अपडेटेड 11 February 2026 at 10:54 IST
T20 World Cup: पहले बायकॉट की धमकी, अब लिया यू-टर्न... कैसे भारत के खिलाफ खेलने को राजी हुआ पाकिस्तान? मोहसिन नकवी ने खोले राज
T20 World Cup 2026: पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के चेयरमैन मोहसिन नकवी ने भारत के खिलाफ T20 वर्ल्ड कप मैच को बायकॉट करने की धमकी देने को लेकर अब बड़ा खुलासा किया है।
T20 World Cup 2026: पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के चेयरमैन मोहसिन नकवी ने भारत के खिलाफ T20 वर्ल्ड कप मैच को बायकॉट करने की धमकी को लेकर अब बड़ा खुलासा किया है। उन्होंने मंगलवार को कहा कि बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड और ICC के अधिकारियों के साथ हुई बैठक में बांग्लादेश के अलावा किसी और बात पर चर्चा नहीं हुई।
पत्रकारों से बात करते हुए मोहसिन नकवी ने कहा कि पाकिस्तान की केवल एक शर्त थी कि बांग्लादेश के साथ हुए 'अन्याय' को सुधारा जाए। उन्होंने कहा कि भारत के खिलाफ मैच को बायकॉट करने का कदम किसी राजनीतिक या व्यक्तिगत एजेंडे के तहत नहीं लिया गया था, बल्कि ये केवल बांग्लादेश के सपोर्ट में था।
भारत के खिलाफ T20 वर्ल्ड कप मैच बायकॉट पर पाकिस्तान
नकवी ने आगे कहा कि बांग्लादेश ने जो भी मांगें रखी थीं, वे मान ली गई हैं। उन्होंने कहा कि उनका कोई निजी मकसद नहीं था, उनका काम पूरी तरह से बांग्लादेश से जुड़ा हुआ था और सरकार ने उसी को देखते हुए फैसला लिया था। नकवी ने कहा कि ‘जब उनकी मांगें मान ली गईं और मान लिया गया कि उनके साथ अन्याय हुआ है, उसके बाद ही हम खेल रहे हैं’।
भारत के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप मैच खेलेगा पाकिस्तान
अब PCB चेयरमैन का कहना है कि जैसे ही बांग्लादेश की मांगों को मान लिया गया, तब ही पाकिस्तान सरकार ने अपना फैसला बदलते हुए भारत के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप मैच खेलने पर सहमति दी है।
क्या है पूरा मामला?
गौरतलब है कि ये पूरा विवाद तब शुरू हुआ था जब ICC बोर्ड वोटिंग के बाद बांग्लादेश को T20 वर्ल्ड कप से बाहर कर दिया गया था और उसकी जगह स्कॉटलैंड को दे दी गई। उस समय बांग्लादेश सरकार ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए अपनी टीम को भारत जाने की परमिशन नहीं दी थी। फिर उनका ये फैसला तब और सुर्खियों में आ गया जब BCCI ने IPL से मुस्तफिजुर रहमान को हटा दिया।
PCB ने ICC पर 'डबल स्टैंडर्ड' का आरोप लगाते हुए कहा था कि बांग्लादेश के साथ निष्पक्ष व्यवहार नहीं हुआ है। पाकिस्तान ने भी ऐलान कर दिया था कि वो 15 फरवरी को भारत के खिलाफ मुकाबले में हिस्सा नहीं लेंगे। उसके बाद, PCB के मोहसिन नकवी की ICC के उपाध्यक्ष इमरान ख्वाजा से लाहौर में मुलाकात हुई। इस बैठक के बाद ये भी घोषणा की गई कि बांग्लादेश पर किसी भी तरह का जुर्माना या बैन नहीं लगाया जाएगा।
Published By : Sakshi Bansal
पब्लिश्ड 11 February 2026 at 10:54 IST