अपडेटेड 26 February 2026 at 00:03 IST
PM मोदी दुनिया के पहले नेता बने, जिन्हें इजरायल की संसद ने दिया सर्वोच्च सम्मान; जानिए क्यों अहम है Speaker of the Knesset Medal?
Speaker of Knesset Medal: PM मोदी ने इजरायली संसद में ऐतिहासिक भाषण दिया और 'Speaker of the Knesset Medal' हासिल किया। उन्होंने हमास के हमले की निंदा करते हुए इजरायल के साथ भारत की अटूट एकजुटता दोहराई और अपने जन्म के रोचक संयोग का भी जिक्र किया।
Speaker of Knesset Medal: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने दो दिवसीय इजरायल दौरे के पहले दिन यानी 25 फरवरी 2026 को एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। इसी के साथ PM मोदी इजरायली संसद 'नेसेट' को संबोधित करने वाले भारत के पहले प्रधानमंत्री बन गए हैं। इस ऐतिहासिक अवसर पर उन्हें इजरायली संसद के सर्वोच्च सम्मान ‘Speaker of the Knesset Medal’ से नवाजा गया।
इसी के साथ PM मोदी दुनिया के पहले नेता बन गए, जिन्हें इजरायल की संसद 'नेसेट' ने सर्वोच्च सम्मान दिया है। यह सर्वोच्च सम्मान उन्हें भारत और इजरायल के बीच रणनीतिक संबंधों को एक नई ऊंचाई पर ले जाने और इसके माध्यम से उनके असाधारण पर्सनल लीडरशिप को मान्यता देने के लिए किया गया है।
इजरायल और फिलिस्तीन दोनों का सर्वोच्च सम्मान
प्रधानमंत्री मोदी की इस ऐतिहासिक उपलब्धि से वह दुनिया के उन गिने-चुने वैश्विक नेताओं में शामिल हो गए हैं जिनके पास इजरायल और फिलिस्तीन, दोनों देशों के सर्वोच्च नागरिक/संसदीय सम्मान प्राप्त हुए हैं। बता दें, 2018 में, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को 'ग्रैंड कॉलर ऑफ द स्टेट ऑफ फिलिस्तीन' प्रदान किया गया था, जो विदेशी नेताओं के लिए सर्वोच्च फिलिस्तीनी सम्मान है। वहीं, इजरायल की ओर से अब 'Speaker of the Knesset Medal' पाने वाले पहले भारतीय नेता बन गए हैं।
मोदी ने कहा- ‘मेरा जन्म और इजरायल का...’
प्रधानमंत्री ने अपने भाषण में एक बेहद रोचक तथ्य साझा किया, जिसने सदन में मौजूद सभी सदस्यों का दिल जीत लिया। उन्होंने कहा, ‘यह एक अनोखा संयोग है कि मेरा जन्म 17 सितंबर 1950 को हुआ था और ठीक उसी दिन भारत ने औपचारिक रूप से इजरायल को मान्यता दी थी।’
PM मोदी ने कहा, ‘इस खास सदन के सामने खड़ा होना मेरे लिए खुशी और सम्मान की बात है। मैं भारत के प्रधानमंत्री के तौर पर और एक पुरानी सभ्यता के प्रतिनिधि के तौर पर दूसरी सभ्यता को संबोधित करते हुए ऐसा कर रहा हूँ। मैं अपने साथ 1.4 अरब भारतीयों की शुभकामनाएं और दोस्ती, सम्मान और साझेदारी का संदेश लाया हूँ।’
इजरायल के साथ भारत मजबूती से खड़ा
पीएम मोदी ने 7 अक्टूबर 2023 को हमास द्वारा किए गए आतंकी हमले की कड़े शब्दों में निंदा की। उन्होंने कहा, ‘कोई भी कारण निर्दोष नागरिकों की हत्या को सही नहीं ठहरा सकता। भारत ने भी 26/11 जैसे हमलों का दर्द सहा है, जिसमें इजरायली नागरिक भी मारे गए थे। आतंकवाद के खिलाफ हमारी 'जीरो टॉलरेंस' की नीति है।’ उन्होंने स्पष्ट किया कि भारत कठिन समय में और भविष्य में भी पूरे विश्वास के साथ इजरायल के साथ मजबूती से खड़ा है।
Published By : Sagar Singh
पब्लिश्ड 26 February 2026 at 00:03 IST