अपडेटेड 2 July 2024 at 16:31 IST
मैं कुछ लोगों की पीड़ा समझ सकता हूं, लगातार झूठ फैलाने के बाद भी घोर पराजय हुई- लोकसभा में PM मोदी
PM Modi in Lok Sabha: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लोकसभा में धन्यवाद प्रस्ताव पर हुई चर्चा का जवाब दे रहे हैं।
PM Modi in Lok Sabha: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी धन्यवाद प्रस्ताव पर हुई चर्चा का जवाब देने के लिए लोकसभा पहुंचे। इस दौरान पूरा सदन मोदी-मोदी के नारे से गूंज उठा। PM मोदी ने कहा कि आदरणीय राष्ट्रपति जी ने हम सबका और देश का मार्गदर्शन किया है। इसके लिए मैं राष्ट्रपति का दिल से आभार व्यक्त करता हूं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि जो पहली बार सांसद बनकर आए हैं और उनमें से जिन्होंने अपने विचार व्यक्त किए हैं, संसद के सभी नियमों का पालन करते हुए किए। उनका व्यवहार ऐसा था जैसे एक अनुभवी सांसद का होता है। इसलिए पहली बार आने के बावजूद भी उन्होंने सदन की गरिमा को बढ़ाया है। उन्होंने अपने विचारों से इस डिबेट को अधिक मूल्यवान बनाया।
‘मैं विपक्ष की पीड़ा को समझता हूं’
PM मोदी ने कहा कि मैं कुछ लोगों की पीड़ा समझ सकता हूं कि लगातार झूठ फैलाने के बाद भी उनकी पराजय हुई। प्रधानमंत्री ने कहा कि हमें हर कसौटी पर परखने के बाद देश की जनता ने हमें ये जनादेश दिया है। जनता ने देखा है कि गरीबों के लिए हमने जिस समर्पण भाव से जनसेवा ही प्रभु सेवा है. इस मन्त्र को चरितार्थ करते हुए जो कार्य किया है, उसके लिए 10 साल में 25 करोड़ गरीब गरीबी से बहार निकले हैं।
उन्होंने कहा कि हम 2014 में पहली बार जीतकर आए थे। इस चुनाव की शुरुआत में हमने भी कहा था कि हमारा करप्शन के प्रति जीरो टॉलरेंस रहेगा। देश में रिफॉर्म को हमने लगातार जारी रखा है। इस देश ने लंबे समय तक तुष्टिकरण की राजनीति भी देखी और तुष्टिकरण का गवर्नेंस भी देखा। हमने तुष्टिकरण नहीं संतुष्टिकरण की बात की।
जनता ने हमारा समर्थन किया
PM मोदी ने कहा- '10 साल के हमारे कार्य को देखने के बाद देश की जनता ने हमारा समर्थन किया है। हमें फिर 140 करोड़ देशवासियों की सेवा करने का मौका मिला है। इस चुनाव ने इस बात को सिद्ध किया है कि भारत की जनता कितनी परिपक्व है और अपने विवेक का बड़े अच्छे से उपयोग करती है और इसी का नतीजा है कि हम तीसरी बार सेवा करने के लिए आपके सामने उपस्थित हुए हैं। देश की जनता ने हमारी नीतियों, नीयत और निष्ठा पर भरोसा किया है।'
Published By : Kunal Verma
पब्लिश्ड 2 July 2024 at 16:21 IST