'कांग्रेस सोच से आउटडेटेड हो चुकी है, 40 ना पार करना उसके लिए बड़ी चुनौती', बोले PM मोदी
राज्यसभा में प्रधानमंत्री Narendra Modi ने कांग्रेस को घेरते हुए कहा कि कांग्रेस सोच से आउटडेटेड हो चुकी है और इसलिए पार्टी ने अपना काम आउटसोर्स कर दिया है।
- प्रधान सेवक नरेंद्र मोदी
- 2 min read
PM Narendra Modi Rajya Sabha Speech: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्यसभा में भाषण देते हुए कांग्रेस पार्टी पर जमकर हमला बोला है। पीएम मोदी ने राष्ट्रपति के अभिभाषण पर राज्यसभा में जवाब दिया और इसी दौरान कांग्रेस को घेरते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस सोच से आउटडेटेड हो चुकी है और इसलिए इस पार्टी ने अपना काम आउटसोर्स कर दिया है।
प्रधानमंत्री मोदी ने राज्यसभा में अपनी बात रखते हुए कहा कि हम बड़े धैर्य और नम्रता के साथ आपके एक-एक शब्द को सुनते रहे हैं, लेकिन आप आज भी ना सुनने की तैयारी के साथ आए हैं, परंतु मेरी आवाज को आप दबा नहीं सकते। पीएम मोदी ने कहा कि देश की जनता ने इस आवाज को ताकत दी है, इसलिए मैं भी इस बार पूरी तैयारी के साथ आया हूं।
कांग्रेस पार्टी सोच से आउटडेटेड: PM मोदी
प्रधानमंत्री ने कहा कि मेरा विश्वास पक्का हो गया है कि कांग्रेस पार्टी सोच से भी आउटडेटेड हो गई है। जब सोच ही आउटडेटेड हो गई है, तो इन्होंने अपना कामकाज भी आउटसोर्स कर दिया है। देखते ही देखते इतना बड़ा दल इतने दशकों तक देश पर राज करने वाले दल का ऐसा पतन? हमें खुशी नहीं हो रही, बल्कि हमारी आपके प्रति संवेदनाएं हैं।
देश तोड़ने का नैरेटिव गढ़ रही कांग्रेस: PM मोदी
उन्होंने कहा, 'जिस कांग्रेस ने सत्ता के लालच में सरेआम लोकतंत्र का गला घोंट दिया था, जिस कांग्रेस ने दर्जनों बार लोकतांत्रिक तरीके से आई सरकारों को रातों-रात बर्खास्त कर दिया था, जिस कांग्रेस ने अखबारों पर भी ताले लगाने की कोशिश की थी, अब देश को तोड़ने का नैरेटिव उस कांग्रेस ने गढ़ना शुरू कर दिया है। अब देश को उत्तर-दक्षिण में तोड़ने के बयान दिए जा रहे हैं।'
पीएम नरेंद्र मोदी ने अपने भाषण में कहा, 'जिस कांग्रेस ने OBC को पूरी तरह कभी आरक्षण नहीं दिया, जिसने सामान्य वर्ग के गरीबों को कभी आरक्षण नहीं दिया, जिसने बाबा साहब को भारत रत्न के योग्य नहीं माना, केवल अपने परिवार को भारत रत्न देते रहे। वो अब हमें उपदेश दे रहे हैं, वो अब हमें सामाजिक न्याय का पाठ पढ़ा रहे हैं।'
Published By : Amit Bajpayee
पब्लिश्ड 7 February 2024 at 14:31 IST