ममता की चोट देखकर PM मोदी भी हुए भावुक, भगवान से की ये प्रार्थना; जानिए क्या कहा

PM Modi on Mamata Injury: ममता बनर्जी की चोट को लेकर पीएम मोदी ने एक्स पर पोस्ट किया है।

PM Modi | Image: PTI File Photo

PM Modi on Mamata Injury: ममता बनर्जी की चोट को लेकर पीएम मोदी ने एक्स पर पोस्ट किया है। उन्होंने एक्स पर लिखा- 'मैं ममता दीदी के शीघ्र स्वस्थ होने और सर्वोत्तम स्वास्थ्य के लिए प्रार्थना करता हूं।'

ममता को अस्पताल में इलाज के बाद मिली छुट्टी

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के माथे पर बृहस्पतिवार शाम गंभीर चोट लग गई। तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) ने यह जानकारी दी। टीएमसी प्रमुख बनर्जी (69) को एक सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें कुछ टांके लगाए गए और चिकित्सा जांच की गई। बाद में चिकित्सकों ने उन्हें छुट्टी दे दी। अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद बनर्जी को घर ले जाया गया।

ममता बनर्जी के परिवार ने कहा कि वह एक कार्यक्रम में हिस्सा लेकर दक्षिण कोलकाता के कालीघाट स्थित अपने घर पहुंची थीं। घर में वह गिर गईं। टीएमसी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘हमारी अध्यक्ष ममता बनर्जी को गंभीर चोट लगी है। कृपया उनके लिए प्रार्थना करें।’’ पार्टी ने बनर्जी के माथे से खून बहने की तस्वीरों को भी पोस्ट किया है।

ममता के भाई ने क्या कहा?

ममता के भाई कार्तिक बनर्जी ने एक बांग्ला समाचार चैनल को बताया, ‘‘वह घर के अंदर गिर गईं। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया। उनके माथे से खून बह रहा था और टांके लगाने पड़े।’’

बनर्जी को कोलकाता के सरकारी एसएसकेएम अस्पताल के वुडबर्न वार्ड में भर्ती कराया गया, जहां से बाद में उन्हें छुट्टी दे दी गई। कई प्रमुख हस्तियों ने ममता बनर्जी के जख्मी होने पर दुख व्यक्त किया और उनके जल्द ठीक होने की कामना की।

टीएमसी के वरिष्ठ नेता सुखेंदु शेखर राय के अनुसार, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने मुख्यमंत्री की स्वास्थ्य स्थिति के बारे में जानकारी ली और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। धनखड़ पश्चिम बंगाल के राज्यपाल रह चुके हैं।

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बनर्जी के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। स्टालिन ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘ममता दीदी के बारे में जानकर चिंतित हूं। उनके जल्द ठीक होने की प्रार्थना करता हूं।’’

(इनपुटः PTI भाषा के साथ रिपब्लिक भारत)

ये भी पढ़ेंः जापान में फिर कांपी धरती, रिएक्टर स्केल पर 6 मापी गई तीव्रता; सरकार ने जारी कर दी चेतावनी

Published By : Kunal Verma

पब्लिश्ड 14 March 2024 at 22:47 IST