'2047 तक विकसित भारत का निर्माण ही हमारा लक्ष्य...', G7 समिट में बोले PM मोदी; AI का भी किया जिक्र

PM Modi At G7 Summit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जी7 समिट में कहा कि 2047 तक विकसित भारत का निर्माण ही हमारा लक्ष्य है।

PM Modi | Image: X/Narendra Modi

PM Modi At G7 Summit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जी7 समिट में कहा कि 2047 तक विकसित भारत का निर्माण ही हमारा लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि हमारी प्रतिबद्धता है कि समाज का कोई भी वर्ग पीछे न छूटे।

G20 की अध्यक्षता का जिक्र

PM मोदी ने G20 की अध्यक्षता का जिक्र करते हुए कहा- 'हमें गर्व है कि भारत की अध्यक्षता में जी-20 ने अफ्रीकी संघ को समूह का स्थायी सदस्य बनाया। ग्लोबल साउथ के देशों की प्राथमिकताओं और चिंताओं को विश्व मंच पर रखना भारत ने अपनी जिम्मेदारी समझा है। ग्लोबल साउथ के देश वैश्विक अनिश्चितताओं और तनाव का खामियाजा भुगत रहे हैं। भारत अफ्रीका के सभी देशों के आर्थिक और सामाजिक विकास, स्थिरता और सुरक्षा में योगदान दे रहा है और आगे भी करता रहेगा।'

PC: X/Narendra Modi

उन्होंने आगे कहा- 'हमें मिलकर आने वाले समय को 'हरित युग' बनाने का प्रयास करना चाहिए। हम 2070 तक नेट जीरो के लक्ष्य को हासिल करने की अपनी प्रतिबद्धता को पूरा करने के लिए हर संभव प्रयास कर रहे हैं।'

AI का भी जिक्र

PM मोदी ने AI का जिक्र करते हुए कहा- 'भारत आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस में राष्ट्रीय रणनीति तैयार करने वाले पहले कुछ देशों में से एक है। पिछले साल भारत द्वारा आयोजित जी-20 शिखर सम्मेलन के दौरान हमने एआई के क्षेत्र में अंतर्राष्ट्रीय प्रशासन के महत्व पर जोर दिया था। ऊर्जा के क्षेत्र में भारत का दृष्टिकोण चार सिद्धांतों पर आधारित है - उपलब्धता, पहुंच, सामर्थ्य और स्वीकार्यता।'

PC: X/Narendra Modi

उन्होंने कहा- 'भारत इस मानव-केंद्रित दृष्टिकोण के माध्यम से बेहतर भविष्य के लिए प्रयास कर रहा है। हमें टेक्नोलॉजी को रचनात्मक बनाना चाहिए, विनाशकारी नहीं। तभी हम समावेशी समाज की नींव रख सकेंगे।'

PC: X/Narendra Modi

इससे पहले PM मोदी ने G7 समिट में पहुंचे कई नेताओं से मुलाकात की। फ्रांस के राष्ट्रपति से बातचीत के बाद पीएम मोदी ने कहा कि मेरे मित्र राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के साथ बहुत अच्छी मुलाकात हुई। एक वर्ष में यह हमारी चौथी बैठक है, जो यह दर्शाती है कि हम मजबूत भारत-फ्रांस संबंधों को कितनी प्राथमिकता देते हैं। हमारी बातचीत में रक्षा, सुरक्षा, प्रौद्योगिकी, एआई, ब्लू इकोनॉमी और कई अन्य विषयों पर चर्चा हुई। हमने इस बात पर भी चर्चा की कि युवाओं के बीच नवाचार और अनुसंधान को कैसे प्रोत्साहित किया जाए। मैंने उन्हें अगले महीने शुरू होने वाले पेरिस ओलंपिक की मेजबानी के लिए अपनी शुभकामनाएं दीं।

ये भी पढ़ेंः ट्रेन में आग लगने की सूचना के बाद अफरातफरी, चलती ट्रेन से कूदे लोग; मालगाड़ी से टकराए

Published By : Kunal Verma

पब्लिश्ड 14 June 2024 at 21:46 IST