अपडेटेड 21 June 2025 at 11:14 IST

ये नया भारत है... हेडिंग्ले टेस्ट के पहले दिन अंग्रेजों के छुड़ाए पसीने, गिल-जायसवाल और पंत ने बनाए 5 बड़े रिकॉर्ड

IND vs ENG 1st Test: हेडिंग्ले टेस्ट के पहले ही दिन नई टीम इंडिया ने कमाल कर दिखाया। साई सुदर्शन को छोड़ दें तो बैटिंग करने आए सभी बल्लेबाजों ने प्रभावित किया और इस दौरान कई रिकॉर्ड्स बनाए।

Follow :  
×

Share


IND vs ENG 1st Test Day 1: पहला दिन रहा भारत के नाम | Image: BCCI/X

IND vs ENG 1st Test Day 1 Highlights: इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज से पहले दुनियाभर के क्रिकेट फैंस के मन में ये सवाल था कि रोहित शर्मा, विराट कोहली और रविचंद्रन अश्विन जैसे दिग्गजों के संन्यास के बाद ये टीम कैसा प्रदर्शन करेगी। हेडिंग्ले टेस्ट के पहले ही दिन नई टीम इंडिया ने कमाल कर दिखाया। साई सुदर्शन को छोड़ दें तो बैटिंग करने आए सभी बल्लेबाजों ने प्रभावित किया और इस दौरान कई रिकॉर्ड्स बनाए।

लीड्स के हेडिंग्ले में खेले जा रहे टेस्ट में इंग्लिश कप्तान बेन स्टोक्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। इसके बाद यशस्वी जायसवाल और केएल राहुल की जोड़ी ने वो कारनामा किया जो इस मैदान पर भारत ने कभी नहीं किया था। दोनों ने 91 रनों की साझेदारी कर टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई।

यशस्वी-राहुल की जोड़ी नंबर-1

इंग्लैंड में अगर टेस्ट मैच जीतना है तो ओपनिंग साझेदारी काफी अहम होती है। यशस्वी जायसवाल और केएल राहुल ने मुश्किल हालात में धैर्य रखा और खराब गेंदों को बाउंड्री के बाहर भेजते रहे। दोनों ने मिलकर 91 रनों की रिकॉर्डतोड़  पार्ट्नर्शिप की। बता दें कि हेडिंग्ले में 39 सालों के लंबे इंतजार के बाद किसी भारतीय ओपनिंग जोड़ी ने 50 रन से अधिक की साझेदारी की। यही नहीं दोनों ने पूर्व महान बल्लेबाज सुनील गावस्कर और क्रिस श्रीकांत का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया। 1996 में गावस्कर और श्रीकांत ने 64 रन जोड़े थे। अब लीड्स में किसी भारतीय ओपनर्स द्वारा सर्वाधिक पार्टनरशिप का रिकॉर्ड यशस्वी और राहुल के नाम दर्ज हो गया है।

जायसवाल की 'यशस्वी' पारी

टीम इंडिया के युवा स्टार यशस्वी जायवसाल ने इंग्लैंड की धरती पर शतक से आगाज किया। इसके साथ ही उन्होंने ऐसा कारनामा किया जो इससे पहले किसी भारतीय खिलाड़ी ने नहीं किया था। यशस्वी लीड्स में पारी का आगाज करते हुए शतक लगाने वाले देश के पहले ओपनर बन गए हैं। बाएं हाथ के धाकड़ बल्लेबाज ने 101 रनों की शानदार पारी खेली।

शुभमन का 'विराट' कारनामा

टीम इंडिया के स्टार बल्लेबाज शुभमन गिल ने बतौर कप्तान अपने पहले मैच में ही इतिहास रच दिया। वो कप्तान के तौर पर अपनी पहली पारी में शतक जड़ने वाले भारत के चौथे खिलाड़ी बन गए। इससे पहले विजय हजारे, सुनील गावस्कर और विराट कोहली ने ये कारनामा किया था।

ऋषभ पंत बने ASIA के बेस्ट विकेट कीपर बल्लेबाज

हेडिंग्ले टेस्ट के पहले दिन ऋषभ पंत ने भी इतिहास रच दिया। स्टार खिलाड़ी अब SENA (साउथ अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया) देश में सबसे ज्यादा टेस्ट रन बनाने वाले एशियन विकेट कीपर बल्लेबाज बन गए हैं। इस मामले में उन्होंने पूर्व महान भारतीय खिलाड़ी एमएस धोनी को पीछे छोड़ दिया।

एशियाई विकेटकीपरों द्वारा SENA में सर्वाधिक टेस्ट रन

1732 - ऋषभ पंत
1731 - एमएस धोनी
1099 - एफ इंजीनियर
850 - मोहम्मद रिजवान
831 - दिनेश चांदीमल

IND vs ENG 1st Test: पहला दिन रहा भारत के नाम

हेडिंग्ले टेस्ट का पहला दिन पूरी तरह से टीम इंडिया के नाम रहा। दिन का खेल खत्म होने तक भारत ने 3 विकेट के नुकसान पर 359 रन बना लिए हैं। शुभमन गिल 127 और ऋषभ पंत 65 रन बनाकर नाबाद हैं। इससे पहले यशस्वी जायसवाल ने 101 और केएल राहुल ने 42 रनों की अच्छी पारी खेली। डैब्यू टेस्ट में साई सुदर्शन ने निराश किया और बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए। 

इसे भी पढ़ें: तो क्या भारत के कप्तान बनेंगे साई सुदर्शन? द्रविड़-गांगुली-कोहली से स्पेशल कनेक्शन जान हो जाएंगे हैरान


 

Published By : Ritesh Kumar

पब्लिश्ड 21 June 2025 at 11:14 IST