Breaking News: अब राजस्थान में UCC बिल लाने की तैयारी, भजनलाल सरकार के मंत्रियों ने दिए संकेत
Breaking News: उत्तराखंड की धामी सरकार ने यूसीसी बिल पटल पर रख दिया। इसे लेकर चौतरफा चर्चा हो रही है। अब राजस्थान सरकार भी समान नागरिक संहिता को लेकर गंभीर है।

Breaking News: भजनलाल शर्मा के कई मंत्रियों ने स्पष्ट कहा है कि यूसीसी पर मसौदा तैयार किया जा रहा है। शर्मा खुद बिल को लेकर गंभीर हैं और प्रयासरत हैं। मदन दिलावर, किरोड़ी लाल मीणा और कन्हैया लाल चौधरी ऐसे तीन हाईप्रोफाइल मंत्री हैं जिन्होंने मीडिया के सामने साफ साफ कहा है कि राजस्थान भी ऐसा दूसरा स्टेट बन सकता है जो यूसीसी को लागू कर दे।
मदन दिलावर शिक्षा मंत्री हैं, कृषि मंत्री किरोड़ी लाल मीणा और कैबिनेट मंत्री कन्हैया लाल चौधरी ने अलग अलग जगहों पर एक ही बात कही। राजस्थान में यूसीसी लागू कराने को लेकर सीएम भजनलाल सजग और गंभीर हैं। मसौदा तैयार करके पेश करने की तैयारी हो रही है।
राजस्थान में तैयारी पूरी है!
राजस्थान के कैबिनेट मिनिस्टर कन्हैया लाल चौधरी ने कहा है कि हम भी यूसीसी को लागू करने की कोशिश कर रहे हैं और तैयारी भी शुरू हो गई है। उन्होंने कहा- यूसीसी को लाने वाला उत्तराखंड पहला राज्य बना है, उनको बधाई देता हूं। हम भी यूसीसी लागू करने की तैयारी कर रहे हैं। देश में कानून तो एक ही चलेगा, दो नहीं चल सकता है। भारत में तो यूसीसी बेहद जरूरी है... इसको लागू करने के लिए चर्चा करने जा रहे हैं...
कानून एक सा हो, दो नहीं- किरोड़ी लाल मीणा
मंत्री आपके द्वार कार्यक्रम के तहत सवाई माधोपुर पहुंचे डॉ किरोड़ी लाल मीणा ने कहा कि राजस्थान में भी ऐसे बिल की बेहद आवश्यकता है। साथ ही उन्होंने कहा- उत्तराखंड में जो यूनिफॉर्म सिविल कोड पर जो नियम लाया जा रहा है, वो समय के हिसाब से और देश की परिस्थिति के हिसाब से अतिआवश्यक है... कानून सब के लिए एक जैसा होना चाहिए। इसको लेकर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से बात करेंगे।
Advertisement
ड्राफ्ट कमेटी जल्द- मदन दिलावर
राजस्थान में यूसीसी के लिए जल्द ड्राफ्ट कमेटी बनाए जाने का ऐलान जल्द होगा। भीतरी तौर पर तैयारी शुरू कर दी गई है। ड्राफ्ट कमेटी बनाने का प्रस्ताव जल्द कैबिनेट में रखा जा सकता है। इसकी पुष्टि मदन दिलावर की वो चिट्ठी करती है जो उन्होंने तिरंगा गर्ल नाम से मशहूर सामाजिक कार्यकर्ता तंजीम मेरानी का अनशन तुड़वाते हुए सौंपी। जिसमें लिखा है- समान नागरिक संहिता के संबंध में ड्राफ्ट कमेटी बनाने का विषय जल्द मंत्रिपरिषद की बैठक में रखा जाएगा। संवैधानिक प्रक्रिया के अनुरूप आगे की कार्रवाई की जाएगी।
भजनलाल सरकार बनते ही चर्चा में था UCC
राजस्थान में पिछले साल हुए विधानसभा चुनाव में जीत हासिल करते हुए बीजेपी सत्ता पर काबिज हो गई। भजनलाल शर्मा को CM बनाया गया। बीजेपी की सत्ता में वापसी के बाद से ही राजस्थान में यूसीसी को लेकर चर्चा और मांग दोनों तेज हो गईं। भजनलाल सरकार के कई मंत्री यूसीसी की वकालत करते रहे हैं। उत्तराखंड में बिल पेशी के बाद मुहिम और तेज हो गई है।