अपडेटेड 23 July 2024 at 23:01 IST

मुंबई क्रिकेट संघ के अध्यक्ष बने अजिंक्य नाइक, मुंबई BJP प्रमुख के कैंडिडेट को हराया

मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष पद के चुनाव संपन्न हो गए हैं और इसमें अजिंक्य नाइक की जीत हुई है। वो सबसे MCA के सबसे युवा अध्यक्ष बने हैं।

Follow :  
×

Share


अजिंक्य नाइक बने MCA के नए अध्यक्ष | Image: X

Mumbai Cricket Association: अजिंक्य नाईक (Ajinkya Naik) मंगलवार को मुंबई में अपने प्रतिद्वंद्वी संजय नाईक (Sanjay Naik) को 107 मतों से हराकर मुंबई क्रिकेट संघ (MCA) के नए अध्यक्ष बन गए। MCA के निवर्तमान सचिव अजिंक्य ने 221-114 के अंतर से एकतरफा जीत दर्ज की।

सैंतीस साल के अजिंक्य को अनुभवी राजनेता और BCCI के साथ-साथ ICC के पूर्व अध्यक्ष शरद पवार का समर्थन प्राप्त था। वो MCA के इतिहास में सबसे कम उम्र के अध्यक्ष हैं। अजिंक्य नाइक 37 साल की उम्र में MCA के अध्यक्ष बने हैं। उनके प्रतिद्वंद्वी संजय MCA के मौजूदा उपाध्यक्ष हैं। उन्हें आशीष शेलार समूह का समर्थन प्राप्त था। भाजपा नेता शेलार बीसीसीआई के कोषाध्यक्ष भी हैं।

अजिंक्य ने जीत के बाद एक बयान में कहा- 

ये जीत अमोल काले की अनुकरणीय उपलब्धि का प्रमाण है। मेरा प्रयास मुंबई क्रिकेट की गुणवत्ता में सुधार के लिए उनकी प्रतिबद्धता और समर्पण को दोहराना और उनकी विरासत को आगे ले जाना होगा।

भारतीय चीफ सिलेक्टर ने भी डाला वोट

चुनावों में कुल 335 मत डाले गए। मतदान करने वालों में भारतीय टीम के मुख्य चयनकर्ता एवं राष्ट्रीय और मुंबई के पूर्व क्रिकेटर अजीत अगरकर, जहीर खान, संजय मांजरेकर, बलविंदर सिंह संधू और पारस म्हाम्ब्रे भी शामिल थे। मतदाताओं में मैदान क्लब के सदस्य, जिमखाना क्लब और कॉलेज के प्रतिनिधि भी शामिल थे।

चुनाव अधिकारी जेएस सहारिया ने नतीजे की घोषणा करते हुए कहा- 

मतों की गिनती 14 दौर में पूरी हुई। किसी भी उम्मीदवार के प्रतिनिधि ने किसी भी मतपत्र पर आपत्ति नहीं जताई और सभी मत वैध माने गए। इस गिनती के अंत में, संजय नाईक को 114 वोट मिले, जबकि अजिंक्य नाईक को 221 वैध वोट मिले। किसी भी उम्मीदवार ने पुनर्गणना की मांग नहीं की, इसलिए एजीएम को फिर से बुलाया गया और अजिंक्य नाईक को एमसीए अध्यक्ष निर्वाचित घोषित किया गया।

बता दें कि 2024 T20 वर्ल्ड कप (T20 World Cup 2024) के दौरान न्यूयॉर्क में अमोल काले के असामयिक निधन के बाद चुनाव प्रक्रिया 4 जुलाई को शुरू हुई थी। 

ये भी पढ़ें- क्रिकेट की पिच पर दुश्मन, लेकिन जिंदगी बिताएंगी साथ; दो चिर प्रतिद्वंद्वियों ने सगाई कर मचाई सनसनी

(Note: इस भाषा कॉपी में हेडलाइन के अलावा कोई बदलाव नहीं किया गया है)

Published By : DINESH BEDI

पब्लिश्ड 23 July 2024 at 23:00 IST