'प्रधानमंत्री की ये बात बिल्कुल सच...', PM मोदी-लेक्स फ्रीडमैन के पॉडकास्ट में किस बात पर बोलीं बांसुरी स्वराज?
मशहूर पॉडकास्टर लेक्स फ्रीडमैन के साथ पीएम मोदी के पॉडकास्ट पर बीजेपी सांसद बांसुरी स्वराज की प्रतिक्रिया सामने आई है।
Bansuri Swaraj: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का बीते दिन (16 मार्च) मशहूर पॉडकास्टर लेक्स फ्रीडमैन के साथ 3 घंटे से ज्यादा समय का पॉडकास्ट रिलीज किया गया। इस दौरान उन्होंने कई अहम मुद्दों पर अपने विचार साझा किए जिसमें भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, भारत की प्रगति, टेक्नॉलोजी, AI, वैश्विक कूटनिति, आध्यात्मिकता, आरएसएस से उनका जुड़ाव, पाकिस्तान से भारत के संबंध समेत तमाम विषय शामिल हैं। अब पीएम मोदी के पॉडकास्ट पर बीजेपी सांसद बांसुरी स्वराज की प्रतिक्रिया सामने आई है।
बीजेपी सांसद बांसुरी स्वराज ने पीएम मोदी के लैक्स फ्रीडमैन संग पॉडकास्ट में हर मुद्दे पर रखे गए विचार की तारीफ की। पीएम मोदी के जहां मैं जाता हूं वहां 140 करोड़ भारतीय मेरे साथ होते हैं वाले बयान पर बांसुरी ने कहा कि उनकी ये बात बिल्कुल सच है।
उनकी ये बात बिल्कुल सच- बांसुरी
समाचार एजेंसी एएनआई से बांसुरी स्वराज कहती हैं- 'उनकी ये बात बिल्कुल सच है। 140 करोड़ भारतीयों की आकांक्षाओं का, उनके संकल्पों का, उनके सपनों का मानवीय प्रतिबिंब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हैं और इसलिए भारत की जनता ने उन्हें तीसरी बार इस देश का प्रधान सेवक चुनकर भेजा है। मैं जानती हूं कि उनके कुशल नेतृत्व में विकसित भारत का संकल्प सिद्धि तक निश्चित रूप से लेकर जाया जाएगा।'
मैं 140 करोड़ लोगों के सपनों को लेकर निकलता हूं- PM
बीते दिन रविवार को लेक्स फ्रीडमैन संग पीएम मोदी का बहुप्रतीक्षित पॉडकास्ट जारी हुआ। इसमें पीएम मोदी ने कहा कि मेरी जो ताकत है, वो मोदी नहीं है... 140 करोड़ देशवासी, हजारों साल की महान संस्कृति, परंपरा ही मेरी सामर्थ्य है। इसलिए मैं जहां भी जाता हूं तो मोदी नहीं जाता है, हजारों साल की वेद से विवेकानंद की महान परंपरा को 140 करोड़ लोगों, उनके सपनों को लेकर, उनकी आकांक्षाओं को लेकर मैं निकलता हूं। इसलिए मैं दुनिया के किसी नेता से जब हाथ मिलाता हूं तो वो हाथ मोदी का नहीं बल्कि 140 करोड़ लोगों का हाथ होता है। तो सामर्थ्य मोदी का नहीं है बल्कि भारत का सामर्थ्य है।
पाकिस्तान से रिश्तों पर क्या बोले पीएम?
उन्होंने लेक्स फ्रीडमैन संग पॉडकास्ट में कहा कि भारत की तरफ से शांति की हर कोशिश का जवाब पाकिस्तान ने विश्वासघात से दिया है। उन्होंने उम्मीद जताते हुए कहा कि उसे सद्बुद्धि आएगी और वह शांति का रास्ता अपनाएगा। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान के लोग भी शांति चाहते हैं क्योंकि वह भी संघर्ष, अशांति और लगातार आतंक में रहते हुए थक गए होंगे।
पीएम मोदी के जीवन में RSS की भूमिका
प्रधानमंत्री ने आरएसएस के साथ उनके संबंधों के बारे में पूछे जाने पर कहा कि वह खुद को भाग्यशाली मानते हैं कि उन्होंने इस संगठन से जीवन का सार और मूल्यों को सीखा है। उन्होंने कहा कि 'मुझे जीवन का उद्देश्य मिला है। मेरे मन में हमेशा एक ही लक्ष्य था, देश के काम आना। यही मुझे संघ (आरएसएस) ने सिखाया है। आरएसएस की स्थापना के इस साल 100 साल पूरे हो रहे हैं। दुनिया में आरएसएस से बड़ा कोई स्वयंसेवी संगठन नहीं है।'
पीएम मोदी ने यह भी कहा कि भारत जब भी शांति की बात करता है तो आज दुनिया उसकी सुनती है। ऐसा इसलिए क्योंकि भारत गौतम बुद्ध और महात्मा गांधी की भूमि है।
Published By : Priyanka Yadav
पब्लिश्ड 17 March 2025 at 07:20 IST