'बेटा हाथ दुख जाएगा', बनासकांठा रैली में एक बच्चे पर पड़ी PM मोदी की नजर, फिर भाषण रोका और कही ये बात...
पीएम मोदी ने जनसभा को संबोधित करते हुए विपक्ष पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि आज हर युवा भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में काम कर रहा है। लेकिन दुर्भाग्य से यह कुछ लोगों को पसंद नहीं आया। ये वे लोग हैं जो देश को मुश्किलों में देखना चाहते हैं।
- प्रधान सेवक नरेंद्र मोदी
- 3 min read
PM Modi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को गुजरात के बनासकांठा में एक विशाल जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान एक भावुक पल भी देखने को मिला। यहां भीड़ में खड़े एक छोटे से बच्चे ने काफी देर से प्रधानमंत्री की तस्वीर हाथ में पकड़ी हुई थी, जिसने भाषण के बीच पीएम मोदी का ध्यान खींच लिया।
बच्चे पर ज्यों ही पीएम मोदी की नजर पड़ी उन्होंने तुरंत अपना भाषण रोक दिया और उसकी ओर देखकर मुस्कुराए। उन्होंने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि कितनी देर से तस्वीर पकड़े खड़ा है। हाथ दुख गया होगा। इसके बाद उन्होंने स्पेशल प्रोटेक्शन ग्रुप (SPG) के जवानों से तस्वीर लेने को कहा।
बच्चे को देख क्या बोले पीएम मोदी?
पीएम मोदी ने गुजराती में कहा, 'तुम्हारा हाथ दुख गया होगा। हमारे एसपीजी के लोगों से विनती करता हूं कि बच्चे से यह फोटो ले लें, नहीं तो वह हाथ ऊंचा रखे-रखे थक जाएगा।' इसके बाद उन्होंने बच्चे से कहा कि बेटा मैं इसे ले लूंगा।' उन्होंने फिर हिंदी में दोहराया जरा एसपीजी के लोग जाकर फोटो को कलेक्ट कर लें।
विपक्ष पर जमकर साधा निशाना
इसके बाद प्रधानमंत्री ने अपना भाषण जारी रखा। उन्होंने अपने संबोधन में विपक्ष पर जमकर निशाना साधा। पीएम मोदी ने कहा, 'आज हर युवा, बहन और बेटी भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में काम कर रहे हैं। लेकिन दुर्भाग्य से यह कुछ लोगों को पसंद नहीं आया। ये वे लोग हैं जो देश को मुश्किलों में देखना चाहते हैं। जब वे देश को मुश्किल में देखते हैं, तो उन्हें खुशी होती है।'
'ये लोग मोदी को बदनाम करने के लिए…'
उन्होंने आगे कहा, 'जब पूरा देश खाड़ी क्षेत्र में तनाव के कारण पैदा हुई अनिश्चितताओं का सामना कर रहा है, तो ये लोग खाद और गैस की कमी को लेकर अफवाहें फैलाते हैं। वे ऐसा सिर्फ मोदी को बदनाम करने के लिए करना चाहते थे। मैं देश के किसानों और बाकी सभी लोगों को याद दिलाना चाहता हूं कि मैंने कहा था कि मैं आप सभी के साथ खड़ा रहूंगा।
पीएम मोदी ने बताया कि खाड़ी क्षेत्र में तनाव अभी भी जारी है, लेकिन सरकार ने दुनिया भर में खाद की कीमतों में हुई बढ़ोतरी का बोझ हमारे किसानों पर नहीं पड़ने दिया।
Published By : Priyanka Yadav
पब्लिश्ड 30 October 2026 at 13:11 IST