अपडेटेड 20 July 2024 at 12:15 IST
'क्या फूंक रहे हो आजकल?' धोनी से रिजवान की तुलना हरभजन से नहीं हुआ बर्दाश्त, जमकर लगाई लताड़
हरभजन सिंह ने एमएस धोनी और मोहम्मद रिजवान की तुलना करने वाले पाकिस्तानी पत्रकार से पूछा, 'क्या फूंक रहे हो आजकल।'
भारत के पूर्व महान स्पिनर हरभजन सिंह ने एक बार फिर पाकिस्तानी पत्रकार की क्लास लगाई है। फरीद खान नाम के स्पोर्ट्स जर्नलिस्ट ने टीम इंडिया के दिग्गज कप्तान और विकेट कीपर रहे एमएस धोनी की तुलना मोहम्मद रिजवान से कर दी। इसके जवाब में हरभजन ने जो लिखा उसे ये पाकिस्तानी पत्रकार जिंदगी भर याद रखेगा।
फरीद खान ने अपने X अकाउंट पर एमएस धोनी और मोहम्मद रिजवान की तस्वीर शेयर करते हुए पूछा कि ईमानदारी से बताएं। एमएस धोनी और मोहम्मद रिजवान में से कौन बेहतर है? पोस्ट करने के बाद सोशल मीडिया पर तो उनका मजाक उड़ा ही, लेकिन हरभजन ने जो धोया उसे वो कभी नहीं भूलेंगे।
पाक पत्रकार को हरभजन ने धोया
हरभजन सिंह ने फरीद खान नाम के पाकिस्तानी खेल पत्रकार को करारा जवाब देते हुए लिखा, ''तुम आजकल क्या फूंक रहे हो? यह कैसा मूर्खतापूर्ण प्रश्न है। भाइयों इसको बताओ। धोनी बहुत आगे हैं रिजवान से यहां तक कि अगर आप रिजवान से पूछेंगे तो वह आपको इसका ईमानदारी से जवाब देगा। मुझे रिजवान पसंद है वह अच्छा खिलाड़ी है जो हमेशा इरादे से खेलता है, लेकिन यह तुलना गलत है। धोनी आज भी विश्व क्रिकेट में नंबर 1 हैं। स्टंप के पीछे उनसे बेहतर कोई नहीं।''

चैंपियंस ट्रॉफी पर भी लगाई थी क्लास
कुछ दिन पहले एक पाकिस्तानी शो पर बातचीत के दौरान हरभजन सिंह ने चैंपियंस ट्रॉफी पर बहस कर रहे एक होस्ट की भी क्लास लगाई थी। भज्जी ने साफ-साफ कहा कि अगर हमारे खिलाड़ी वहां पर जाकर सुरक्षित नहीं हैं तो नहीं भेजेंगे टीम। आप मत खेलो हमारे साथ, आपको खेलना है खेलो नहीं तो मत खेलो। भारतीय क्रिकेट पाकिस्तान के बिना भी चल सकती है। अगर आपको लगता है कि आप भी इंडियन क्रिकेट के बिना चल सकते हो तो यही करो।''
Published By : Ritesh Kumar
पब्लिश्ड 20 July 2024 at 12:15 IST