अपडेटेड 6 February 2025 at 23:20 IST

Rohit Sharma: टेस्ट, रणजी के बाद वनडे में भी फ्लॉप हुए कैप्टन रोहित शर्मा, चैंपियंस ट्रॉफी से पहले बढ़ी टीम इंडिया की टेंशन

Rohit Sharma: चैंपियंस ट्रॉफी से पहले टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा का फॉर्म भारतीय टीम मैनेजमेंट और फैंस के लिए बड़ा चिंता का विषय बनता जा रहा है।

Follow :  
×

Share


Rohit Sharma | Image: PTI

Rohit Sharma Form: ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट सीरीज आई और चली गई, इसके बाद रणजी के मुकाबले आए वो भी खत्म हो गए लेकिन जो चीज नहीं बदली वो वो है टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा का फॉर्म। न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन मैचों की टेस्ट सीरीज से रोहित शर्मा का प्रदर्शन गिरता ही जा रहा है।

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पांच मैचों की टेस्ट सीरीज में रोहित शर्मा के बल्ले ने खामोशी की चादर ओढ़ रखी थी। जो अभी तक हटने का नाम नहीं ले रही है। फॉर्मेट बदला, खेल बदला, साल बदला लेकिन रोहित शर्मा का बल्ला पुरानी फॉर्म को हासिल नहीं कर पा रहा है। चैंपियंस ट्रॉफी से पहले अब टीम इंडिया के सामने केवल दो ही मैच बचे हैं अगर इनमें भी रोहित अपनी फॉर्म हासिल न कर सके तो ये भारत के लिए बड़ी टेंशन की बात हो जाएगी।

इंग्लैंड के खिलाफ वनडे में भी फ्लॉप रहे रोहित

नागपुर वनडे में जायसवाल के आउट होने के बाद कप्तान रोहित पर नजरें थीं कि क्या वो ऐसे वक्त पर टीम को संभाल पाएंगे या नहीं? मगर भारतीय कप्तान ने बुरी तरह निराश कर दिया। पारी के छठे ओवर में साकिब महमूद की गेंद को रोहित शर्मा फ्लिक कर मिडविकेट बाउंड्री के पार पहुंचाना चाहते थे लेकिन गेंद की लेंथ और बॉल की रफ्तार को सही भांप नहीं पाए। उनके शॉट पर गेंद हवा में ऊंची उठ गई और मिड ऑन के फील्डर ने बड़ी आसानी से ये कैच ले लिया। रोहित 7 गेंदों में सिर्फ 2 रन बनाकर पवेलियन लौट गए।

बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी और रणजी में भी फ्लॉप रहे थे रोहित

इससे पहले रोहित शर्मा ऑस्ट्रेलिया दौरे पर बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में भी बुरी तरह से फ्लॉप रहे थे। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ इस टेस्ट सीरीज में रोहित शर्मा सिर्फ 31 रन ही बना सके थे। इस कारण उनके करियर पर भी सवाल उठने लगा। हालांकि, ऑस्ट्रेलिया से वापस आने के बाद उन्होंने मुंबई के लिए रणजी ट्रॉफी में भी बल्लेबाजी की, लेकिन उनके लिए कुछ भी नहीं बदला। ऐसे में टीम इंडिया के कप्तान पर अब दबाव और ज्यादा बढ़ गया है।

चैंपियंस ट्रॉफी से पहले रोहित का फॉर्म बना चिंता का विषय

आपको जानकर हैरानी होगी कि पिछली 10 पारियों में रोहित शर्मा एक बार भी 20 रनों का आंकड़ा नहीं छू पाए हैं। उन्होंने इंटरनेशनल क्रिकेट में पिछली 16 पारियों में सिर्फ 166 रन बनाए हैं। उनका औसत 10.37 का रहा है। शतक तो भूल जाइए, महज एक अर्धशतक इस दौरान उनके बल्ले से निकला है। एक पारी में वे 20 के पार गए हैं, जबकि 11 पारियों में वे दहाई का आंकड़ा भी पार नहीं कर पाए हैं। चैंपियंस ट्रॉफी से पहले टीम इंडिया के लिए ये चिंता का विषय है। हालांकि, सीरीज में अभी दो मैच बाकी हैं।

ये भी पढ़ें- IND vs ENG: नागपुर में दिखा श्रेयस अय्यर का तूफान! 29 गेंदों पर जड़ी ताबड़तोड़ फिफ्टी, अंग्रेज गेंदबाजों की निकाली हवा


 

Published By : Shubhamvada Pandey

पब्लिश्ड 6 February 2025 at 23:20 IST