प्रधानमंत्री मोदी 28 अप्रैल को जाएंगे वाराणसी, देंगे कई बड़ी सौगातें; गंगा एक्सप्रेस-वे का उद्घाटन भी करेंगे

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 28 और 29 अप्रैल को दो दिवसीय दौरे पर वाराणसी जा रहे हैं। जानें पीएम मोदी वहां क्या क्या सौगातें देंगे। हरदोई में भी 594 किमी लंबे गंगा एक्सप्रेसवे का उद्घाटन होगा। पढ़ें पूरी खबर।

PM मोदी 28-29 अप्रैल को यूपी दौरे पर | Image: ANI

PM Modi will visit Varanasi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 28 और 29 अप्रैल 2026 को उत्तर प्रदेश के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे। इस दौरान पीएम मोदी अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी को करोड़ों की सौगात देने के साथ ही हरदोई में प्रदेश की महत्वाकांक्षी परियोजना 'गंगा एक्सप्रेसवे' का उद्घाटन करेंगे। इस दौरे से उत्तर प्रदेश के बुनियादी ढांचे और औद्योगिक विकास को एक नई गति मिलने की उम्मीद है।

वाराणसी में विकास की नई नींव रखेंगे PM मोदी

प्रधानमंत्री अपने दौरे की शुरुआत 28 अप्रैल को वाराणसी से करेंगे। शाम करीब 5 बजे वे एक 'महिला सम्मेलन' में हिस्सा लेंगे। इस दौरान, पीएम मोदी लगभग 6,350 करोड़ रुपये की अलग-अलग विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। ये परियोजनाएं रेल, सड़क, जल, स्वास्थ्य और पर्यटन जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों से जुड़ी हैं। 29 अप्रैल की सुबह वे काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन कर प्रदेश की समृद्धि की कामना करेंगे।

गंगा एक्सप्रेसवे से बदलेगी यूपी की बदलती तस्वीर

29 अप्रैल को प्रधानमंत्री हरदोई के लिए रवाना होंगे, जहां वे सुबह करीब 11:30 बजे देश के सबसे लंबे एक्सप्रेसवे में से एक, 'गंगा एक्सप्रेसवे' का भव्य उद्घाटन करेंगे। 594 किलोमीटर लंबा यह एक्सप्रेसवे मेरठ से प्रयागराज तक फैला है।

यह 6-लेन का ग्रीनफील्ड कॉरिडोर है (जिसे भविष्य में 8-लेन तक बढ़ाया जाएगा)। कनेक्टिविटी की बात करें तो यह एक्सप्रेसवे यूपी के 12 जिलों को जोड़ता है, जिससे पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश के बीच की दूरी और यात्रा समय काफी कम हो जाएगा।

CM योगी ने की तैयारियों की समीक्षा

प्रधानमंत्री के दौरे से पहले उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हरदोई में कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, और जनसभा स्थल पर श्रद्धालुओं के लिए पानी और बिजली जैसी बुनियादी सुविधाओं को लेकर वरिष्ठ अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए हैं। उन्होंने सुरक्षा में किसी भी प्रकार की कोताही न बरतने और पुलिस-प्रशासनिक तंत्र के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने पर जोर दिया है। यह दौरा न केवल इंफ्रास्ट्रक्चर के लिहाज से अहम है, बल्कि यह रोजगार के नए अवसर पैदा करने और राज्य की अर्थव्यवस्था को नई दिशा देने में भी मील का पत्थर साबित होगा।

यह भी पढ़ें: Delhi Metro: क्रिकेट प्रेमियों में IPL का जोश हाई, मेट्रो की टाइमिंग...

Published By : Nidhi Mudgill

पब्लिश्ड 26 April 2026 at 20:35 IST