Shreyas Iyer: आज मैदान पर कदम रखते ही श्रेयस अय्यर लगा देंगे ‘सेंचुरी’, धोनी-कोहली और रोहित के साथ खास क्लब में हो जाएंगे शामिल
Shreyas Iyer PBKS vs RCB: पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ मैदान पर उतरते ही आईपीएल में बतौर कप्तान अपने 100 मैच पूरे कर लेंगे।
- खेल समाचार
- 3 min read

Shreyas Iyer 100th IPL Match: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 का रोमांच अपने चरम पर है और आज दोपहर धर्मशाला के खूबसूरत मैदान पर पंजाब किंग्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीमें आमने-सामने होंगी। यह मुकाबला पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर के लिए बेहद खास होने वाला है। श्रेयस अय्यर जैसे ही आज टॉस के लिए मैदान पर कदम रखेंगे, वैसे ही उनके नाम एक ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज हो जाएगी।
वह IPL के इतिहास में बतौर कप्तान 100 मैच खेलने वाले दुनिया के पांचवें खिलाड़ी बन जाएंगे। उनसे पहले केवल 4 दिग्गज कप्तानों ने ही इस जादुई आंकड़े को छुआ है, जिससे श्रेयस का नाम अब बड़े दिग्गजों के साथ लिया जाएगा।
प्लेऑफ की रेस के लिए पंजाब के लिए जीत जरूरी
श्रेयस अय्यर की कप्तानी में पंजाब किंग्स ने इस सीजन की शुरुआत बेहद धमाकेदार अंदाज में की थी। शुरुआती मैचों में दमदार प्रदर्शन की बदौलत ही टीम लगातार पांच मैच हारने के बाद भी अंक तालिका में टॉप-4 में बनी हुई है। हालांकि, अब पंजाब के लिए आगे की राह आसान नहीं होगी।
टीम अब एक और हार बर्दाश्त करने की स्थिति में नहीं है, क्योंकि यहां से मिली कोई भी शिकस्त उन्हें प्लेऑफ की दौड़ से बाहर कर सकती है। दिलचस्प बात यह है कि पिछले सीजन में बेंगलुरु ने पंजाब को हराकर ही अपनी पहली ट्रॉफी जीती थी, जिसके बाद दोनों टीमें पहली बार एक-दूसरे के खिलाफ खेलने उतर रही हैं।
Advertisement
तीन अलग-अलग टीमों के लिए की कप्तानी
श्रेयस अय्यर का कप्तानी करियर बेहद शानदार रहा है। उन्होंने IPL में दिल्ली कैपिटल्स, कोलकाता नाइट राइडर्स और अब पंजाब किंग्स के लिए कप्तानी की है। अपनी लीडरशिप में वह दिल्ली को फाइनल तक ले गए, इसके बाद कोलकाता नाइट राइडर्स को अपनी कप्तानी में चैंपियन बनाया और फिर पंजाब किंग्स को भी पहले ही साल फाइनल का रास्ता दिखाया। कप्तान के तौर पर यह उनका 100वां मैच है, जिसने साबित कर दिया है कि वह लीग के सबसे भरोसेमंद कप्तानों में से एक हैं।
IPL के सबसे सफल कप्तानों की सूची
IPL में बतौर कप्तान सबसे ज्यादा मैच खेलने का रिकॉर्ड महेंद्र सिंह धोनी के नाम है, जिन्होंने चेन्नई सुपर किंग्स और राइजिंग पुणे सुपरजायंट्स के लिए कुल 235 मैचों में कप्तानी की और टीम को 5 बार चैंपियन बनाया। दूसरे नंबर पर रोहित शर्मा हैं, जिन्होंने मुंबई इंडियंस के लिए 158 मैचों में कप्तानी कर 5 खिताब जीते।
Advertisement
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए 143 मैचों में कप्तानी करने वाले विराट कोहली इस सूची में तीसरे स्थान पर हैं। वहीं, कोलकाता नाइट राइडर्स को दो बार चैंपियन बनाने वाले गौतम गंभीर 129 मैचों के साथ चौथे पायदान पर हैं। अब श्रेयस अय्यर भी 100वें मैच के साथ इस प्रतिष्ठित एलीट क्लब का हिस्सा बनने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।