PM मोदी ने मन की बात में सुनाया नांदेड़ की अनोखा शादी का किस्सा, बेटे की शादी में ग्रामीणों को दिया एक-एक लाख का दुर्घटना बीमा
Mann Ki Baat: 'मन की बात' में पीएम मोदी ने कहा कि नांदेड़ में एक परिवार ने विवाह के अवसर पर गांव के लगभग साढ़े तीन हजार लोगों के लिए दुर्घटना बीमा की व्यवस्था की। परिवार ने सोचा कि अगर खुशी बांटनी ही है, तो ऐसी चीज दी जाए, जो मुश्किल समय में किसी परिवार का सहारा बने।
- प्रधान सेवक नरेंद्र मोदी
- 3 min read
PM Modi Mann ki Baat: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार (28 जून 2026) को अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' के जरिए देशवासियों को संबोधित किया। 'मन की बात' के 135वें एपिसोड में पीएम मोदी ने नांदेड़ की 'अनोखी शादी' का जिक्र किया, जिसमें दूल्हा-दुल्हन ने उपहार के तौर पर ग्रामीणों को एक-एक लाख रुपये का दुर्घटना बीमा कवर दिया।
PM मोदी ने साझा किया किस्सा
पीएम मोदी ने कहा कि महाराष्ट्र के नांदेड़ में एक परिवार ने अपनी खुशियां बांटने के लिए ऐसा काम किया है जो चर्चा का विषय बन गया है। नांदेड़ के बहादुरपुरा गांव में पेठकर परिवार रहता है। इस परिवार ने सोचा कि अगर खुशी बांटनी ही है, तो ऐसी चीज दी जाए, जो मुश्किल समय में किसी परिवार का सहारा बने।
उन्होंने कहा कि अपने घर में विवाह के अवसर पर इस परिवार ने गांव के लगभग साढ़े तीन हजार लोगों के लिए दुर्घटना बीमा की व्यवस्था की। हर व्यक्ति को एक लाख रुपए का बीमा कवर दिया गया। इस पहल के पीछे की भावना बहुत स्पर्श करने वाली है। परिवार ने देखा था कि दुर्घटना के बाद परिवारों को आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। ऐसे समय में एक छोटी-सी सहायता भी बहुत बड़ा संबल बन जाती है।
सरकारी योजनाओं का भी किया जिक्र
पीएम मोदी ने इस दौरान 'प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा' और 'प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा' जैसी योजनाओं का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि सरकार देश के करोड़ों परिवारों तक सुरक्षा का कवच पहुंचा रही है। 'प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना' के तहत केवल 20 रुपये के सालाना प्रीमियम यानि केवल एक साल के 20 रुपये का प्रीमियम, उस पर दो लाख रुपये तक का 'दुर्घटना बीमा' मिलता है। अब तक इस योजना से 58 करोड़ से अधिक लोग जुड़ चुके हैं। इनमें करीब 28 करोड़ हमारी माताएं, बहनें, बेटियां हैं, महिलाएं हैं। इस योजना से पीड़ित परिवारों को अब तक 3,700 करोड़ रुपये से अधिक की सहायता मिल चुकी है।
उन्होंने कहा कि इसी तरह से 'प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना' भी उतनी ही अहम है। ये योजना व्यक्ति की दुखद मृत्यु होने पर उसके परिवार को दो लाख रुपये का बीमा कवर देती है। इसका वार्षिक प्रीमियम सिर्फ 436 रुपये है। मतलब एक दिन का मुश्किल से डेढ़ रुपया। इस योजना से अब तक 27 करोड़ से अधिक लोग जुड़े हैं। इसके तहत देश के करीब 11 लाख परिवारों को करीब 22 हजार करोड़ रुपये की सहायता मिल चुकी है। ये आकड़ें बहुत बड़े हैं।
प्रधानमंत्री ने बताया कि इन योजनाओं के जरिए किस तरह से कहीं किसी मां को बच्चों की पढ़ाई जारी रखने में सहायता मिल गई, तो कहीं किसी पत्नी को घर की जिम्मेदारियां संभालने का सहारा मिल गया। उन्होंने कहा कि कई बार बहुत बड़ी सुरक्षा की शुरुआत बहुत छोटी राशि और एक छोटे-से कदम से हो सकती है, छोटा-सा भी निर्णय बहुत बड़ा बदलाव करता है। मेरा आप सभी से आग्रह है कि अपने परिवार में इन योजनाओं की जानकारी जरूर साझा करें।
Published By : Ruchi Mehra
पब्लिश्ड 28 June 2026 at 11:48 IST