अपडेटेड 4 December 2024 at 06:43 IST
जब पूरी दुनिया ने पृथ्वी शॉ को छोड़ा अकेला, इंग्लैंड के दिग्गज खिलाड़ी ने दी सलाह- सोशल मीडिया से...
पहले टीम इंडिया से ड्रॉप हुए, उसके बाद रणजी में मुंबई की टीम ने उन्हें अनफिट कहकर ड्रॉप कर दिया और अंत में आईपीएल 2025 ऑक्शन में पृथ्वी शॉ अनसोल्ड रह गए।
Prithvi Shaw: पहले टीम इंडिया से ड्रॉप हुए, उसके बाद रणजी में मुंबई की टीम ने उन्हें अनफिट कहकर ड्रॉप कर दिया और अंत में आईपीएल 2025 ऑक्शन में पृथ्वी शॉ अनसोल्ड रह गए। शॉ को अपनी इस स्थिति के बारे में शायद पता था इसीलिए उन्होंने अपना बेस प्राइज 75 लाख ही रखा था।
लेकिन 75 लाख बेस प्राइज होने के बावजूद पृथ्वी शॉ को आईपीएल ऑक्शन में किसी ने खरीदने में दिलचस्पी नहीं दिखाई। पूरी दुनिया ने जब पृथ्वी शॉ की अनदेखी की तो इंग्लैंड के पूर्व क्रिकेटर केविन पीटरसन ने उनको दो ऐसी सलाह दी। जिसे अगर पृथ्वी ने अपना लिया तो उनका जीवन दोबारा से संवर सकता है।
केविन पीटरसन ने दी पृथ्वी शॉ को सलाह
पीटरसन ने पृथ्वी की प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि उन्हें अपनी ऊर्जा फिट होने में लगानी चाहिए और अगर उन्हें एक बार फिर सफलता का स्वाद चखना है तो सोशल मीडिया से दूर रहना चाहिए। पीटरसन ने ‘एक्स’ पर ट्वीट करते हुए लिखा,
''खेल में वापसी की कुछ बेहतरीन कहानियां हैं। अगर पृथ्वी शॉ के आसपास अच्छे लोग हैं जो उनकी सफलता की परवाह करते हैं तो वे उन्हें सोशल मीडिया से दूर रहने और पूरी तरह से फिट होने के लिए ट्रेनिंग करने को कहेंगे। यह उसे सही रास्ते पर वापस ले आएगा, जहां पिछली सफलता वापस हासिल की जा सकती है। वह बहुत प्रतिभाशाली हैं।''
सैय्यद मुश्ताक ट्रॉफी में कुछ खास नहीं कर पा रहे पृथ्वी
हाल में शॉ को अधिक वजन और अनफिट होने के कारण मुंबई रणजी टीम से बाहर कर दिया गया था। उनकी सैयद मुश्ताक अली टी20 टूर्नामेंट में वापसी हुई लेकिन अभी तक कुछ खास नहीं कर पाए हैं। भारत की 2018 अंडर-19 विश्व कप विजेता टीम के कप्तान पृथ्वी को भारतीय क्रिकेट के अगले स्टार के रूप में देखा जा रहा था और छह सत्र पहले टेस्ट पदार्पण पर शतक लगाने के बाद उनसे उम्मीदें बढ़ गई थीं। भारत के पूर्व वनडे विशेषज्ञ मोहम्मद कैफ सहित कई लोगों को लगता है कि उनके मैदान के बाहर के व्यक्तित्व ने निश्चित रूप से उनके मैदानी खेल को प्रभावित किया है।
Published By : Shubhamvada Pandey
पब्लिश्ड 4 December 2024 at 06:43 IST