अपडेटेड 15 January 2026 at 12:49 IST

PM मोदी ने 28वें CSPOC सम्मेलन का किया उद्घाटन, बोले- भारतीय लोकतंत्र की पहचान,आखिरी व्यक्ति तक पहुंचे फायदा

CSPOC के 28वें सम्मेलन के उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि जब भारत आजाद हुआ तब उस दौर में आशंका व्यक्त की गई थी कि इतनी विविधता में भारत में लोकतंत्र टिक नहीं पाएगा लेकिन भारत ने विविधता को अपने लोकतंत्र की ताकत में बदल दिया है।

PM Modi | Image: ANI

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कॉमनवेल्थ के स्पीकर्स और प्रेसाइडिंग ऑफिसर्स (CSPOC) के 28वें सम्मेलन का उद्घाटन आज,15 जनवरी को संसद परिसर में किया। इस मौके पर पीएम मोदी ने भारत के स्टार्टअप से जुड़े लोगों के साथ संवाद भी किया। इस दौरान उन्होंने कहा, इस बार इस कॉन्फ्रेंस का मुख्य विषय संसदीय लोकतंत्र की प्रभावी डिलीवरी है। भारत ने विविधता को अपने लोकतंत्र की ताकत में बदल दिया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "जिस स्थान पर आप सब बैठे हैं वो भारत के लोकतांत्रिक सफर का बहुत ही महत्वपूर्ण स्थान है। गुलामी के आखिरी सालों में जब भारत की आजादी तय हो चुकी थी उस समय इसी सेंट्रल हॉल में भारत के संविधान की रचना के लिए संविधान सभा की बैठकें हुई थी। भारत की आजादी के बाद 75 सालों तक ये इमारत भारत की संसद रही। इसी हॉल में भारत के भविष्य से जुड़े अनेक निर्णय और चर्चाएं हुईं। लोकतंत्र को समर्पित इस स्थान को भारत ने संविधान सदन का नाम दिया है।"

भारत ने विविधता को अपने लोकतंत्र की ताकत में बदल दिया-पीएम मोदी

PM मोदी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा,"यह चौथा अवसर है, जब कॉमनवेल्थ स्पीकर्स और प्रेसिडिंग ऑफिसर्स की कॉन्फ्रेंस भारत में हो रही है। इस बार इस कॉन्फ्रेंस का मुख्य विषय संसदीय लोकतंत्र की प्रभावी डिलीवरी है। जब भारत आजाद हुआ तब उस दौर में आशंका व्यक्त की गई थी कि इतनी विविधता में भारत में लोकतंत्र टिक नहीं पाएगा लेकिन भारत ने विविधता को अपने लोकतंत्र की ताकत में बदल दिया है।"

UPI दुनिया का सबसे बड़ा डिजिटल पेमेंट सिस्टम-पीएम मोदी

भारतीय अर्थव्यवस्था पर बोलते हुए पीएम मोदी ने कहा,"भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्था है। भारत में यूपीआई दुनिया का सबसे बड़ा डिजिटल पेमेंट सिस्टम है। भात दुनिया का सबसे बड़ा वैक्सीन प्रोड्यूसर है। भारत दुनिया का नंबर-2 स्टील प्रोड्यूसर है। भारत में दुनिया का तीसरा बड़ा स्टार्टअप इकोसिस्टम है। भारत दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा एविएशन मार्केट है। भारत में दुनिया का चौथा सबसे बड़ा रेल नेटवर्क है। भारत में दुनिया का तीसरा बड़ा मेट्रो रेल नेटवर्क है।"

 25 करोड़ लोग गरीबी से बाहर निकले-पीएम मोदी

पीएम मोदी ने कहा, "भारत में लोकतंत्र की पहचान है कि वह आखिरी व्यक्ति तक फायदे पहुंचे। हम लोक कल्याण की भावना से हर व्यक्ति के लिए बिना किसी भेदभाव से काम कर रहे हैं। और इसी लोक कल्याण की भावना के कारण बीते कुछ वर्षों में भारत में 25 करोड़ लोग गरीबी से बाहर निकले हैं।"

बता दें कि इस उच्च-स्तरीय अंतर्राष्ट्रीय संसदीय सम्मेलन की अध्यक्षता लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला कर रहे हैं। इस सम्मेलन में 42 कॉमनवेल्थ देशों का प्रतिनिधित्व करने वाले 61 स्पीकर्स और पीठासीन अधिकारियों के साथ-साथ दुनिया भर की चार अर्ध-स्वायत्त संसदों के प्रतिनिधियों के भाग लेने की उम्मीद है।

यह भी पढ़ें: I-PAC छापेमारी मामले में सुनवाई से पहले ED की नई याचिका, की ये मांग
 

Published By : Rupam Kumari

पब्लिश्ड 15 January 2026 at 12:48 IST