अपडेटेड 29 January 2026 at 21:21 IST
Sadhvi Prem Baisa: साधवी प्रेम बाईसा कौन थीं? क्या है इनकी मौत मिस्ट्री, साध्वी के इंस्टाग्राम अकाउंट पर ये पोस्ट वायरल
Sadhvi Prem Baisa: राजस्थान की रहने वाली साध्वी प्रेम बाईसा आध्यात्मिक जगत और सोशल मीडिया पर एक चर्चित नाम थीं। वे अपनी सादगी, मधुर भजनों और कृष्ण भक्ति के लिए जानी जाती थीं। इंस्टाग्राम पर उनकी बड़ी फैन फॉलोइंग थी, जहां वे अक्सर अपने धार्मिक विचारों और भजन साझा करती थीं। साध्वी प्रेम बाईसा की अचानक हुई मृत्यु ने उनके समर्थकों और पुलिस को गहरे सदमे में डाल दिया।
Sadhvi Prem Baisa: राजस्थान की वीर धरा ने हमेशा से ही संतों और आध्यात्मिक विभूतियों को जन्म दिया है। इन्हीं में से एक नाम पिछले कुछ समय से सोशल मीडिया और समाचारों की सुर्खियों में बना हुआ साध्वी प्रेम बाईसा का नाम है। अपनी सुरीली आवाज में भजनों की प्रस्तुति और सौम्य स्वभाव के कारण लाखों दिलों पर राज करने वाली इस युवा साध्वी की अचानक हुई मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। आइए जानते हैं।
कौन थीं साध्वी प्रेम बाईसा?
साध्वी प्रेम बाईसा राजस्थान के नागौर जिले की रहने वाली थीं। छोटी सी उम्र में ही उनका झुकाव अध्यात्म की ओर हो गया था। वे मुख्य रूप से भजन गायिका के रूप में प्रसिद्ध थीं। उनके गाए हुए राजस्थानी भजन और 'कथा' कहने के अंदाज ने उन्हें कम समय में ही एक बड़ी पहचान दिला दी थी। इंस्टाग्राम और यूट्यूब जैसे प्लेटफॉर्म्स पर उनकी तगड़ी फैन फॉलोइंग थी, जहां उनके वीडियोज को लाखों बार देखा जाता था।
प्रेम बाईसा केवल एक धार्मिक उपदेशक ही नहीं, बल्कि युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत भी थीं। उनके चेहरे की शांति और मधुर वाणी ने उन्हें 'भक्ति जगत' का एक चमकता सितारा बना दिया था।
क्या है साध्वी प्रेम बाईसा की मौत मिस्ट्री
साध्वी प्रेम बाईसा की मौत की खबर ने उनके अनुयायियों को झकझोर कर रख दिया। उनकी मौत को लेकर कई तरह की अटकलें लगाई गईं। आपको बता दें, साध्वी प्रेम बाईसा के पैतृक गांव परेउ में भी एक आश्रम बनाया गया था, जहां पर भागवत कथा समेत विभिन्न आयोजन किए गए।
लेकिन गांव में परिजनों के साथ जमीन विवाद को लेकर उन्होंने पुलिस में मामला दर्ज करवाया था। 6 महीने पहले सोशल मीडिया पर वायरल उनके एक वीडियो को लेकर काफी विवाद हुआ था. इस मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार भी किया था. वीडियो में साध्वी और उनके पिता के गले लगने पर सवाल खड़े किए गए थे। जिसे लेकर साध्वी ने काफी नाराजगी भी जताई थी।
ये भी पढ़ें - Shukra Pradosh Vrat 2026: शुक्र प्रदोष व्रत में भगवान शिव के साथ जरूर करें इन दो गणों की पूजा, वरना पूजा रह जाएगी अधूरी
साध्वी के इंस्टाग्राम अकाउंट पर ये पोस्ट हुआ वायरल
साध्वी के अकाउंट पर आगे लिखा गया,'मेरे जीवन में आदि जगतगुरु शंकराचार्य भगवान, विश्व योग गुरुओं और पूज्य संत महात्माओं का हर पल आशीर्वाद रहा है। मैंने आदि गुरू शंकराचार्य और देश के कई महान संत महात्माओं को पत्र लिखा।
अग्नि परीक्षा के लिए निवेदन किया, लेकिन प्रकृति को क्या मंजूर था? मैं इस दुनिया से हमेशा के लिए अलविदा, लेकिन ईश्वर और पूज्य संत महात्माओं पर पूर्ण भरोसा है, मेरे जीते जी नहीं तो जाने के बाद तो न्याय मिलेगा।'
Published By : Sujeet Kumar
पब्लिश्ड 29 January 2026 at 21:21 IST