पाकिस्तान टीम में तकरार! कप्तान शान मसूद ने कंधे पर रखा हाथ तो अफरीदी ने किया कुछ ऐसा, मचा बवाल

PAK vs BAN 1st Test: पाकिस्तान की टीम 2021 से अपने घर पर पांच टेस्ट मैच हार चुकी है, जबकि चार मुकाबले ड्रॉ रहे हैं।

पाकिस्तान टीम में तकरार! | Image: @TheRealPCB/X

Pakistan Cricket Team: पाकिस्तान की टीम अपने ही मैदान पर घुटने टेकने पर मजबूर हो गई। रावलपिंडी में खेले गए पहले टेस्ट को बांग्लादेश ने 10 विकेट से जीतकर इतिहास रच दिया। इस मैच के बाद एक शर्मनाक रिकॉर्ड भी सामने आया है। पाकिस्तान की टीम 2021 से अपने घर पर पांच टेस्ट मैच हार चुकी है, जबकि चार मुकाबले ड्रॉ रहे हैं। बांग्लादेश के खिलाफ मिली करारी शिकस्त के बाद सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है जिसमें साफ-साफ दिख रहा है कि पाकिस्तान टीम का माहौल ठीक नहीं है।

ये वीडियो बांग्लादेश के खिलाफ हुए मैच के दौरान का है। पाक कप्तान शान मसूद मैदान पर अपने खिलाड़ियों से घेरा बनाकर बात कर रहे हैं। इसी दौरान उन्होंने बगल में मौजूद तेज गेंदबाज शाहीन अफरीदी के कंधे पर हाथ रखी, लेकिन इसके बाद अफरीदी ने जो किया वो दर्शाता है कि दोनों के बीच सबकुछ ठीक नहीं है।

पाकिस्तान टीम में तकरार!

शाहीन अफरीदी के इस तरह से व्यवहार करने के बाद ये अफवाह और तेज हो गई है कि पाकिस्तान टीम में मनमुटाव है। बता दें कि शान मसूद कुछ समय पहले ही पाक टेस्ट टीम के कप्तान बने हैं। वहीं शाहीन अफरीदी भी टी20 टीम के कप्तान बने थे, लेकिन उन्हें कुछ दिनों बाद ही इस पद से हटा दिया गया। पिछले कुछ समय से पाकिस्तान की टीम मैदान पर तो संघर्ष कर ही रही है, इसके साथ-साथ ड्रेसिंग रूम में भी माहौल अच्छा नहीं है।

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में देख सकते हैं कि मैदान पर टीम हडल में शान मसूद खिलाड़ियों से बातचीत कर रहे हैं। अक्सर प्लानिंग बनाते हुए खिलाड़ी दूसरे प्लेयर के कंधे पर हाथ रखते हैं। पाक कप्तान ने भी यही किया। हालांकि, शाहीन अफरीदी को शायद ये बात पसंद नहीं आई और उन्होंने बिना कुछ कहे अपने कंधे से कप्तान का हाथ झटक लिया।

पाकिस्तान-बांग्लादेश मैच में क्या हुआ?

रावलपिंडी में खेले गए मैच में बांग्लादेश ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पाकिस्तान ने पहली पारी में 448 रन बनाए। इसके जवाब में बांग्लादेश ने 565 रन बनाकर मेजबान को बैकफुट पर धकेल दिया। अनुभवी विकेट कीपर मुशफिकुर रहीम ने 191 रनों की शानदार पारी खेली। दूसरी पारी में पाकिस्तान की टीम 146 रनों पर ढेर हो गई और बांग्लादेश ने लक्ष्य को 10 विकेट से हासिल कर इतिहास रच दिया।

इसे भी पढ़ें: तलाक के बाद नताशा की जिंदगी में इस शख्स की एंट्री, समुद्र किनारे डांस और मस्ती का VIDEO वायरल

 

Published By : Ritesh Kumar

पब्लिश्ड 26 August 2024 at 07:55 IST