किस बैंक में है PM मोदी का खाता? ना कोई घर और ना कोई गाड़ी; जानें कितनी है कुल संपत्ति
PM मोदी ने चुनाव आयोग को दिए हलफनामे में अपनी संपत्ति का ब्योरा दिया है। हलफनामे के अनुसार उनके पास 3 करोड़ 2 लाख 6 हजार 889 रुपये की चल संपत्ति है।
Varanasi Seat Lok Sabha Election : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने लोकसभा चुनाव 2024 के लिए वाराणसी सीट से अपना नामांकन भर दिया है। वाराणसी लोकसभा सीट पर आखिरी चरण में मतदान होना है। PM मोदी के साथ बीजेपी शासित राज्यों के आधा दर्जन मुख्यमंत्रियों, बीजेपी अध्यक्ष, कई केंद्रीय मंत्री और NDA के अलग-अलग घटक दलों के नेता नामांकन पत्र दाखिल कराने पहुंचे थे।
वाराणसी लोकसभा सीट पर PM मोदी के खिलाफ कांग्रेस ने अजय राय और बहुजन समाज पार्टी से अतहर जमाल लारी को उतारा है। पीएम मोदी ने चुनाव आयोग को दिए हलफनामे में अपनी संपत्ति का ब्योरा दिया है। हलफनामे के अनुसार PM मोदी के पास 3 करोड़ 2 लाख 6 हजार 889 रुपये की चल संपत्ति है, लेकिन पीएम के पास अपना कोई घर, जमीन या कार नहीं है। इसके अलावा पीएम के पास 52,920 रुपये नकद हैं।
किस बैंक में है पीएम का खाता?
PM मोदी के भारतीय स्टेट बैंक (SBI) में दो खाते हैं। PM ने SBI की गांधीनगर शाखा में 73,304 रुपये और वाराणसी की SBI शाखा में केवल 7,000 रुपये जमा किए हुए हैं। हलफनामे में आगे दिखाया गया है कि PM मोदी की कर योग्य आय वित्तीय वर्ष 2018-19 में 11 लाख रुपये से दोगुनी होकर 2022-23 में 23.5 लाख रुपये हो गई है। PM ने अपनी ज्यादातर रकम स्टेट बैंक ऑफ इंडिया में FD के रूप में जमा है, जिसकी कुल कीमत दो करोड़ 85 लाख रुपये से अधिक है।
4 सोने की अंगूठियां
प्रधानमंत्री की अन्य संपत्तियों में 45 ग्राम वजन वाली 4 सोने की अंगूठियां शामिल हैं, जिनकी कीमत 2 लाख 67 हजार रुपये है। उनके पास कुल 52 हजार 920 रुपये नकद और 9 लाख 12 हजार रुपये के राष्ट्रीय बचत प्रमाणपत्र हैं। पिछले वित्तीय वर्ष में उन्होंने तीन लाख 33 हजार रुपये आयकर चुकाया है। शपथ पत्र में मोदी की पत्नी के रूप में जशोदाबेन के नाम का उल्लेख किया गया है। जशोदाबेन के पास मौजूद संपत्तियों के बारे में उन्होंने 'ज्ञात नहीं' लिखा है। दोनों अलग-अलग रहते हैं।
शपथपत्र के अनुसार, मोदी के खिलाफ कोई आपराधिक मामला लंबित नहीं है, न ही उन्हें किसी अपराध के लिए दोषी ठहराया गया है। सरकार के प्रति उनकी कोई देनदारी भी नहीं है। चुनावी हलफनामे में दिए गए शैक्षणिक विवरण के मुताबिक मोदी ने साल 1967 में एसएससी किया, 1978 में दिल्ली विश्वविद्यालय से BA की डिग्री प्राप्त की और 1983 में गुजरात विश्वविद्यालय से MA किया है।
2019 में कितनी थी संपत्ति?
साल 2019 के लोकसभा चुनाव में PM मोदी ने गुजरात के गांधीनगर में एक आवासीय भूखंड, 1.27 करोड़ रुपये की FD और 38,750 रुपये नकद सहित 2.50 करोड़ रुपये की संपत्ति घोषित की थी। इसके अलावा 2014 के लोकसभा चुनाव में उन्होंने कुल 1.65 करोड़ रुपये की संपत्ति का खुलासा किया था।
Published By : Sagar Singh
पब्लिश्ड 14 May 2024 at 23:30 IST