अपडेटेड 26 February 2026 at 09:35 IST
'मोदी-मोदी' के नारों से गूंजी इजराइली संसद, भारतीय प्रधानमंत्री के साथ सेल्फी के लिए सांसदों में मची होड़; देखें VIDEO
इजरायली संसद में भारतीय प्रधानमंत्री के पहुचते ही माहौल उत्साह से भर गया। आलम ये रहा कि पीएम मोदी के साथ सेफ्ली लेने की सांसदों में होड़ मच गई।
PM Modi: इजरायल की संसद में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दाखिल होते ही सभी सांसदों ने खड़े होकर उनका अभिवादन किया। इस दौरान का नजारा देखने लायक रहा। पूरा संसद 'मोदीमय' हो गया और मोदी-मोदी के नारों की गूंज उठी। वहीं कई सांसदों में पीएम मोदी के साथ सेल्फी लेने की होड़ मच गई।
पीएम मोदी ने बुधवार को इजरायली संसद Knesset को संबोधित किया। उन्होंने जोरदार भाषण देते हुए आतंकवाद के खिलाफ आवाज बुलंद की।
पीएम मोदी ने आतंकवाद के खिलाफ बुलंद की आवाज
उन्होंने अपने संबोधन में कहा, 'कोई भी वजह आम लोगों की हत्या को सही नहीं ठहरा सकती। कोई भी चीज आतंकवाद को सही नहीं ठहरा सकती। भारत ने भी लंबे समय तक आतंकवाद का दर्द सहा है। हमें 26/11 के मुंबई हमले में इजराइली नागरिकों समेत बेगुनाहों की जान जाने की याद है। आपकी तरह हमारी भी आतंकवाद के लिए जीरो टॉलरेंस की नीति है, जिसमें कोई डबल स्टैंडर्ड नहीं है।'
PM संग सेल्फी को सांसदों की लगी लाइन
समाचार एजेंसी एएनआई के जारी किए गए वीडियो में इजरायली संसद में उत्साह का माहौल देखते ही बना। भाषण के बाद पीएम मोदी सांसदों के बीच पहुंचे, जहां उन्होंने उनसे बातचीत की। भारत के प्रधानमंत्री से मिल सभी के चेहरे पर खुशी थी। इस बीच, कई सांसद उनके साथ सेल्फी लेने के लिए आगे भी आए।
इजरायली संसद के सर्वोच्च सम्मान से सम्मानित
बता दें कि प्रधानमंत्री मोदी को सर्वोच्च सम्मान 'स्पीकर ऑफ द नेसेट मेडल' से नवाजा गया है। इसी के साथ यह सम्मान पाने वाले वह पहले नेता बन गए। यह सम्मान उन्हें उनके व्यक्तिगत नेतृत्व के साथ-साथ भारत और इजरायल के रणनीतिक संबंधों को एक नई ऊंचाई पर ले जाने के लिए दिया गया।
नेसेट मेडल पाकर गर्वित- पीएम मोदी
पीएम मोदी ने इस सम्मान के लिए इजरायल का आभार जताया। उन्होंने अपने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर ट्वीट कर लिखा, 'नेसेट को संबोधित करना मेरे लिए सम्मान की बात है। नेसेट के जाने-माने सदस्यों से बातचीत करना भी बहुत अच्छा लगा। मेरे भाषण में हमारे देशों के बीच गहरी दोस्ती और इज़राइल के लोगों के प्रति भारत के लोगों की अच्छी भावना के बारे में बताया गया।'
उन्होंने आगे लिखा, 'मुझे नेसेट मेडल पाकर बहुत गर्व महसूस हो रहा है। मैं इसे विनम्रता और आभार के साथ स्वीकार करता हूं। यह सम्मान किसी एक व्यक्ति को नहीं, बल्कि भारत और इजराइल के बीच हमेशा रहने वाली अटूट दोस्ती और उन साझा मूल्यों को दर्शाता है।'
इजरायल की दूसरी यात्रा पर पीएम
बता दें कि पीएम मोदी की 9 सालों में यह दूसरी यात्रा है। इससे पहले वह जुलाई 2017 में अपनी पहली ऐतिहासिक यात्रा पर पहुंचे थे, तब भारत-इजरायल संबंधों को 'रणनीतिक साझेदारी' के स्तर पर ले जाया गया था।
Published By : Priyanka Yadav
पब्लिश्ड 26 February 2026 at 08:57 IST