अपडेटेड 27 April 2025 at 12:19 IST
पाकिस्तान पैदा कर रहा आतंकी, इधर भारत कैसे बना गया पड़ोसियों के लिए 'भगवान'? PM मोदी ने सब कुछ बताया
'मन की बात' कार्यक्रम में पीएम मोदी ने म्यांमार में भूकंप से मची तबाही का जिक्र किया। साथ ही बताया कि कैसे इस आपदा के समय भारत ने मदद का हाथ आगे बढ़ाया।
PM Modi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज 'मन की बात' कार्यक्रम के 121वें एपिसोड में देशवासियों को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने पिछले महीने म्यांमार में भूकंप से मची तबाही का जिक्र किया। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि कैसे इस आपदा के समय भारत ने मदद का हाथ आगे बढ़ाया।
म्यांमार में आए विनाशकारी भूकंप की वजह से 1700 से अधिक लोगों की जान चली गईं। ऐसे में भारत ने नेबरहुड फर्स्ट पॉलिसी के तहत म्यामांर में राहत और बचाव कार्य के लिए 'ऑपरेशन ब्रह्मा' चलाया। इसे लेकर पीएम मोदी ने कहा कि 'वसुधैव कुटुम्बकम' हमारी परंपराओं और मूल्यों को समेटे हुए है। संकट के समय में वैश्विक मित्र के रूप में भारत की त्वरित प्रतिक्रिया और मानवता के प्रति भारत की प्रतिबद्धता हमारी पहचान बन रही है।
'म्यामांर की मदद के लिए ऑपरेशन ब्रह्मा किया लॉन्च'
मन की बात के 121वें एपिसोड में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि 'आपने पिछले महीने म्यांमार में आए विनाशकारी भूकंप की भयावह तस्वीरें देखी होंगी। भूकंप से वहां बहुत बड़ी तबाही आई, मलबे में फंसे लोगों के लिए एक-एक सांस, एक-एक पल कीमती था। भारत ने म्यांमार के लोगों के लिए तुरंत ऑपरेशन ब्रह्मा लॉन्च किया। एयरफोर्स के एयरक्राफ्ट से लेकर नेवी के जहाज तक म्यांमार की मदद के लिए रवाना हो गए। वहां भारतीय टीम ने एक फील्ड हॉस्पिटल तैयार किया। इंजीनियरों की एक टीम ने अहम इमारतों और इंफ्रास्ट्रक्चर को हुए नुकसान का आकलन करने में मदद की। भारतीय टीम ने वहां कंबल, टेंट, स्लीपिंग बैग्स, दवाईयां, खाने-पीने के सामान के साथ ही अन्य चीजें भी भेजी गईं। इस दौरान भारतीय टीम को वहां के लोगों से बहुत तारीफ मिली।'
PM ने साझा किया दिल छू लेने वाला उदाहरण
आकाशवाणी के मासिक रेडियो कार्यक्रम में उन्होंने आगे एक अनूठा उदाहरण साझा किया। उन्होंने कहा कि ‘संकट के समय में साहस, धैर्य और सूझ-बूझ के कई दिल छू जाने वाले उदाहरण भी सामने आए। भारत की टीम ने 70 साल से ज्यादा उम्र की एक बुजुर्ग महिला को बचाया जो मलबे में 18 घंटों से दबी हुई थी। भारत से गई टीम ने उनके ऑक्सीजन लेवल को स्टेबल करने से लेकर फ्रैक्चर के ट्रीटमेंट तक, इलाज की हर सुविधा उपलब्ध कराई। जब इस बुजुर्ग महिला को अस्पताल से छुट्टी मिली तो उन्होंने हमारी टीम का बहुत आभार जताया। उन्होंने कहा कि भारतीय बचाव दल की वजह से उन्हें नया जीवन मिला है।’
परंपराओं और मूल्य को समेटे है ‘वसुधैव कुटुम्बकम’
पीएम मोदी ने आगे कहा, 'बहुत से लोगों ने हमारी टीम को बताया कि उनकी वजह से वो अपने दोस्तों और रिश्तेदारों को ढूंढ पाएं। ऑपरेशन ब्रह्मा में भाग लेने वाले सभी लोगों पर हमें बेहद गर्व है। 'वसुधैव कुटुम्बकम' हमारी परंपराओं और मूल्यों को समेटे हुए है। संकट के समय में वैश्विक मित्र के रूप में भारत की त्वरित प्रतिक्रिया और मानवता के प्रति भारत की प्रतिबद्धता हमारी पहचान बन रही है।'
इथियोपिया में भारत की अनूठी पहल
पीएम मोदी ने आगे कहा, ‘मुझे अफ्रीका के इथियोपिया में प्रवासी भारतीयों के एक अभिनव प्रयास का पता चला है। इथियोपिया में रहने वाले भारतीयों ने ऐसे बच्चों को इलाज के लिए भारत भेजने की पहल की है जो जन्म से ही दिल की बीमारी से पीड़ित हैं। ऐसे बहुत से बच्चों की भारतीय परिवारों द्वारा आर्थिक मदद भी की जा रही है। अगर किसी बच्चे का परिवार पैसे की वजह से भारत आने में असमर्थ है तो इसका भी इंतजाम भारतीय भाई-बहन कर रहे हैं। कोशिश यह है कि गंभीर बीमारी से जूझ रहे इथियोपिया के हर जरुरतमंद बच्चे को बेहतर इलाज मिले। प्रवासी भारतीयों के इस नेक कार्य को इथियोपिया में भरपूर सराहना मिल रही है।’
भारत में मेडिकल सुविधाएं बेहतर हो रही- पीएम
पीएम मोदी ने आगे बताया कि ‘भारत में मेडिकल सुविधाएं लगातार बेहतर हो रही हैं। इसका लाभ दूसरे देश के नागरिक भी उठा रहे हैं। कुछ ही दिन पहले भारत ने अफगानिस्तान के लोगों के लिए बड़ी मात्रा में वैक्सीन भेजी है। ये वैक्सीन रेबीज, टेटनस, हेपेटाइटिस बी और इन्फ्लूएंजा जैसी खतरनाक बीमारियों से बचाव में काम आएंगी। भारत ने इसी हफ्ते नेपाल के आग्रह पर वहां दवाईयां और वैक्सीन की बड़ी खेप भेजी है। इनसे थैलेसीमिया और सिकल सेल रोग के मरीजों को बेहतर इलाज सुनिश्चित होगा। जब भी मानवता की सेवा की बात आती है, तो भारत हमेशा इसमें आगे रहता है और भविष्य में भी ऐसी हर जरूरत में हमेशा आगे रहेगा।’
बता दें कि पाकिस्तान पर आतंकियों को पनाह देने और उन्हें पालने का आरोप लगता रहा है। वहीं दूसरी ओर भारत ने आपदा प्रभावित देशों के लिए हाथ आगे बढ़ाए हैं जिसकी दुनियाभर में सराहना हो रही है।
Published By : Priyanka Yadav
पब्लिश्ड 27 April 2025 at 12:05 IST