अपडेटेड 15 February 2026 at 17:54 IST
IND vs PAK T20 महामुकाबले से पहले बेटियों ने दी खुशखबरी, Asia Cup Rising Stars में पाकिस्तान को ऐसा धोया; 10 ओवर में ही चारों खाने चित
IND vs PAK: टी20 वर्ल्ड कप में भारत-पाक मैच से पहले भारतीय बेटियों ने पाकिस्तान को एशिया कप राइजिंग स्टार्स में 8 विकेट से हरा दिया। मात्र 93 रन पर समेटने के बाद भारत ने 10.1 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया।
IND vs PAK Asia Cup Rising Stars: आज का दिन भारतीय क्रिकेट फैंस के लिए दोहरी खुशियों वाला साबित होने वाला है। कोलंबो में होने वाले मेन्स टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के महामुकाबले से ठीक पहले, बैंकॉक की धरती पर भारत की बेटियों ने पाकिस्तान का गुरूर मिट्टी में मिला दिया है।
एसीसी (ACC) विमेंस एशिया कप राइजिंग स्टार्स के मुकाबले में इंडिया-ए ने पाकिस्तान-ए को 8 विकेट से करारी शिकस्त देकर यह साबित कर दिया कि जब बात सरहद के पार की जंग की हो, तो भारत की छोरियां किसी से कम नहीं हैं।
10.1 ओवर में जीत ली जंग
पाकिस्तान द्वारा दिए गए 94 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम ने पहले ही ओवर से अपने इरादे साफ कर दिए थे। सलामी बल्लेबाज वृंदा दिनेश ने मैदान पर ऐसा तूफान लाया कि पाकिस्तानी गेंदबाज असहाय नजर आए। वृंदा ने महज 29 गेंदों पर नाबाद 55 रनों की तूफानी पारी खेली, जिसमें उन्होंने मैदान के हर कोने में बाउंड्री की बौछार कर दी। भारत ने इस लक्ष्य को मात्र 10.1 ओवर में ही हासिल कर लिया।
गेंदबाजों ने तोड़ी पाकिस्तान की कमर
मैच की शुरुआत में भारतीय गेंदबाजों ने सटीक लाइन और लेंथ से पाकिस्तानी बल्लेबाजों को बांधे रखा। भारतीय गेंदबाजी की फीरकी के आगे पाकिस्तान की खराब बल्लेबाजी की एक नहीं चली और पूरी टीम सिर्फ 93 रनों पर सिमट गई। अनुष्का शर्मा और अन्य गेंदबाजों ने मिलकर पाकिस्तान के बल्लेबाजी क्रम को ताश के पत्तों की तरह बिखेर दिया।
वर्ल्ड कप महामुकाबले के लिए बना 'परफेक्ट' माहौल
बेटियों की इस जीत ने आज रात कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में होने वाले भारत बनाम पाकिस्तान टी-20 वर्ल्ड कप मैच के लिए माहौल पूरी तरह गरमा दिया है। क्रिकेट प्रेमियों के अनुसार, इंडिया-ए की इस जीत के साथ ही पाकिस्तानियों का टेंशन में डाल दिया है।
बता दें, पिछले मैच में यूएई से मिली अप्रत्याशित हार के बाद भारतीय टीम की आलोचना हो रही थी, लेकिन पाकिस्तान के खिलाफ इस 'सर्जिकल स्ट्राइक' जैसी जीत ने सभी आलोचकों का मुंह बंद कर दिया है। 10 ओवर में ही मैच खत्म कर देना यह दर्शाता है कि इंडिया-ए की बेंच स्ट्रेंथ भी पाकिस्तान की मुख्य उभरती टीम पर कितनी भारी है।
Published By : Kunal Verma
पब्लिश्ड 15 February 2026 at 17:54 IST