ईशान किशन की कैसे होगी टीम इंडिया में वापसी? हेड कोच राहुल द्रविड़ ने बता दिया तरीका
भारतीय युवा स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन की टीम इंडिया में वापसी की मांग के बीच राहुल द्रविड़ का बड़ा बयान आया है। द्रविड़ ने उनके सिलेक्शन पर बात की है।
Head Coach Rahul Dravid on Ishan Kishan Comeback: भारत और इंग्लैंड (Ind vs Eng) के बीच जारी टेस्ट सीरीज (Test Series) में ज्यादातर युवा खिलाड़ी खेल रहे हैं। दूसरे टेस्ट मैच (2nd Test Match) में भी प्लेइंग-11 (Playing 11) में कई युवा खिलाड़ी दिखाई दिए। कुछ खिलाड़ियों को रिप्लेसमेंट के तौर पर भी चुना गया है, जिनमें सरफराज खान (Sarfaraz Khan), वॉशिंगटन सुंदर (Washington Sunder) और रजत पाटीदार (Rajat Patidar) शामिल हैं, लेकिन ईशान किशन (Ishan Kishan) को मौका नहीं मिला है।
भारतीय युवा स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन (Ishan Kishan) को लेकर पिछले कुछ समय से काफी चर्चा हो रही है। साउथ अफ्रीका के खिलाफ वो टेस्ट सीरीज का हिस्सा नहीं थे और बाद में ये सामने आया कि उन्होंने रेस्ट लिया है, लेकिन फिर ये खबरें आईं कि अनुशासनात्मक कार्रवाई के तहत ईशान को नहीं चुना गया है। इन सबके बीच अब भारतीय टीम के हेड कोच राहुल द्रविड़ (Rahul Dravid) ने ईशान किशन को लेकर बयान दिया है। ईशान की टीम इंडिया में वापसी कैसे होगी? द्रविड़ ने इस बारे में खुलकर बात की है।
ईशान पर क्या बोले राहुल द्रविड़?
इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट के बाद राहुल द्रविड़ का एक बयान सामने आया है, जिसमें उन्होंने ईशान किशन के सिलेक्शन पर भी बात की है। राहुल द्रविड़ ने सोमवार को एक बयान में कहा कि ईशान किशन को नेशनल टीम में सिलेक्शन के दायरे में आने के लिए खेलना शुरू करना होगा। उन्हें किसी भी तरह का क्रिकेट खेलना शुरू करना होगा। इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच में भारत की जीत के बाद जब द्रविड़ से किशन के इंटरनेशनल और घरेलू क्रिकेट से लंबे ब्रेक के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि ईशान ने खुद ही ब्रेक मांगा था।
बता दें कि कुछ ही समय पहले तक सभी फॉर्मेट्स में भारतीय टीम के रेगुलर सदस्य ईशान किशन व्यक्तिगत कारणों का हवाला देते हुए दिसंबर में साउथ अफ्रीका दौरे के बीच में ब्रेक मांगने के बाद से क्रिकेट से दूर हैं। वो भारत के लिए पिछली बार नवंबर में खेले थे। मौजूदा रणजी ट्रॉफी में भी ईशान झारखंड के लिए अभी नहीं खेल रहे हैं।
कैसे होगी ईशान की वापसी?
द्रविड़ ने कहा-
हर किसी के लिए वापसी का एक तय रास्ता है। मैं किशन के मुद्दे पर उस बारे में ज्यादा बात नहीं करना चाहता। मैंने जितना हो सके, इसे समझाने की कोशिश की है। मुद्दा ये है कि ईशान ने खुद ब्रेक मांगा था, हम उन्हें ब्रेक देकर खुश हैं। जब भी वो तैयार हों, मैंने ये नहीं कहा कि उन्हें घरेलू क्रिकेट खेलना है, मैंने कहा कि जब भी वो तैयार हों, उन्हें थोड़ा बहुत क्रिकेट खेलना होगा और वापस आना होगा। ये उन्हें तय करना है कि वो कब खेलना शुरू करेंगे। हम ईशान को कुछ भी करने के लिए मजबूर नहीं कर रहे हैं।
दरअसल इंग्लैंड के खिलाफ मौजूदा टेस्ट सीरीज में केएस भरत की खराब बल्लेबाजी के बाद टीम में ईशान किशन की वापसी की मांग उठ रही है। बता दें कि टीम के फर्स्ट च्वॉएस विकेटकीपर ऋषभ पंत दिसंबर 2022 में कार हादसे में चोटिल होने के बाद अब तक पूरी तरह ठीक नहीं हो पाए हैं। शुरुआती दो टेस्ट मैचों में भरत के अलावा टीम में विकेटकीपर ध्रुव जुरेल भी शामिल थे।
हेड कोच द्रविड़ ने कहा-
हम ईशान किशन के संपर्क में हैं। उन्होंने अभी तक ठीक से खेलना शुरू नहीं किया है, इसलिए फिलहाल इस पर हम विचार नहीं कर सकते, क्योंकि आप जानते हैं कि शायद वो तैयार नहीं हैं। पंत के चोटिल होने और अन्य चीजों के कारण हमारे पास विकल्प हैं। मुझे यकीन है कि सिलेक्टर्स सभी विकल्पों पर विचार करेंगे।
ईशान किशन के टेस्ट करियर की बात करें तो उन्होंने सिर्फ 2 मैच खेले हैं और 78 रन बनाए हैं। उन्होंने टेस्ट में एक अर्धशतक भी जड़ा है।
Published By : DINESH BEDI
पब्लिश्ड 5 February 2024 at 19:42 IST