरमाया माहौल, रोहित को आउट कर तेवर दिखा रहे अफरीदी से गिल ने लिया बदला, अगले ओवर में धागा खोल दिया

रोहित शर्मा को आउट कर आंख दिखाने वाले शाहीन अफरीदी को शुभमन गिल ने कहीं का नहीं छोड़ा। अगले ओवर में धागा खोल दिया।

Follow :  
×

Share


शुभमन गिल ने लिया शाहीन अफरीदी से बदला | Image: X

India vs Pakistan: भारत और पाकिस्तान के बीच दुबई में चैंपियंस ट्रॉफी 2025 का 5वां मैच जारी है। पाक कप्तान मोहम्मद रिजवान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला तो किया, लेकिन भारतीय गेंदबाजों के आगे पाकिस्तान के बल्लेबाजों ने घुटने टेक दिए। महज 165 रन पर आधी टीम पवेलियन लौट गई। जैसे-तैसे पाकिस्तान की गाड़ी 241 रनों तक पहुंची।

242 रनों का पीछा करने उतरी टीम इंडिया को कप्तान रोहित शर्मा ने तेज शुरुआत दिलाई। दूसरे ओवर में ही हिटमैन ने नसीम शाह की गेंद पर शानदार छक्का जड़कर स्टेडियम में मौजूद अपनी पत्नी रितिका सहित करोड़ों भारतीय फैंस का दिल जीत लिया। लेकिन, उनकी खुशी ज्यादा देर तक नहीं टिकी क्योंकि रोहित शर्मा एक बार फिर पाकिस्तान के स्टार गेंदबाज शाहीन अफरीदी की अंदर आती गेंद पर चकमा खाकर बोल्ड हो गए।

रोहित को आउट कर अफरीदी ने दिखाए तेवर

रोहित शर्मा को आउट करने के बाद शाहीन अफरीदी की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। उन्होंने अपने स्टाइल में जश्न तो मनाया लेकिन इसी बीच तेवर भी दिखाने लगे। उन्होंने रोहित को आंख भी दिखाई। दूसरी छोर पर खड़े शुभमन गिल ये सबकुछ बड़े आराम से देख रहे थे, लेकिन उनके मन में भी बदला लेने की आग थी। अगले ओवर में शुभमन गिल ने शाहीन अफरीदी के पूरे ओवर में चौकों की बरसात कर पाकिस्तान के धागे खोल दिए।

गिल ने लिया अफरीदी से बदला

रोहित शर्मा को आउट कर आंख दिखाने वाले शाहीन अफरीदी को टीम इंडिया के उभरते हुए सितारे शुभमन गिल ने कहीं का नहीं छोड़ा। पाकिस्तानी गेंदबाज के अगले ओवर में भारतीय ओपनर ने तीन झन्नाटेदार चौके जड़े। उन्होंने इस ओवर में एक से बढ़कर एक आकर्षक शॉट्स खेला। रोहित को आउट करने के बाद शाहीन अफरीदी की जमकर पिटाई हुई और उन्होंने अपने 5 ओवर में 43 रन लुटा दिए।

विराट कोहली ने रचा इतिहास

रोहित शर्मा के आउट होने के बाद बैटिंग करने उतरे स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ने इतिहास रच दिया। उन्होंने अपने ODI करियर में 14000 रन पूरे कर लिए। इस मुकाम तक पहुंचने वाले कोहली दुनिया के सबसे तेज बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने 287 पारी में ये कारनामा किया। इससे पहले ये रिकॉर्ड मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर के नाम था जिन्होंने 350 पारियों में ये उपलब्धि हासिल की थी। बता दें कि विराट कोहली वनडे में 14000 रन बनाने वाले दुनिया के सिर्फ तीसरे बल्लेबाज हैं। इस लिस्ट में सचिन और श्रीलंका के कुमार संगाकारा का नाम शामिल है। 

इसे भी पढ़ें: India vs Pakistan: भारत से हारकर भी सेमीफाइनल में पहुंच सकता है पाकिस्तान? समझें पूरा समीकरण



 

Published By : Ritesh Kumar

पब्लिश्ड 23 February 2025 at 20:27 IST