Bada Mangal 2026: आज साल का आखिरी बड़ा मंगल, जानें शुभ मुहूर्त, पूजा विधि और बजरंगबली की कृपा पाने के महाउपाय

Bada Mangal 2026 Puja Vidhi: इस आखिरी बड़े मंगल पर सच्चे मन से बजरंगबली को याद करें। ऐसा करने से मन शांत रहेगा और जीवन में सुख-समृद्धि बनी रहेगी।

बड़ा मंगल 2026 | Image: Freepik

Lord Hanuman Upay: हिंदू धर्म में मंगलवार का दिन वैसे तो हमेशा ही हनुमान जी को समर्पित होता है, लेकिन जब बात ज्येष्ठ महीने के मंगलवार की आती है, तो इसकी अहमियत बहुत ज्यादा बढ़ जाती है। इसे हम प्यार और श्रद्धा से 'बड़ा मंगल' या 'बुढ़वा मंगल' कहते हैं।

साल 2026 का आठवां और सबसे आखिरी बड़ा मंगल कल यानी 23 जून, मंगलवार को है। मान्यताओं के अनुसार, बड़े मंगल पर सच्चे मन से पूजा करने से जीवन की सारी परेशानियां दूर हो जाती हैं और हनुमान जी हमारी हर मनोकामना पूरी करते हैं। अगर आप इस साल किसी वजह से अब तक बड़े मंगल की पूजा नहीं कर पाए हैं, तो आपके पास बजरंगबली का आशीर्वाद पाने का यह आखिरी और बेहद खास मौका है।

तो चलिए जानते हैं कि इस दिन पूजा किस समय करनी है, पूजा का तरीका क्या है और कौन से उपाय करने से बजरंगबली जल्दी प्रसन्न होंगे।

पूजा करने का शुभ समय

हनुमान जी की पूजा अगर शुभ मुहूर्त में की जाए, तो उसका फल और भी जल्दी मिलता है। 23 जून को पूजा के लिए तीन सबसे अच्छे मुहूर्त इस प्रकार हैं।

  • ब्रह्म मुहूर्त (सुबह की पूजा के लिए): सुबह 4 बजकर 4 मिनट से लेकर 4 बजकर 44 मिनट तक।
  • अभिजीत मुहूर्त (दोपहर की पूजा के लिए): सुबह 11 बजकर 55 मिनट से लेकर दोपहर 12 बजकर 51 मिनट तक।
  • संध्या काल मुहूर्त (शाम की पूजा के लिए): शाम 7 बजकर 22 मिनट से लेकर रात 8 बजकर 23 मिनट तक।

बड़े मंगल के लिए पूजा विधि

आप घर पर ही बहुत आसान तरीके से हनुमान जी की पूजा कर सकते हैं। बस इन बातों का ध्यान रखें। 

  • सुबह जल्दी उठकर नहा लें और साफ कपड़े पहन लें। इसके बाद हाथ में थोड़ा सा जल लेकर पूरे दिन व्रत या श्रद्धा से पूजा करने का संकल्प लें।
  • हनुमान जी को लाल रंग बहुत पसंद है। इसलिए पूजा के समय लाल रंग के कपड़े पहनें और पूजा करने के लिए लाल रंग के आसन पर बैठें।
  • बजरंगबली की मूर्ति या तस्वीर के सामने दीपक और धूप जलाएं। उन्हें लाल फूल, लाल फल और मिठाई का भोग लगाएं।
  • हनुमान जी को 'रोट' या 'बूंदी' का प्रसाद बहुत ही ज्यादा पसंद है। आप बाजार से बूंदी लाकर या घर पर ही कुछ मीठा बनाकर उन्हें प्रेम से भोग लगा सकते हैं।
  • पूजा करते समय पूरी श्रद्धा और शांत मन से 'हनुमान चालीसा' का पाठ जरूर करें।

बजरंगबली की कृपा पाने के महाउपाय

अगर आप अपनी कोई खास मन्नत पूरी करना चाहते हैं या जीवन से कष्टों को दूर करना चाहते हैं, तो इस आखिरी बड़े मंगल पर ये छोटे-छोटे लेकिन बहुत असरदार उपाय जरूर करें।

  • हनुमान जी को सिंदूर बहुत प्रिय है। इस दिन किसी मंदिर में जाकर पंडित जी के माध्यम से हनुमान जी को सिंदूर का चोला जरूर अर्पित करवाएं।
  • मंदिर के शिखर पर या हनुमान जी के पास लाल रंग का झंडा चढ़ाना बहुत ही शुभ माना जाता है।
  • बड़े मंगल के दिन गरीबों को खाना खिलाने और दान-पुण्य करने से बहुत बड़ा फल मिलता है। आप अपनी क्षमता के अनुसार मीठा शरबत, बूंदी का प्रसाद या भोजन जरूरतमंदों में बांट सकते हैं।

इस आखिरी बड़े मंगल पर सच्चे मन से बजरंगबली को याद करें। ऐसा करने से मन शांत रहेगा और जीवन में सुख-समृद्धि बनी रहेगी।

यह जरूर पढ़ें: Mangal Gochar 2026: मंगल का वृष राशि में गोचर कल, अगले कई दिनों तक इन 6 राशियों को फूंक-फूंक कर रखना होगा कदम

 

Disclaimer: यहां दी गई जानकारी सिर्फ अलग-अलग सूचना और मान्यताओं पर आधारित है। REPUBLIC BHARAT इस आर्टिकल में दी गई किसी भी जानकारी की सत्‍यता और प्रमाणिकता का दावा नहीं करता है।

Published By : Samridhi Breja

पब्लिश्ड 23 June 2026 at 00:00 IST