अपडेटेड 7 February 2026 at 23:20 IST

कौन हैं अमेरिका के तेज गेंदबाज शैडली वैन? वानखेड़े स्टेडियम में मचाया 'कहर'; एक ओवर में ही भारत के 3 खिलाड़ियों को भेजा पवेलियन

मुंबई के ऐतिहासिक वानखेड़े स्टेडियम में 7 फरवरी 2026 को खेले गए टी20 वर्ल्ड कप के रोमांचक मुकाबले में एक ऐसा चेहरा उभरकर सामने आया, जिसने क्रिकेट दुनिया को हैरान कर दिया।

Follow :  
×

Share


Shadley van Schalkwyk | Image: AP

Who is Shadley van Schalkwyk? मुंबई के ऐतिहासिक वानखेड़े स्टेडियम में 7 फरवरी 2026 को खेले गए टी20 वर्ल्ड कप के रोमांचक मुकाबले में एक ऐसा चेहरा उभरकर सामने आया, जिसने क्रिकेट दुनिया को हैरान कर दिया। बेसबॉल खेलने वाले USA के एक तेज गेंदबाज ने महज 25 रन देकर 4 बड़े विकेट अपने नाम किए। 

जिस पिच पर भारतीय गेंदबाजों को मदद की उम्मीद थी, वहां दाएं हाथ के गेंदबाज ने अपनी सटीकता और गति परिवर्तन से तिलक वर्मा, ईशान किशन और शिवम दुबे जैसे आक्रामक बल्लेबाजों को पवेलियन का रास्ता दिखा दिया। 

एक ही ओवर में तीन को भेजा पवेलियन

मैच से पहले भले ही चर्चा सौरभ नेत्रवलकर की थी, लेकिन खेल खत्म होने तक हर जुबान पर 37 साल के गेंदबाज शैडली वैन शल्कविक का नाम था। भारतीय पारी का छठा ओवर इस मुकाबले का टर्निंग पॉइंट साबित हुआ। 

शल्कविक ने अपने इस स्पेल की दूसरी ही गेंद पर ईशान किशन को आउट कर भारत को पहला बड़ा झटका दिया। इसके बाद ओवर की पांचवीं हीं गेंद पर उन्होंने तिलक वर्मा को कप्तान मोनांक पटेल के हाथों कैच कराया और अगली गेंद पर शिवम दुबे को अपनी जादुई 'स्लोअर' बॉल पर शून्य पर आउट कर दिया। एक ओवर में ही तीन विकेट लेकर शल्कविक ने भारतीय टीम को बैकफुट पर ला दिया।

लगातार दो गेंदों पर दो विकेट लेकर शल्कविक हैट्रिक की दहलीज पर थे, हालांकि इसके बाद भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने किसी तरह पारी को संभाला और भारत को 161 रनों के अच्छे स्कोर तक ले जाने में सफल हुए।

कौन हैं शैडली वैन शल्कविक?

शैडली वैन शल्कविक का जन्म साउथ अफ्रीका के केपटाउन में हुआ था और उनका क्रिकेटिंग डीएनए पूरी तरह से दक्षिण अफ्रीकी है। उन्होंने साल 2008 में वेस्टर्न प्रोविंस के लिए घरेलू क्रिकेट में डेब्यू किया था। साउथ अफ्रीका के घरेलू सर्किट में उनका रिकॉर्ड बेहद शानदार रहा है, जहां उन्होंने 97 फर्स्ट क्लास मैचों में 239 विकेट चटकाए और 2500 से अधिक रन भी बनाए। वह एक ऑलराउंडर के रूप में पहचाने जाते थे। 

हालांकि, बेहतरीन रिकॉर्ड के बावजूद उन्हें कभी दक्षिण अफ्रीका की नेशनल टीम (प्रोटियाज) के लिए जर्सी पहनने का मौका नहीं मिला। इसके बाद करियर के अंतिम पड़ाव में उन्होंने एक नई शुरुआत की तलाश में अमेरिका का रुख किया।

बड़े मंच पर खुद को किया साबित

यूएसए के लिए अब तक 13 वनडे और 15 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेल चुके शल्कविक ने भारत के खिलाफ इस प्रदर्शन से साबित कर दिया है कि उनके पास आज भी बड़े बल्लेबाजों को परेशान करने की क्षमता है। 37 साल की उम्र में भी उनकी फिटनेस और गेम के प्रति समझ युवा गेंदबाजों को मात देती है।

ये भी पढ़ें:  IND vs USA T20: सूर्य के 'तेज' ने छुड़ाए पसीने, फिर अक्षर-अर्शदीप-सिराज ने USA के खेमे में मचाया 'गदर'... भारत ने अमेरिका को 29 रनों से हराया
 

Published By : Kunal Verma

पब्लिश्ड 7 February 2026 at 23:16 IST