अपडेटेड 11 November 2025 at 22:03 IST

Tulsi Plant: बार-बार सूख जाता है घर में लगा तुलसी का पौधा? जान लें कारण और तुरंत करें ये काम

Basil Plant: तुलसी का पौधा सिर्फ एक पौधा नहीं, बल्कि शुद्धता और सकारात्मकता का प्रतीक है। अगर आप थोड़ी सी देखभाल करें और सही तरीके अपनाएं, तो आपका तुलसी का पौधा कभी नहीं सूखेगा और पूरे घर में शांति और समृद्धि फैलाए रखने में मदद करेगा।

तुलसी के पौधे का कैसे रखें ख्याल | Image: Freepik/Meta-AI

How To Take Care Of Tulsi Plant: तुलसी का पौधा हर हिंदू घर में पूजनीय माना जाता है। कहा जाता है कि जहां तुलसी होती है, वहां नकारात्मक ऊर्जा नहीं ठहरती और घर में सुख-समृद्धि बनी रहती है। लेकिन कई बार ऐसा होता है कि हमारे घर में लगाया हुआ तुलसी का पौधा बार-बार सूख जाता है। 

ऐसे में लोग समझ नहीं पाते कि आखिर वजह क्या है। अगर आपके साथ भी ऐसा हो रहा है, तो कुछ बातों को ध्यान में रखकर आप तुलसी माता का ख्याल रख सकते हैं। आइए जानते हैं तुलसी के पौधे के सूखने के असली कारण और उसे बचाने के आसान उपाय।

क्यों सूख जाता है तुलसी का पौधा और कैसे रखें ख्याल?

गलत जगह पर रखना

तुलसी को हमेशा ऐसी जगह रखना चाहिए जहां उसे सीधी धूप मिले। अगर पौधा छांव में या घर के अंदर रखा गया है, तो उसे पर्याप्त धूप नहीं मिलती और वह धीरे-धीरे मुरझाने लगता है। इसके लिए वास्तु शास्त्र का भी खासतौर से ध्यान रखना चाहिए। तुलसी का पौधा लगाने की सबसे सही दिशा उत्तर-पूर्व (ईशान कोण) मानी जाती है। इस दिशा में लगाने से सकारात्मक ऊर्जा का प्रवाह होता है और घर के वातावरण को पवित्र करता है। तुलसी को रोजाना कम से कम 4-5 घंटे की धूप जरूर मिलना जरूरी होता है। सुबह की हल्की धूप इसके लिए सबसे अच्छी होती है।

ज्यादा या कम पानी देना

तुलसी को न तो बहुत ज्यादा पानी चाहिए और न बहुत कम। अगर मिट्टी में हमेशा नमी रहती है तो जड़ें सड़ सकती हैं, वहीं कम पानी देने पर पौधा सूखने लगता है। रविवार के दिन तुलसी के पौधे में पानी न डालें। पानी तभी दें जब मिट्टी ऊपर से सूखी लगे। कोशिश करें कि पानी जड़ों में रुक न जाए।

खराब मिट्टी या गमला

अगर मिट्टी में हवा पास नहीं हो पाती या पानी निकलने का रास्ता नहीं है, तो जड़ें सड़ जाती हैं। इससे पौधा अपनी ताकत खो देता है। तुलसी के लिए ऐसी मिट्टी इस्तेमाल करें जिसमें रेत, गोबर खाद और थोड़ी मिट्टी का संतुलन हो। गमले के नीचे पानी निकलने का छेद जरूर होना चाहिए।

ठंडी हवा या ज्यादा गर्मी

तुलसी का पौधा बहुत संवेदनशील होता है। बहुत ठंडी या बहुत गर्म हवा से यह जल्दी सूख सकता है। इसलिए इसे न तो सीधी ठंडी हवा में रखें, न ही तेज धूप में लंबे समय तक।

कीड़े या फंगस का हमला

कई बार तुलसी के पत्तों पर छोटे-छोटे कीड़े या सफेद धूल जैसे फंगस लग जाते हैं। ये धीरे-धीरे पौधे की जान खींच लेते हैं। समय-समय पर जरूरत अनुसार खाद पौधे में डालें। अगर पौधे पर कीड़े दिखें तो नीम का तेल पानी में मिलाकर स्प्रे करें। यह प्राकृतिक तरीका है और पौधे को नुकसान नहीं पहुंचाता है।

सकारात्मक माहौल रखें

कहा जाता है कि तुलसी पर रोजाना पूजा करने, दीपक जलाने और पानी चढ़ाने से पौधा मजबूत और हरा-भरा रहता है। वहीं तुलसी के पौधे पर लाल रंग की चुनरी चढ़ाएं। सच्चे मन से मां तुलसी की पूजा जरूर करें।

यह जरूर पढ़ें:  Kaal Bhairav Ashtami 2025: काल भैरव अष्टमी के दिन करें ये आसान उपाय, करियर से लेकर रिलेशनशिप तक में आई बाधाएं होंगी दूर

Disclaimer: यहां दी गई जानकारी सिर्फ अलग-अलग सूचना और मान्यताओं पर आधारित है। REPUBLIC BHARAT इस आर्टिकल में दी गई किसी भी जानकारी की सत्‍यता और प्रमाणिकता का दावा नहीं करता है।

Published By : Sujeet Kumar

पब्लिश्ड 11 November 2025 at 22:03 IST