अपडेटेड 31 August 2025 at 13:18 IST
BCCI ने धोनी को लगाया फोन, उठाया या नहीं? मनोज तिवारी ने बताई 'गंभीर' समस्या तो फैंस हुए हैरान, जानें पूरा मामला
मीडिया रिपोर्ट में ये दावा किया जा रहा है कि अगले साल होने वाले टी20 वर्ल्ड कप से पहले बीसीसीआई एमएस धोनी को बड़ी जिम्मेदारी देना चाहती है। हालांकि, इस खबर पर आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं हुई है। पूर्व भारतीय खिलाड़ी मनोज तिवारी ने इसपर मजेदार रिएक्शन दिया है।
एशिया कप 2025 के आगाज से पहले एक ऐसी खबर सामने आई है जिसने भारतीय फैंस को खुश कर दिया है। कई मीडिया रिपोर्ट में ये दावा किया जा रहा है कि अगले साल होने वाले टी20 वर्ल्ड कप से पहले बीसीसीआई एमएस धोनी को बड़ी जिम्मेदारी देना चाहती है। हालांकि, इस खबर पर आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं हुई है।
सोशल मीडिया पर ऐसी अफवाह उड़ाई जा रही है कि पूर्व कप्तान एमएस धोनी टीम इंडिया के मेंटॉर बन सकते हैं। अब माही की कप्तानी में खेले पूर्व भारतीय बल्लेबाज मनोज तिवारी ने इस दावे पर मजेदार रिएक्शन देकर सबका ध्यान अपनी तरफ खींचा है। उन्होंने एक 'गंभीर' समस्या के बारे में भी बात की है।
एमएस धोनी को BCCI ने दिया ऑफर?
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में एमएस धोनी को मेंटॉर बनाना बीसीसीआई का एक स्मार्ट कदम हो सकता है। ऐसा इसलिए क्योंकि इस बार मेगा इवेंट में रोहित शर्मा और विराट कोहली जैसे अनुभवी खिलाड़ी नहीं होंगे। पूर्व भारतीय क्रिकेटर मनोज तिवारी ने इन अफवाहों पर रिएक्शन दिया और एक तरीके से माही पर तंज भी कसा।
मनोज तिवारी ने एएनआई से कहा, ''ये तो वक्त ही बताएगा। उन्हें ऑफर तो मिल गया है। वो फोन उठाए हैं ना? क्योंकि उनसे फोन पर बात करना मुश्किल है। उनके मैसेज का जवाब भी बहुत कम आता है, कई खिलाड़ी ये कह चुके हैं। वो मैसेज पढ़ेंगे या नहीं? हमें नहीं पता।''
बता दें कि इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद एमएस धोनी सिर्फ आईपीएल में नजर आते हैं। इसके अलावा वो अपनी निजी जिंदगी के बारे में ज्यादा अपडेट नहीं देते। चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान सोशल मीडिया पर भी बहुत कम सक्रिय रहते हैं।
धोनी-गंभीर साथ में करेंगे काम?
ये भी देखना दिलचस्प होगा कि एमएस धोनी टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर के रहते हुए ये रोल करने को राजी होते हैं या नहीं। दोनों के रिश्ते को लेकर सोशल मीडिया पर अक्सर बहस छिड़ती रहती है। गंभीर ने कई इंटरव्यू में कहा है कि 2011 वर्ल्ड कप जीतने में सभी खिलाड़ियों की भूमिका थी, लेकिन ज्यादातर क्रेडिट सिर्फ धोनी को दिया गया जो गलत है।
मनोज तिवारी ने इसी रिश्ते को ध्यान में रखते और तंज कसते हुए कहा कि पहली बात तो यह है कि वह इस भूमिका को स्वीकार करेंगे या नहीं। मेरे लिए यह अनुमान लगाना बहुत मुश्किल है कि उनका क्या प्रभाव पड़ेगा। एक कप्तान और एक खिलाड़ी के रूप में उनका अनुभव बहुत उपयोगी होगा, क्योंकि आज उभरते हुए नए खिलाड़ी और भारतीय टीम के उभरते सितारे उन्हें बहुत सम्मान देते हैं। इसके अलावा एमएस धोनी और गौतम गंभीर की जोड़ी भी देखने लायक होगी।
धोनी पहले भी निभा चुके हैं मेंटॉर का रोल
बता दें कि इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास के बाद एमएस धोनी 2021 में टीम इंडिया से जुड़े थे। टी20 वर्ल्ड के लिए उन्हें बीसीसीआई ने मेंटॉर बनाया था। हालांकि, ये दांव फ्लॉप साबित हुआ क्योंकि विराट कोहली की अगुवाई वाली टीम ग्रुप स्टेज से ही बाहर हो गई थी।
इसे भी पढ़ें: 12 गेंद पर 11 छक्के... भारत को मिल गया दूसरा युवराज! कौन हैं सलमान निजार? जिन्होंने एक ओवर में मारे 38 रन
Published By : Ritesh Kumar
पब्लिश्ड 31 August 2025 at 13:18 IST