Akshay Tritiya 2026 Shopping: अक्षय तृतीया के दिन जरूर खरीदें ये 5 चीजें, घर में आएंगी मां लक्ष्मी; आर्थिक तंगी होगी दूर
Akshay Tritiya 2026 Shopping: हिंदू धर्म में अक्षय तृतीया को बेहद सौभाग्यशाली माना जाता है। इस दिन कुछ चीजें हैं, जिसे खरीदने से व्यक्ति को आर्थिक तंगी से छुटकारा मिल सकता है। आइए इस लेख में विस्तार से जानते हैं।
Akshay Tritiya 2026 Shopping: हिंदू धर्म में अक्षय तृतीया का विशेष महत्व है। वैशाख मास के शुक्ल पक्ष की तृतीया तिथि को मनाया जाने वाला यह पर्व 'अबूझ मुहूर्त' माना जाता है, यानी इस दिन किसी भी शुभ कार्य के लिए पंचांग देखने की जरूरत नहीं होती। 'अक्षय' का अर्थ है जिसका कभी क्षय न हो, यानी जो कभी समाप्त न हो। आपको बता दें, अक्षय तृतीया 19 अप्रैल रविवार को मनाई जाएगी। मान्यता है कि इस दिन की गई खरीदारी और दान-पुण्य का फल अनंत काल तक मिलता है। यदि आप भी लंबे समय से आर्थिक तंगी से जूझ रहे हैं या घर में बरकत चाहते हैं, तो इस दिन सोना खरीदने के अलावा इन 5 चीजों की खरीदारी भी बेहद शुभ मानी गई है।
सोने या चांदी के आभूषण खरीदें
अक्षय तृतीया पर सोना खरीदना सबसे उत्तम माना जाता है। सोना केवल एक धातु नहीं, बल्कि मां लक्ष्मी का स्वरूप माना जाता है। यदि बजट कम है, तो आप चांदी का सिक्का या चांदी की कोई छोटी वस्तु भी खरीद सकते हैं। माना जाता है कि इस दिन घर लाया गया सोना-चांदी परिवार की समृद्धि में 'अक्षय' वृद्धि करता है।
जौ खरीदने से मां लक्ष्मी होंगी खुश
शास्त्रों में जौ को 'कनक' यानी सोने के समान ही माना गया है। अक्षय तृतीया के दिन जौ खरीदना और उसे भगवान विष्णु के चरणों में अर्पित करना बहुत शुभ होता है। बाद में इसे लाल कपड़े में बांधकर तिजोरी में रखने से धन का अभाव खत्म होता है और सुख-शांति बनी रहती है।
मिट्टी का घड़ा खरीदना है शुभ
गर्मी के मौसम में अक्षय तृतीया आती है, इसलिए इस दिन पानी से भरा मिट्टी का घड़ा (मटका) खरीदना और उसका दान करना महादान कहलाता है। यदि आप अपने घर के लिए भी नया घड़ा खरीदते हैं, तो यह घर में सकारात्मक ऊर्जा और शीतलता लाता है। इससे पितृ दोष से मुक्ति मिलती है और मां लक्ष्मी प्रसन्न होती हैं।
दक्षिणावर्ती शंख खरीदने से घर में आती हैं खुशियां
शंख को मां लक्ष्मी का भाई माना जाता है क्योंकि दोनों की उत्पत्ति समुद्र मंथन से हुई थी। अक्षय तृतीया के दिन घर में दक्षिणावर्ती शंख लाना साक्षात लक्ष्मी को आमंत्रित करने जैसा है। इसे पूजा स्थान पर रखने से घर की दरिद्रता दूर होती है और व्यापार में उन्नति के मार्ग खुलते हैं।
कौड़ियां है धन का प्रतीक
प्राचीन काल से ही कौड़ियों को धन का प्रतीक माना जाता रहा है। अक्षय तृतीया पर 11 या 21 कौड़ियां खरीदकर उन्हें केसर या हल्दी से रंग लें। माता लक्ष्मी की पूजा में इन्हें शामिल करें और फिर अपनी तिजोरी में रख दें। यह उपाय आर्थिक तंगी को दूर करने के लिए अचूक माना जाता है।
Disclaimer: यहां दी गई जानकारी सिर्फ अलग-अलग सूचना और मान्यताओं पर आधारित है। REPUBLIC BHARAT इस आर्टिकल में दी गई किसी भी जानकारी की सत्यता और प्रमाणिकता का दावा नहीं करता है।
Published By : Aarya Pandey
पब्लिश्ड 13 April 2026 at 14:22 IST