बुमराह एंड कंपनी का सामना करने के लिए तैयार हैं ऑस्ट्रेलिया के बल्लेबाज: कैरी

ऑस्ट्रेलिया के विकेटकीपर बल्लेबाज एलेक्स कैरी ने कहा कि उनकी टीम एकजुट है और उन्हें विश्वास है कि छह दिसंबर से यहां शुरू होने वाले दूसरे दिन रात्रि क्रिकेट मैच में उनके बल्लेबाज जसप्रीत बुमराह की अगुवाई वाले भारतीय आक्रमण का सामना करने के लिए बेहतर रणनीति के साथ मैदान पर उतरेंगे।

Alex Carey | Image: AP

ऑस्ट्रेलिया के विकेटकीपर बल्लेबाज एलेक्स कैरी ने कहा कि उनकी टीम एकजुट है और उन्हें विश्वास है कि छह दिसंबर से यहां शुरू होने वाले दूसरे दिन रात्रि क्रिकेट मैच में उनके बल्लेबाज जसप्रीत बुमराह की अगुवाई वाले भारतीय आक्रमण का सामना करने के लिए बेहतर रणनीति के साथ मैदान पर उतरेंगे।

बुमराह ने बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी के पर्थ में खेले गए पहले टेस्ट मैच में आठ विकेट लेकर भारत की 295 रन से बड़ी जीत में अहम भूमिका निभाई थी। ऑस्ट्रेलिया के बल्लेबाज इस मैच में नहीं चल पाए थे जिससे गेंदबाजों पर भी दबाव बढ़ा।

कैरी ने यहां पत्रकारों से कहा,‘‘वह (बुमराह) निश्चित तौर पर शानदार गेंदबाज हैं और वह पिछले कई वर्षों से लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहा है। हमारे बल्लेबाज भी विश्वस्तरीय हैं और हमेशा समाधान निकालने के तरीके ढूंढते हैं।’’ उन्होंने कहा,‘‘हमने उसकी गेंदबाजी का आकलन किया है। उम्मीद है कि हम उसके पहले दूसरे स्पेल का सामना करने में सफल रहेंगे। हमने पहले टेस्ट मैच की दूसरी पारी में देखा था कि किस तरह से ट्रैविस हेड ने जवाबी हमला किया था।’’

कैरी ने कहा,‘‘हमें अपने बल्लेबाजों पर पूरा भरोसा है। हम केवल बुमराह ही नहीं, उनके अन्य गेंदबाजों का सामना करने के लिए तरीका ढूंढ लेंगे। भारत पहले टेस्ट मैच में कुछ नए गेंदबाजों के साथ उतरा था और उन्होंने भी अच्छी गेंदबाजी की थी।’’ ऑस्ट्रेलिया को जीत के लिए 534 रन का असंभव लक्ष्य मिलने के बाद जोश हेज़लवुड ने मीडिया को अपने बल्लेबाजों से यह पूछने के लिए कहा था कि उन्होंने दूसरी पारी के लिए क्या रणनीति बनाई है। इसके बाद बल्लेबाजों और गेंदबाजों के बीच दरार की अफवाहें फैल गईं।

कैरी ने हालांकि इस तरह की अफवाहों को खारिज कर दिया कि ऑस्ट्रेलिया के ड्रेसिंग रूम में किसी तरह का तनाव है। उन्होंने कहा, ‘‘अगर आप बल्लेबाजों से पूछें, तो हम सभी बेहतर प्रदर्शन करना चाहते हैं और (एक क्रिकेटर के रूप में) आप शतक बनाने के लिए वहां जाते हैं और यदि आप ऐसा नहीं करते हैं, तो मुझे लगता है कि आप कई बार निराश होते हैं।’’

कैरी ने कहा, ‘‘लेकिन हमारी टीम एकजुट है। हम सभी को बल्लेबाजी करने का मौका मिलता है और हम सभी बड़े स्कोर बनाने के लिए उत्सुक हैं और मुझे विश्वास है कि हमारे खिलाड़ी ऐसा करने में सफल रहेंगे।’’

ये भी पढ़ें- IND vs AUS: गौतम गंभीर पहुंचे ऑस्ट्रेलिया, एडिलेड में कंगारूओं को धोने के लिए तैयार किया मास्टरप्लान


 

Published By : Shubhamvada Pandey

पब्लिश्ड 3 December 2024 at 12:09 IST