Sachin Tendulkar celebrates 53rd Birthday: क्रिकेट के 'भगवान' का 53वां जन्मदिन आज, सोशल मीडिया पर शेयर की खास फोटो और लिखा - 'एक आदमी को और क्या चाहिए?'

Sachin Tendulkar celebrates 53rd Birthday: क्रिकेट जगत के बेताज बादशाह और करोड़ों दिलों की धड़कन, 'मास्टर ब्लास्टर' सचिन रमेश तेंदुलकर आज अपना 53वां जन्मदिन मना रहे हैं। यह सिर्फ एक खिलाड़ी का जन्मदिन नहीं, बल्कि भारत के लिए एक उत्सव के समान है। खेल के मैदान से संन्यास लेने के सालों बाद भी, सचिन के प्रति प्रशंसकों की दीवानगी रत्ती भर भी कम नहीं हुई है।

Follow :  
×

Share


Sachin Tendulkar celebrates 53rd Birthday | Image: Meta AI

Sachin Tendulkar celebrates 53rd Birthday:  भारतीय क्रिकेट के इतिहास में एक ऐसा नाम जिसे शब्दों में बांधना मुमकिन नहीं है। 'सचिन रमेश तेंदुलकर'आज यानी 24 अप्रैल 2026 को 'क्रिकेट के भगवान' अपना 53वां जन्मदिन मना रहे हैं। मुंबई की गलियों से निकलकर क्रिकेट की दुनिया के शिखर तक पहुंचने वाले सचिन का सफर केवल रनों और शतकों का नहीं, बल्कि समर्पण और सादगी की एक प्रेरणादायक कहानी है।

सादगी भरा जश्न और 'आई' का आशीर्वाद और पत्नी का प्यार

सचिन तेंदुलकर की सबसे बड़ी खूबी उनकी विनम्रता रही है। आज भी उन्होंने अपने दिन की शुरुआत बेहद पारंपरिक और भावुक तरीके से की। हर साल की तरह, उन्होंने अपनी मां का आशीर्वाद लिया और सोशल मीडिया पर एक प्यारी सी तस्वीर साझा की।
तस्वीर के साथ सचिन ने लिखा कि ' मेरे दिन की शानदार शुरुआत अपनी आई, अंजलि और ट्रबल मेकर (उनका डॉग) के साथ। आखिर एक इंसान इससे ज्यादा और क्या मांग सकता है!'

हाल ही में दंतेवाड़ा में एक कार्यक्रम के दौरान भी उन्होंने अपनी पत्नी अंजलि तेंदुलकर के साथ केक काटकर प्री-बर्थडे सेलिब्रेट किया था। सचिन अक्सर कहते हैं कि उनकी सफलता में उनके फैंस की प्रार्थनाओं का बड़ा हाथ है, और आज भी उन्होंने अपने प्रशंसकों से मुलाकात कर उन्हें ऑटोग्राफ दिए।

रिकॉर्ड्स का वो हिमालय जिसे छूना नामुमकिन है

1989 में जब 16 साल का एक घुंघराले बालों वाला लड़का पाकिस्तान की सरजमीं पर तेज गेंदबाजों का सामना करने उतरा, तो किसी को अंदाजा नहीं था कि वो इतिहास लिखने जा रहा है। सचिन भारत के लिए डेब्यू करने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बने और वहां से जो सिलसिला शुरू हुआ, उसने क्रिकेट के हर रिकॉर्ड को ध्वस्त कर दिया। सचिन तेंदुलकर ने 200 टेस्ट मैचों में 15921 रन के साथ अपने टेस्ट करियर का अंत किया। उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में 51 शतक जड़े। उन्होंने 463 वनडे में 18426 रन बनाए। सचिन ने वनडे क्रिकेट में 49 शतक लगाए। इस तरह उन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट करियर में 100 शतक लगाए। सचिन ने 2013 में वेस्टइंडीज के खिलाफ अपना अंतिम टेस्ट मैच खेलकर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से रिटायरमेंट लिया था।

ये भी पढ़ें - PM Modi Kolkata: नाव पर बैठे, नाविक को गले लगाया... PM मोदी ने हुगली नदी में किया नौका विहार, इस तस्वीर ने जीता सबका दिल

Published By : Aarya Pandey

पब्लिश्ड 24 April 2026 at 13:10 IST