अपडेटेड 28 November 2025 at 18:27 IST
PM मोदी ने गोवा में 77 फीट ऊंची भगवान राम की मूर्ति का किया अनावरण, बोले- ये आने वाली पीढ़ियों के लिए ज्ञान, प्रेरणा का स्रोत है
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने साउथ गोवा में एशिया की सबसे ऊंची भगवान श्री राम की प्रतिमा का अनावरण किया है। पीएम मोदी ने जनता को संबोधित भी किया।
Lord Ram Statue in Goa: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने साउथ गोवा में भगवान राम की एशिया की सबसे ऊंची प्रतिमा का अनावरण किया है। भगवान श्री राम की यह प्रतिमा 77 फीट ऊंची है। प्रधानमंत्री मोदी 550वें श्री संस्थान गोकर्ण पार्टगली जीवोत्तम मठ के उत्सव में भी शामिल हुए जहां उन्होंने जनता को संबोधित करते हुए कहा कि, 'मठ के साथ जो नए आयाम जुड़े हैं,वो आने वाली पीढ़ियों के लिए ज्ञान, प्रेरणा और साधना के स्थायी केंद्र बनने जा रहे हैं।'
गोवा के श्री संस्थान गोकर्ण पार्टगली जीवोत्तम मठ में पीएम नरेंद्र मोदी ने भगवान राम की 77 फीट ऊंची कांस्य प्रतिमा का अनावरण किया। यह कार्यक्रम मठ की 550वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में ‘सार्ध पंचशतामनोत्सव' के दौरान हुआ। इसी दौरान उन्होंने रामायण थीम पार्क गार्डन का भी उद्घाटन किया, एक खास डाक टिकट और स्मृति सिक्का जारी किया और लोगों को संबोधित किया।
अध्यात्म तकनीक आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा देगी- PM मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा- 'आज इस मठ के साथ जो नए आयाम जुड़े हैं, वो आने वाली पीढ़ियों के लिए ज्ञान, प्रेरणा और साधना के स्थायी केंद्र बनने जा रहे हैं। यहां विकसित हो रहा संग्रहालय और आधुनिक तकनीक से सुसज्जित थ्री-डी थिएटर, इन सबके द्वारा ये मठ अपनी परंपराओं को संरक्षित कर रहा है... अध्यात्म को आधुनिक तकनीक से जोड़ने वाली व्यवस्थाएं आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा देती रहेंगी। मैं इस निर्माण के लिए आप सभी को बहुत-बहुत बधाई देता हूं।'
पीएम मोदी ने श्री कृष्ण मठ में की पूजा अर्चना
भगवान राम की यह प्रतिमा 77 फीट ऊंची है। कांसे की बनी इस प्रतिमा को प्रसिद्ध मूर्तिकार राम वी एस सुतार ने बनाई है। इससे पहले, प्रधानमंत्री ने कर्नाटक के उडुपी का दौरा किया। वहां उन्होंने श्री कृष्ण मठ में पूजा-अर्चना की। इसके साथ ही पीएम मोदी ने करीब 1 लाख लोगों के साथ लक्ष्मी कान्त गीता पारायण में भी भाग लिया।
Published By : Sujeet Kumar
पब्लिश्ड 28 November 2025 at 18:27 IST