अपडेटेड 7 November 2024 at 21:16 IST
'मैंने रोहित से सीखा...', साउथ अफ्रीका के खिलाफ T20 सीरीज के आगाज से पहले क्या बोले सूर्यकुमार यादव?
भारत और साउथ अफ्रीका के बीच 4 मैचों की T20 सीरीज खेली जाने वाली है। इससे पहले सूर्यकुमार यादव ने टेस्ट और वनडे कप्तान रोहित शर्मा को लेकर बड़ी बात कही है।
Suryakumar Yadav Comment on Rohit Sharma: रोहित शर्मा ( Rohit Sharma ) की नेतृत्व क्षमता के मुरीद सूर्यकुमार यादव ( Suryakumar Yadav ) ने स्वीकार किया कि वो उनकी कप्तानी के तरीके को फॉलो करते हैं और अपनी टीम के साथ मैदान के बाहर काफी समय बिताते हैं, जिसका असर उनके मैदानी प्रदर्शन पर दिखता है।
रोहित की तरह ही सूर्यकुमार अपने खिलाड़ियों की मानसिकता को समझकर उन्हें एकजुट रखने और मुश्किल समय में संतुलन बनाए रखने के लिए प्रेरित करते हैं। 2024 T20 वर्ल्ड कप में विजयी अभियान के बाद भारत के सबसे छोटे प्रारूप के कप्तान के रूप में कार्यभार संभालने वाले सूर्यकुमार (Suryakumar) ने निश्चित रूप से अपनी कप्तानी की जरूरतों के अनुसार इसमें बदलाव किया है।
साउथ अफ्रीका T20 सीरीज से पहले क्या बोले सूर्य?
साउथ अफ्रीका के खिलाफ पहले T20 मैच की पूर्व संध्या पर गुरुवार को सूर्यकुमार से जब न्यूजीलैंड के खिलाफ भारत की टेस्ट श्रृंखला में मिली 0-3 की हार के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा-
जीतना और हारना खेल का अहम हिस्सा है। सभी ने कड़ी मेहनत की है। कभी आप अच्छा प्रदर्शन करते हैं और कभी नहीं। मैंने रोहित से सीखा है कि जिंदगी में संतुलन बहुत जरूरी है। अच्छा प्रदर्शन करने के बाद भले ही आप हार जाएं, लेकिन आपका जज्बा नहीं बदलना चाहिए। खिलाड़ी में ये गुण होना चाहिए।
रोहित को लीडर मानते हैं सूर्यकुमार
सूर्यकुमार के लिए रोहित कप्तान नहीं, बल्कि एक लीडर हैं। दुनिया के इस शीर्ष T20 बल्लेबाज ने कहा-
एक नेतृत्वकर्ता वो होता है जो तय करता है कि उसकी टीम एक विशेष प्रारूप में किस तरह से खेलेगी।
सूर्य में कूट-कूट कर भरी रोहित की शैली
दोनों करीब एक दशक तक रणजी ट्रॉफी टीम मुंबई और IPL फ्रेंचाइजी मुंबई इंडियंस ( Mumbai Indians) में एक साथ खेल चुके हैं, जिससे रोहित की कप्तानी की शैली सूर्यकुमार के अंदर कूट-कूट कर भर चुकी है। सूर्यकुमार ने कहा-
जब मैं मैदान पर होता हूं तो मैं उन्हें नोटिस करता रहता हूं। उनकी भाव भंगिमा किस तरह की है और वो हमेशा शांत रहते हैं। वो अपने गेंदबाजों से किस तरह से बात करते हैं और मैदान के अंदर और बाहर सभी से किस तरह से बातचीत करते हैं। मैं जानता हूं कि वो अपने खिलाड़ियों से किस तरह का बर्ताव करते हैं और उन्हें क्या चाहते हैं।
सूर्यकुमार ने हंसते हुए कहा-
मैंने उनकी तरह जो तरीका अख्तियार किया है, वो सफल रहा है। निश्चित रूप से मैंने भी इसमें अपना ‘मसाला’ (अपने विचार) डाले हैं। पर ये सहज रहा है।
भारत में पिछली बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के दौरान डेब्यू करने वाले सूर्यकुमार को एक से अधिक टेस्ट खेलने का मौका नहीं मिला, क्योंकि पिछले साल 50 ओवर के विश्व कप के बाद से उन्हें एक ही प्रारूप का खिलाड़ी कर दिया गया है। ये पूछे जाने पर कि क्या उन्हें टेस्ट में वापसी की उम्मीद है तो उन्होंने इसका सटीक और व्यावहारिक जवाब देते हुए कहा-
‘मेरी टेस्ट वापसी तब होगी, जब ये होनी होगी। मैं हर घरेलू प्रतियोगिता में हिस्सा लेता हूं, चाहे वो लाल गेंद का हो या सफेद गेंद का।
बता दें कि सूर्यकुमार यादव की अगुवाई वाली भारतीय क्रिकेट टीम साउथ अफ्रीका के खिलाफ 4 मैचों की T20 सीरीज खेलने वाली है, जिसका पहला मैच शुक्रवार, 8 नवंबर को डरबन में खेला जाएगा। 15 नवंबर तक सीरीज चलेगी।
(Note: इस भाषा कॉपी में हेडलाइन के अलावा कोई बदलाव नहीं किया गया है)
Published By : DINESH BEDI
पब्लिश्ड 7 November 2024 at 21:16 IST