12 साल की यात्रा से देश कांग्रेस के कुचक्र से बाहर निकला, उसने हजारों करोड़ रुपये के घोटाले किए- PM मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, पंडित जवाहरलाल नेहरू के 4398 दिनों का रिकॉर्ड तोड़कर भारत के सबसे लंबे समय तक लगातार सेवा करने वाले प्रधानमंत्री बन गए हैं। NDA बैठक में उनके 12 सालों की सराहना का प्रस्ताव पास हुआ। मोदी ने कांग्रेस पर घोटालों और अस्थिरता का आरोप लगाया। उन्होंने कहा- देश अब कांग्रेस के कुचक्र से मुक्त होकर तेज विकास की राह पर है

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी | Image: Video Grab

PM Modi Speech: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भारत के सबसे लंबे समय तक लगातार सेवा करने वाले प्रधानमंत्री बन गए हैं। उन्होंने स्वतंत्र भारत के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू 4,398 दिनों के रिकॉर्ड को तोड़ दिया है।

इस खास मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत मंडपम में देश भर के NDA नेताओं के साथ बैठक की। इस बैठक में एक प्रस्ताव पास किया गया, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 साल के लगातार कार्यकाल की सराहना की गई।

इस प्रस्ताव को आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने रखा। नागालैंड के मुख्यमंत्री नेफ्यू रियो (Neiphiu Rio) ने प्रस्ताव का अनुमोदन किया। प्रस्ताव का समर्थन जीतन राम मांझी, एचडी कुमारस्वामी, एकनाथ शिंदे, चिराग पासवान, जयंत चौधरी, विष्णुदेव साय, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह एवं केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने किया। अनुप्रिया पटेल ने प्रस्ताव पढ़ा।

June 10, 2026

“हमारी नीतियां सही, दिशा सही”

NDA नेताओं को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने देश की जनता का आभार जताया। उन्होंने कहा, "मैं आज देश की महान जनता को भी नमन करता हूं और जनता जनार्दन के प्रति अपना आभार व्यक्त करता हूं। 2014 के पहले के कई दशक बहुत अस्थिरता और उथल-पुथल से भरे हुए थे। इसका देश को बहुत नुकसान भी उठाना पड़ा।"

कांग्रेस को निशाने पर लेते हुए पीएम ने कहा कि कांग्रेस ने देश के साथ विश्वासघात किया। अगर सरकार की नीयत सही हो, तो तेज गति से विकास होता है। हमारी नीतियां सही और दिशा सही है।”

"देश कांग्रेस के कुचक्र से आजाद"

पीएम मोदी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि "NDA के 12 सालों की एक बड़ी सफलता ये भी है कि देश कांग्रेस के कुचक्र से आजाद हुआ है। कांग्रेस ने देश को लाचारगी, बेचारगी और हीन भावना के गर्त में गिरा दिया था। देश को यही एहसास कराया जाता था कि भारत में विकास धीरे-धीरे ही होता है, भारत में तेज विकास संभव ही नहीं है और बड़ी ही चतुराई से धीमी विकास को एक नाम दिया था, 'हिंदू ग्रोथ रेट' यानी कार्यशैली कांग्रेस की, दायित्व कांग्रेस का, विफलता कांग्रेस की लेकिन कलंक देश की बड़ी हिंदू आबादी के नाम लगाया गया जबकि असल में इस कुसंस्कृति का नाम होना चाहिए था कांग्रेस ग्रोथ रेट।"

कांग्रेस और NDA ग्रोथ रेट का अंतर

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूर्व की सरकारों की मंशा पर सवाल उठाते हुए कहा की, "सवाल ये है कि अगर 12 साल में इतना कुछ हो सकता है तो फिर दशकों तक क्यों नहीं हुआ? ये 'कांग्रेस ग्रोथ रेट' और 'NDA ग्रोथ रेट' का अंतर है। एक व्यवस्था लोगों को इंतजार कराती थी। आज की व्यवस्था परिणाम दिखाती है। ये उस भारत की कहानी है जिसने पहली बार अपनी पूरी क्षमता के साथ दौड़ना तय किया है।" 

ये भी पढ़ें: स्टेबिलिटी, ट्रांसपरेंसी और देश की तरक्की... NDA की बैठक में PM मोदी के 12 साल के कार्यकाल को लेकर प्रस्ताव पास, भारत मंडपम में क्या-क्या हुआ?
 

Published By : Sagar Singh

पब्लिश्ड 10 June 2026 at 20:20 IST