अपडेटेड 24 July 2025 at 19:52 IST
Rishabh Pant ने टूटे पैर से छक्का जड़ तोड़ा धोनी-रोहित-विव रिचर्ड्स का रिकॉर्ड, ये पारी हमेशा रहेगी याद
Rishabh Pant Records: ऋषभ पंत अब पूर्व धाकड़ बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग के साथ टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्के जड़ने वाले भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं। दोनों के नाम इस फॉर्मेट में 90 सिक्स हैं।
इंग्लैंड के खिलाफ मैनचेस्टर में चल रहे चौथे टेस्ट को दुनियाभर के फैंस ऋषभ पंत की बहादुरी के लिए याद रखेंगे। पहले दिन बैटिंग के दौरान उन्हें गंभीर चोट लगी थी। इंग्लिश गेंदबाज क्रिस वोक्स की गेंद पर उनके दाहिने पैर पर चोट लगी। वो काफी दर्द में थे और उन्हें एम्बुलेंस से बाहर ले जाया गया। पैर में सूजन को देखते हुए ऐसा नहीं लगा था कि वो इस मैच में बैटिंग करने आएंगे, लेकिन ऋषभ पंत दूसरे दिन बल्लेबाजी करने उतरे और कई बड़े रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया।
ऋषभ पंत अब पूर्व धाकड़ बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग के साथ टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्के जड़ने वाले भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं। दोनों के नाम इस फॉर्मेट में 90 सिक्स हैं। ऋषभ पंत ने हाल ही में टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने वाले स्टार बल्लेबाज रोहित शर्मा को भी पीछे छोड़ दिया जिनके नाम टेस्ट में 88 छक्के हैं।
ऋषभ पंत ने तोड़ा विव रिचर्ड्स का रिकॉर्ड
सिर्फ रोहित शर्मा ही नहीं ऋषभ पंत ने वेस्टइंडीज के पूर्व महान बल्लेबाज विव रिचर्ड्स को भी पीछे छोड़ दिया। रिचर्ड्स ने इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट में 34 सिक्स लगाए थे। पंत के नाम अब अंग्रेजों के खिलाफ 38 छक्के हो चुके हैं।
टेस्ट में किसी प्रतिद्वंद्वी के खिलाफ सर्वाधिक छक्के
39 - बेन स्टोक्स बनाम ऑस्ट्रेलिया
38 - ऋषभ पंत बनाम इंग्लैंड
34 - विव रिचर्ड्स बनाम इंग्लैंड
30 - बेन स्टोक्स बनाम दक्षिण अफ्रीका
30 - टिम साउदी बनाम इंग्लैंड
28 - यशस्वी जयसवाल बनाम इंग्लैंड
28 - इमरान खान बनाम भारत
धोनी के रिकॉर्ड को किया ध्वस्त
ऋषभ पंत अब SENA देशों में (साउथ अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया) सबसे अधिक 50+ स्कोर बनाने वाले एशियाई विकेट कीपर बन गए हैं। इस मामले में उन्होंने भारत के पूर्व महान खिलाड़ी एमएस धोनी को पीछे छोड़ दिया, जिन्होंने SENA देशों में 13 50+ स्कोर बनाए थे।
WTC में भारत के लिए सबसे ज्यादा रन
ऋषभ पंत ने मैनचेस्टर टेस्ट की पहली पारी में 54 रनों की साहसी पारी खेलकर रोहित शर्मा को भी पीछे छोड़ दिया। पंत अब WTC में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं।
विश्व टेस्ट चैंपियनशिप में भारत के लिए सर्वाधिक रन
2717- ऋषभ पंत (67 पारी)
2716 - रोहित शर्मा (69 पारी)
2617 - विराट कोहली (79 पारी)
2512 - शुभमन गिल (66 पारी)
2232 - रवींद्र जडेजा (65 पारी)
ऋषभ पंत अब किसी एक टेस्ट सीरीज में सबसे अधिक 50+ स्कोर बनाने वाले भारतीय विकेट कीपर बल्लेबाज बन गए हैं। इंग्लैंड के खिलाफ चल रहे सीरीज में उन्होंने 5वीं बार पचास का आंकड़ा क्रॉस किया। इससे पहले एमएस धोनी ने एक टेस्ट सीरीज में 4 और पूर्व भारतीय विकेट कीपर फारुख इंजिनियर ने भी एक टेस्ट सीरीज में 4 बार 50 + स्कोर बनाया था।
इसे भी पढ़ें: टूटे अंगूठे के साथ लंगड़ाते हुए बैटिंग करने आए 'बहादुर' ऋषभ पंत, फिर अंग्रेजों ने जो किया वो VIRAL है
Published By : Ritesh Kumar
पब्लिश्ड 24 July 2025 at 19:52 IST