अपडेटेड 8 February 2026 at 18:21 IST
'पागल है क्या? फील्डिंग कर', अमेरिका के खिलाफ मैच में टॉस के बीच रोहित शर्मा की ओर भागे कप्तान सूर्या, फिर... देखिए दिल छूने वाला VIDEO
Rohit-Surya Viral Video: मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में भारत और अमेरिका के बीच खेले गए मुकाबले से पहले एक बेहद मजेदार वाकया हुआ। कप्तान सूर्यकुमार यादव टॉस से ठीक पहले सलाह लेने के लिए रोहित शर्मा की ओर दौड़े, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल है।
Rohit-Surya Viral Video: ICC टी20 विश्व कप 2026 में भारत और अमेरिका के मैच से ठीक पहले एक ऐसा वाकया देखने को मिला, जिसने करोड़ों क्रिकेट फैंस का दिल जीत लिया। दरअसल, टॉस के लिए मैदान पर मौजूद कप्तान सूर्यकुमार यादव अचानक प्रोटोकॉल भूलकर बाउंड्री लाइन पर खड़े पूर्व कप्तान रोहित शर्मा की ओर दौड़ते हुए दिखे।
इसके बाद दोनों के बीच हुई मजेदार बातचीत ने यह साबित कर दिया कि भले ही कप्तानी की बागडोर बदल गई हो, लेकिन दोनों के बीच का रिश्ता आज भी उतना ही गहरा और मस्ती भरा है।
सूर्या ने हड़बड़ाहट में पूछा, ‘जल्दी बोलो…’
दरअसल, इंडिया और USA के बीच मैच शुरू होने से ठीक पहले जब दोनों टीमों के कप्तान टॉस के लिए मैदान पर जमा हुए, तब सूर्यकुमार यादव दौड़ते हुए रोहित शर्मा के पास गए, जो उनसे थोड़ी दूरी पर थे। उन्होंने मुस्कुराकर और थोड़ी हड़बड़ाहट में रोहित से सलाह मांगते हुए पूछा, 'जल्दी बोलो, बैटिंग करूं या बॉलिंग?'
इसपर रोहित शर्मा, जो अपनी बेबाक और मजाकिया बातचीत के लिए भी जाने जाते हैं, उन्होंने बिना देरी किए अपने ठेठ मुंबईया अंदाज में कहा, "फील्डिंग कर, पागल है क्या?" रोहित का यह जवाब सुनकर वहां मौजूद सभी लोग ठहाके लगाकर हंस पड़े। यहीं नहीं यह जवाब कैमरे में भी कैद हो गया और देखते ही देखते सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
ICC एंबेसडर के रूप में रोहित शर्मा
रोहित शर्मा के लिए यह शाम कई मायनों में भावनात्मक थी। क्योंकि अपने घरेलू मैदान वानखेड़े स्टेडियम में वे आईसीसी के ग्लोबल एंबेसडर के रूप में मौजूद थे। मैच की शुरुआत से पहले, पिछले संस्करण के विजेता कप्तान होने के नाते, रोहित को टी20 विश्व कप की ट्रॉफी मैदान पर लाने का भी गौरव प्राप्त हुआ। जैसे ही रोहित ट्रॉफी लेकर पिच की ओर बढ़े, पूरा स्टेडियम 'रोहित-रोहित' के नारों से गूंज उठा। उनकी उपस्थिति ने भारतीय टीम के लिए एक 'लकी चार्म' का काम किया और फैंस को पिछले साल की विश्व कप जीत की यादें ताजा कर दीं।
कप्तानी बदली, पर रिश्ता नहीं
मैदान पर हुई इस छोटी सी हंसी-मजाक ने यह साबित कर दिया कि भले ही टीम इंडिया की कप्तानी की कमान अब सूर्यकुमार यादव के हाथों में हो, लेकिन रोहित शर्मा आज भी टीम के लिए एक मार्गदर्शक की भूमिका में हैं। सूर्या और रोहित की इस केमिस्ट्री ने प्रशंसकों को यह दिखाया कि टीम इंडिया के भीतर का माहौल कितना हल्का-फुल्का और सकारात्मक है।
फैंस बोले, ‘यही है असली टीम बॉन्डिंग’
टॉस के दौरान हुई इस मजेदार बातचीत का वीडियो वायरल होते ही फैंस ने अपनी प्रतिक्रियाओं की बाढ़ ला दी। कुछ ने इसे ‘मुंबई इंडियंस के पुराने दिनों की याद’ बताया, तो कुछ ने रोहित की 'हाजिरजवाबी' की तारीफ की। वानखेड़े की यह शाम न केवल भारत की अमेरिका पर शानदार जीत के लिए, बल्कि रोहित और सूर्या के इस अटूट और मस्ती भरे रिश्ते के लिए भी हमेशा याद रखी जाएगी।
Published By : Kunal Verma
पब्लिश्ड 8 February 2026 at 18:21 IST