Apara Ekadashi Daan: आज और कल अपरा एकादशी, इन चीजों का करें दान, भगवान विष्णु होंगे प्रसन्न
एकादशी व्रत पर पूजा पाठ के साथ कुछ चीजों का दान करना भी बहुत ही फलदायी होता है। तो चलिए जानते हैं अपरा एकादशी पर किन चीजों का दान करना चाहिए।
- धर्म और अध्यात्म
- 3 min read
Apara Ekadashi Daan: हिंदू धर्म में एकादशी व्रत का बहुत अधिक महत्व माना जाता है। भगवान विष्णु को समर्पित यह व्रत व्यक्ति को पापों से मुक्ति दिलाने और मोक्ष की प्राप्ति के लिए रखा जाता है। इस दिन जगत के पालनहार श्री हरि विष्णु की विधिवत पूजा अर्चना के साथ ही कुछ चीजों का दान करना बहुत ही शुभ और फलदायी माना जाता है। कहते हैं इससे भगवान विष्णु को प्रसन्न किया जा सकता है।
वैसे तो साल में 24 और महीने में 2 बार एकादशी तिथि आती हैं, लेकिन इन सभी के नाम और महत्व अलग-अलग होते हैं। इन्हीं में से एक जेष्ठ माह की पहली एकादशी भी है, जिसे अपरा एकादशी के नाम से जाना जाता है। इस साल यह 2 और 3 जून को रखा जा रहा है। गृहस्थ लोग दो और वैष्णव संप्रदाय के लोग तीन जून को यह व्रत रखेंगे। ऐसे में आइए जानते हैं कि इस दिन पूजा-पाठ के अलावा भगवान विष्णु को प्रसन्न करने के लिए किन चीजों का दान करना चाहिए।
अपरा एकादशी पर इन चीजों का करें दान
जल का दान
अपरा एकादशी पर किया जाने वाला दान बहुत ही महत्वपूर्ण माना जाता है। इस दिन जल का दान करना बहुत ही शुभ और फलदायी होता है, क्योंकि इस एकादशी जेष्ठ माह में पड़ती है और इस महीने में भयंकर गर्मी होती है। ऐसे में अगर आप भगवान विष्णु को प्रसन्न करना चाहते हैं, तो आपको इस दिन प्यासे लोगों और जानवरों की प्यास बुझानी चाहिए और जल का दान करना चाहिए।
वहीं धार्मिक मान्यता के मुताबिक अपरा एकादशी पर जल का दान करने से ग्रह दोष दूर होते हैं और धन-धान्य की वृद्धि होती है। साथ ही घर में सुख-समृद्धि आती है। इसके अलावा स्वास्थ्य लाभ के साथ ही रोगों से भी मुक्ति मिलती है। कहते हैं कि जल दान करने से मनोकामनाएं पूरी होती है।
अन्न दान
अपरा एकादशी के दिन अन्न का दान करना चाहिए। कहते हैं इससे अक्षय पुण्य की प्राप्ति होती है और व्यक्ति की सभी मनोकामनाएं पूरी होती हैं। मान्यता है कि अपरा एकादशी पर अन्न का दान करने से आरोग्य की प्राप्ति होती है और सुख समृद्धि के साथ मां लक्ष्मी की कृपा भी बनी रहती है।
गुड़ का दान
ज्ञान, बुद्धि और समृद्धि का प्रतीक माने जाने वाले गुरु को गुड़ प्रिय है। वहीं गुरु के स्वामी भगवान विष्णु होते हैं। ऐसे में एकादशी के दिन गुड़ का दान करने से ज्ञान और बुद्धि में वृद्धि होती है। साथ ही व्यक्ति के सौभाग्य में वृद्धि होती है और भगवान विष्णु की कृपा बनी रहती है।
Disclaimer: यहां दी गई जानकारी सिर्फ अलग-अलग सूचना और मान्यताओं पर आधारित है। REPUBLIC BHARAT इस आर्टिकल में दी गई किसी भी जानकारी की सत्यता और प्रमाणिकता का दावा नहीं करता है।
Published By : Sadhna Mishra
पब्लिश्ड 2 June 2024 at 16:19 IST