अपडेटेड 14 March 2026 at 17:20 IST
"बंगाल में फिर से होगा कानून का राज, नहीं छोड़ा जाएगा TMC का कोई अत्याचारी", कोलकाता में ममता सरकार पर जमकर गरजे PM मोदी
PM Modi's Speech in Kolkata: पीएम मोदी आज कोलकाता दौरे पर हैं। इस दौरान एक विशाल रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने तृणमूल सरकार (TMC) पर जमकर निशाना साधा।
PM Modi's Speech in Kolkata: कोलकाता में एक विशाल रैली को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ममता सरकार पर जमकर गरजे। उन्होंने इस दौरान कहा कि बंगाल में अभी हमारी सरकार नहीं है लेकिन फिर भी केंद्र सरकार के जरिये BJP दिन रात बंगाल के विकास में लगी हुई है।
उन्होंने कहा कि BJP सरकार आते ही बंगाल में फिर से कानून का राज होगा और टीएमसी के किसी अत्याचरी को अब छोड़ा नहीं जाएगा, चुन-चुन कर बदला लिया जाएगा।
“पूरे पश्चिम बंगाल में 'कट मनी' सिंडिकेट”
प्रधानमंत्री मोदी ने TMC सरकार पर आरोप लगाया है कि पूरे पश्चिम बंगाल में TMC सरकार ने भ्रष्टाचार फैला रखा है। उन्होंने कहा कि TMC सरकार गुंडो और अपराधियों की वैशाखी पर चलती है। रंगबाजी और कट मनी का सिंडिकेट इनके कमाई का मुख्य जरिया है। लेकिन अब लोग हिंसा और सालों के कुशासन के खिलाफ गुस्से में हैं और इस बार ऐसे माफिया गिरोह को लोग उखाड़ फेकेंगे।
‘...सबका हिसाब लिया जाएगा’
प्रधानमंत्री ने आगे कहा, ‘BJP सरकार के आते ही पश्चिम बंगाल में हर तरफ सबका साथ, सबका विकास का मंत्र लेकर चलेंगे। वहीं दूसरी ओर सबका हिसाब भी लिया जाएगा।’ उन्होंने आगे कहा कि TMC के जो गुंडे आपको डराते हैं, BJP सरकार में उनके डरने के दिन शुरू हो जाएंगे, क्योंकि कानून अपना काम करेगा।’
उन्होंने यह भी कहा कि जल्द ही बंगाल में अपराधियों को मुंह भी छिपाने की जगह नहीं मिलेगी। अपराधियों के लिए सिर्फ एक ही जगह होगी, जेल।
‘नए बंगाल की क्रांति का बिगुल’
प्रधानमंत्री ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि आपका उत्साह, जोश बता रहा है कि बंगाल क्या सोच रहा है, बंगाल के मन में क्या चल रहा है। ब्रिगेड परेड ग्राउंड का इतिहास साक्षी है कि जब-जब बंगाल देश को दिशा देता है, ये ब्रिगेड मैदान बंगाल की आवाज बनता है। इस मैदान से अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ उठी आवाज हिंदुस्तान में क्रांति बन गई थी। उसका नतीजा ये हुआ कि अंग्रेजों के अत्याचार और लूट का खात्मा हुआ। आज एक बार फिर ब्रिगेड ग्राउंड से नए बंगाल की क्रांति का बिगुल बज गया है।
कोलकाता को मिली 18 हजार करोड़ की सौगात
बता दें, इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लगभग 18,680 करोड़ रुपये की कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। ये परियोजनाएं पश्चिम बंगाल और पूर्वी भारत को नई रफ्तार देंगे। इनसे व्यापार और उद्योग को बढ़ावा मिलेगा, लाखों लोगों का जीवन आसान होगा।
Published By : Shashank Kumar
पब्लिश्ड 14 March 2026 at 15:51 IST