We Will Do It...PM मोदी ने विकसित भारत के लिए भरी हुंकार, सेवा के 25 वर्ष पूरे होने पर संकल्पों को दोहराया
PM मोदी ने कहा “आज का ये दिन सिर्फ यादों के लिए नहीं है ये अपने संकल्पों को नई ऊर्जा से भरने का दिन है। ये दिन वादे को दोहराने का दिन है। उस इरादे को व्यक्त करने का दिन है जो कहता है कि WE WILL DO IT”
- प्रधान सेवक नरेंद्र मोदी
- 4 min read
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आज 7 अक्टूबर को सरकार के प्रमुख के रूप में 25 वर्ष पूरे हो गए हैं। भाजपा ने इस अवसर पर दिल्ली के इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में "विकसित भारत संकल्प सभा - सेवा ज्योति यात्रा" कार्यक्रम का आयोजन किया जिसमें पीएम मोदी ने भी भाग लिया। प्रधानमंत्री ने इस कार्यक्रम में We Will Do It का नारा दिया।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा “आज का ये दिन सिर्फ यादों के लिए नहीं है ये अपने संकल्पों को नई ऊर्जा से भरने का दिन है। ये दिन वादे को दोहराने का दिन है। उस इरादे को व्यक्त करने का दिन है जो कहता है कि हम कर के रहेंगे..WE WILL DO IT.
पीएम मोदी ने संकल्प सभा में हुंकार भरते हुए कहा "विकसित भारत बाय 2047 We Will Do It, टॉप 3 इकोनॉमी We Will Do It, आत्मनिर्भर भारत We Will Do It , ग्लोबल मैन्युफैक्चरिंग हब We Will Do It , ओलंपिक का आयोजन We Will Do It, अंतरिक्ष में कदम We Will Do It. प्रधानमंत्री ने कहा साथियों ये ऊर्जा, आत्मविश्वास अद्भुत है।
सोचा नहीं था कि कभी ये पड़ाव भी आएगा
पीएम मोदी ने इस कार्यक्रम में कहा "7 अक्टूबर, 2001 को जब मैंने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी, तब सोचा नहीं था कि कभी ये पड़ाव भी आएगा। आज मुझे हेड ऑफ द गवर्नमेंट के तौर पर निरन्तर सेवा करते हुए 25 वर्ष पूरे हो गए हैं। ये जनता-जनार्दन के निरन्तर आशीर्वाद का परिणाम है। भाजपा, NDA, लोकतंत्र के प्रति अपार श्रद्धा रखने वाले सभी राजनीतिक साथियों का मैं आभार व्यक्त करता हूं। मैं देश की जनता के चरणों में शीश झुकाकर नमन करता हूं। इस दौरान इतने सारे चुनाव हुए जनता ने हमेशा मुझे अपनी सेवा के लिए चुना। मैं आज भारत के लोकतंत्र और संविधान का वंदन करता हूं। मैं सेवा ज्योति यात्रा में हिस्सा लेने वाले सभी नागरिकों का भी हृदय से अभिनंदन करता हूं।"
50 की उम्र में अपना समय जंगलों में बिताया
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "आज से 25 साल पहले, 50 साल की उम्र में मैंने अपना समय जंगलों में आदिवासी समुदायों की सेवा करने और पहाड़ों के बीच रहने में बिताया था, और मेरे राजनीतिक रिपोर्ट कार्ड में सिर्फ़ एक संगठनात्मक कार्यकर्ता का काम दिखता था। मैं चुनावों में शामिल तो रहा था, लेकिन मैंने खुद कभी चुनाव नहीं लड़ा था। अगर मैं चुनावी राजनीति में चमकना चाहता, तो बहुत पहले ही मैदान में उतर सकता था। लेकिन मेरा स्वभाव ऐसा नहीं था।
मेरे कर्म ही मेरा धर्म है
प्रधानमंत्री ने कहा "मैंने कभी यह सोचने के लिए भी नहीं रुककर देखा कि मैं ज़िंदगी में क्या बनूँगा या मेरा भविष्य क्या होगा। ऐसा इसलिए था क्योंकि बचपन से मिली परवरिश और संस्कारों ने मुझे सिखाया था कि अपनी ज़िंदगी किसी मकसद के लिए जीनी चाहिए, न कि निजी महत्वाकांक्षा के लिए। मुझे जो भी जिम्मेदारियां मिली मैं उन्हें निभाता चला गया। जीवन का एक ही उद्देश्य था कि मैं देश के लिए निस्वार्थ कर्म करूं। मेरे लिए कर्म ही सब कुछ है, कर्म ही मेरा धर्म है।"
पीएम मोदी ने की श्री विनायक मंदिर में पूजा
इससे पहले पीएम मोदी ने अपने राजनीतिक जीवन में सरकार के प्रमुख के तौर पर 25 वर्ष पूरे होने के खास अवसर पर दिन की शुरुआत भगवान के आशीर्वाद से की। प्रधानमंत्री ने सबसे पहले दिल्ली के सरोजिनी नगर स्थित श्री विनायक मंदिर में जाकर पूजा अर्चना की है। इसी के साथ पीएम मोदी ने अपनी मंदिर की इस यात्रा को लेकर पोस्ट भी किया है।
पीएम मोदी ने अपने एक्स अकाउंट पर कहा “आज नई दिल्ली के श्री विनायक मंदिर में पूजा-अर्चना की। भगवान श्री गणेश से देशभर के अपने परिवारजनों की सुख-समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। विघ्नहर्ता की कृपा से सबका कल्याण हो और देश निरंतर प्रगति के मार्ग पर आगे बढ़ता रहे।”
Published By : Kritarth Sardana
पब्लिश्ड 7 October 2026 at 11:18 IST