IPL 2026 के बाद कई दिग्गज खिलाड़ियों का खत्म हो सकता है सफर, एक टीम का कप्तान भी लिस्ट में शामिल
IPL 2026: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 अब अपने अंतिम चरण में पहुंच चुका है। इस सीजन जहां कई युवा खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर सुर्खियां बटोरीं, वहीं कुछ बड़े नाम उम्मीदों पर खरे नहीं उतर सके।
IPL 2026: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 अब अपने अंतिम चरण में पहुंच चुका है। इस सीजन जहां कई युवा खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर सुर्खियां बटोरीं, वहीं कुछ बड़े नाम उम्मीदों पर खरे नहीं उतर सके। खराब फॉर्म, बढ़ती उम्र और टीम कॉम्बिनेशन की वजह से कुछ खिलाड़ियों का अगला सीजन खेलना मुश्किल माना जा रहा है। आइए जानते हैं उन 5 खिलाड़ियों के बारे में, जो शायद अगले आईपीएल सीजन में नजर न आएं।
लियाम लिविंगस्टोन
इंग्लैंड के विस्फोटक बल्लेबाज लियाम लिविंगस्टोन का यह सीजन बेहद खराब रहा। सनराइजर्स हैदराबाद ने उन्हें बड़ी रकम देकर टीम में शामिल किया था, लेकिन वह उम्मीदों पर खरे नहीं उतर पाए। पूरे सीजन में उनका बल्ला शांत रहा और इंग्लैंड की राष्ट्रीय टीम से भी वह बाहर चल रहे हैं। लगातार गिरते प्रदर्शन को देखते हुए माना जा रहा है कि अगले सीजन में उन्हें कोई टीम मौका न दे।
महेंद्र सिंह धोनी
IPL इतिहास के सबसे सफल कप्तानों में शामिल महेंद्र सिंह धोनी के भविष्य को लेकर लगातार चर्चाएं हो रही हैं। चेन्नई सुपर किंग्स के लिए धोनी इस सीजन मैदान पर नजर नहीं आए। जुलाई में वह 45 साल के हो जाएंगे और ऐसे में उनका अगला IPL खेलना बेहद मुश्किल माना जा रहा है। CSK अब भविष्य की टीम तैयार करने पर ध्यान दे रही है।
अजिंक्य रहाणे
कोलकाता नाइट राइडर्स के कप्तान अजिंक्य रहाणे का प्रदर्शन इस सीजन औसत रहा। उन्होंने कुछ अच्छी पारियां जरूर खेलीं, लेकिन उनका स्ट्राइक रेट और निरंतरता टीम की अपेक्षाओं के मुताबिक नहीं रही। बढ़ती उम्र और टी20 क्रिकेट की बदलती शैली को देखते हुए उनका IPL करियर अब अंतिम दौर में माना जा रहा है।
शार्दुल ठाकुर
मुंबई इंडियंस के लिए खेल रहे शार्दुल ठाकुर गेंदबाजी में काफी महंगे साबित हुए। उन्हें कई मैचों में मौका मिला, लेकिन उनकी इकॉनमी टीम के लिए चिंता का विषय बनी रही। ऐसे में अगले सीजन में मुंबई इंडियंस उन्हें रिलीज कर सकती है।
इशांत शर्मा
भारतीय टीम के अनुभवी तेज गेंदबाज इशांत शर्मा का करियर अब ढलान पर नजर आ रहा है। गुजरात टाइटन्स में शामिल होने के बावजूद उन्हें इस सीजन ज्यादा मौके नहीं मिले। टीम का संतुलन अच्छा होने की वजह से उनकी वापसी मुश्किल दिख रही है। ऐसे में अगले IPL सीजन में उनका नाम ऑक्शन में भी नजर न आए, तो हैरानी नहीं होगी।
Published By : Shashank Kumar
पब्लिश्ड 17 May 2026 at 15:06 IST