अपडेटेड 12 October 2025 at 07:17 IST
NAM vs SA: T20 इतिहास सबसे बड़ा उलटफेर, पहली बार घर पर खेल रही टीम ने साउथ अफ्रीका को रौंदा, आखिरी गेंद पर हुआ खेला
South Africa vs Namibia: नामीबिया ने T20I इतिहास का हैरतअंगेज उलटफेर कर दिया है। अपने होम ग्राउंड पर नामीबिया ने 2023 टी20 वर्ल्ड कप के रनर-अप साउथ अफ्रीका को 4 विकेट से हराकर इतिहास रच दिया।
South Africa vs Namibia: नामीबिया ने T20I इतिहास का हैरतअंगेज उलटफेर कर दिया है। अपने होम ग्राउंड पर नामीबिया ने 2023 टी20 वर्ल्ड कप के रनर-अप साउथ अफ्रीका को 4 विकेट से हराकर इतिहास रच दिया। विंडहोक के वांडरर्स क्रिकेट ग्राउंड पर खेले गए मुकाबले में साउथ अफ्रीका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 134 रन बनाए। इसके जवाब में नामीबिया ने आखिरी गेंद पर चौका लगाकर जीत हासिल की। नामीबिया के लिए ये जीत इसलिए भी ऐतिहासिक है, क्योंकि वो पहली बार अपने घर पर इंटरनेशनल मुकाबला खेल रहे थे।
आईसीसी एसोसिएशन के सदस्य नामीबिया ने इस टी-20 मैच से पहले दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ किसी भी प्रारूप में कोई अंतरराष्ट्रीय मैच नहीं खेला था। शायद ही किसी ने उम्मीद की होगी कि पहली ही मुलाकात में नामीबिया टीम साउथ अफ्रीका को ऐसा दर्द देगी, जिसे वो कभी नहीं भूल पाएगा।
नामीबिया ने दक्षिण अफ्रीका को हराकर रचा इतिहास
नामीबिया में पहली बार किसी अंतरराष्ट्रीय मैच का आयोजन हो रहा था। विंडहोक के वांडरर्स क्रिकेट ग्राउंड पर दर्शक बड़े तादाद में पहुंचे थे। साउथ अफ्रीका ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया, लेकिन उनके बल्लेबाजों ने बेहद निराशाजनक प्रदर्शन किया। महज 82 रन पर 7 विकेट खोने के बाद टीम किसी तरह 134 रन बनाने में सफल रही। नामीबिया की तरफ से रूबेन ट्रम्पेलमैन ने सबसे अधिक 3 विकेट चटकाए।
नामीबिया ने आखिरी गेंद पर मारी बाजी
नामीबिया के सामने 135 रनों का लक्ष्य था। साउथ अफ्रीकी गेंदबाज आसानी से हार मानने को तैयार नहीं थे। उन्होंने मैच में वापसी की और 84 रन पर नामीबिया की आधी टीम पवेलियन लौट गई। नंबर-7 पर बल्लेबाजी करने उतरे विकेट कीपर बल्लेबाज जेन ग्रीन ने समझदारी से बैटिंग की और अपनी टीम को जीत के करीब लेकर गए।
आखिरी ओवर में 11 रनों की दरकार थी। पहली गेंद पर भी ग्रीन ने छक्का जड़कर स्टेडियम में मौजूद दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। अगली चार गेंदों पर 4 रन आए। अब आखिरी बॉल पर एक रन की जरूरत थी। जेन ग्रीन ने लेग साइड की दिशा में जबरदस्त चौका लगाया और दक्षिण अफ्रीका के जबड़े से जीत छीन ली। बता दें कि यह दूसरी बार है जब दक्षिण अफ्रीका को टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में किसी एसोसिएट देश से हार का सामना करना पड़ा है। इससे पहले 2022 विश्व कप में नीदरलैंड ने बड़ा उलटफेर किया था।
इसे भी पढ़ें: IND vs WI: Ravindra Jadeja ने अपनी फिरकी से बल्लेबाजों को नचाया, 3 विकेट लेकर तोड़ी वेस्टइंडीज टीम की कमर
Published By : Ritesh Kumar
पब्लिश्ड 12 October 2025 at 07:17 IST