अपडेटेड 13 January 2024 at 16:45 IST
भव्य राम मंदिर के लिए चुने गए 6 नए पुजारी; कड़े प्रशिक्षण, कई परीक्षाएं... तब हुआ 21 में से चयन
राम मंदिर के लिए पिछले महीने से 21 पुजारियों की ट्रेनिंग चल रही थी। इन 21 पुजारियों में से शनिवार को मंदिर के लिए पुजारियों का चयन पूरा हुआ।
Ram Mandir Priest : 22 जनवरी वो ऐतिहासिक लम्हा होगा, जब भगवान श्री रामचंद्र (Lord Ram) की मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा होगी। इस दिव्य उत्सव को लेकर पूरे देश में उमंग, उत्साह और जश्न का माहौल है। आज से 8 दिन बाद अयोध्या (Ayodhya) में होने वाले इस भव्य समारोह के लिए जोर-शोर से तैयारी जारी है। इस बीच अयोध्या में भगवान राम के भव्य मंदिर (Ram Mandir) के लिए 6 नए पुजारियों का चयन किया गया है।
राम मंदिर के लिए पिछले महीने से 21 पुजारियों की ट्रेनिंग चल रही थी। इन 21 पुजारियों में से शनिवार को मंदिर के लिए पुजारियों का चयन पूरा हुआ। हनुमानगढ़ी में दर्शन के बाद 6 पुजारियों को जन्मभूमि में पूजा का जिम्मा सौंपा गया। जानकारी सामने आई है कि कड़े प्रशिक्षण और कई परीक्षाओं के बाद इन पुजारियों का चयन किया गया है। इन सभी पुजारियों की उम्र 20 से 30 वर्ष के बीच है।
पुजारियों के लिए 6 माह का प्रशिक्षण
राम मंदिर तीर्थ क्षेत्र के एक अधिकारी ने अक्टूबर 2023 में कहा था कि ट्रस्ट को पुजारी के पद के लिए 3000 से अधिक आवेदन मिले। ट्रस्ट ने बताया कि उन 3000 आवेदनों में से 200 लोगों को इंटरव्यू के लिए चुना गया। पुजारियों की नियुक्ति के लिए इंटरव्यू अयोध्या में विश्व हिंदू परिषद के मुख्यालय कारसेवक पुरम में आयोजित किए गए थे, जिसकी अध्यक्षता तीन सदस्यीय पैनल ने की थी। इस पैनल में वृंदावन के एक हिंदू उपदेशक और अयोध्या के दो मुख्य पुजारी शामिल थे।
शॉर्टलिस्ट किए गए पुजारी अपनी 6 महीने की प्रशिक्षण प्रक्रिया से गुजर रहे हैं, जो अयोध्या में ट्रस्ट के नए कार्यालय में दी जा रही है।
यह भी पढ़ें: ‘भगवान राम ने नरेंद्र मोदी को चुना'- आडवाणी
ट्रस्ट के एक सदस्य ने कहा था कि जो उम्मीदवार सफलतापूर्वक अपना प्रशिक्षण पूरा करेंगे, उन्हें पुजारी पद के लिए चुना जाएगा। ट्रस्ट के सदस्य ने ये भी बताया था कि ट्रस्ट सभी उम्मीदवारों को प्रति माह 2000 रुपये का वजीफा देगा और अयोध्या में उनके लिए भोजन और आवास की व्यवस्था भी करेगा।
राम मंदिर के पुजारियों का वेतन
राम मंदिर के मुख्य पुजारी आचार्य सत्येंद्र दास को फिलहाल 25 हजार रुपये वेतन मिलता है। उनके वेतन को 15520 रुपये से बढ़कर 25 हजार रुपये किया गया था। सहायक पुजारी को उनके पहले वेतन 10 हजार रुपये की तुलना में 20 हजार रुपये मिलते हैं। इसी तरह रामलला की देखभाल करने वाले सेवक का वेतन भी 8 हजार रुपये से बढ़कर 15 हजार रुपये हो गया है। सहायक पुजारी का संशोधित वेतन 20 हजार रुपये है, जबकि कोठारी और सेवादार को 15 हजार रुपये मिलते हैं।
Published By : Amit Bajpayee
पब्लिश्ड 13 January 2024 at 16:38 IST