अपडेटेड 22 August 2025 at 13:41 IST
'लालटेन राज में बिहार में लाल आतंक था और अब...', गयाजी में कांग्रेस और RJD पर बरसे PM मोदी, कहा- घुसपैठियों को देश से निकालकर रहेंगे
विधानसभा चुनाव से पहले पीएम मोदी ने बिहार को एक बार फिर करोड़ों की सौगात दी। गयाजी में जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कांग्रेस और RJD पर जमकर निशाना साधा।
बिहार में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक बार फिर बिहार के लोगों को बड़ी सौगात दी। पीएम मोदी ने शुक्रवार को गयाजी से बिहार के लिए 13,000 करोड़ रुपये की कई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास व उद्घाटन किया।। इस दौरान जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कांग्रेस और राष्ट्रीय जनता दल (RJD) पर तीखा हमला बोला। उन्होंने प्रदेश में NDA सरकार की उपलब्धियों का जिक्र किया साथ ही आतंकवाद और घुसपैठ जैसे मुद्दों पर भी बात की।
जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा,"बिहार चंद्रगुप्त मौर्य और चाणक्य की धरती है। इस धरती पर लिया गया हर संकल्प कभी व्यर्थ नहीं गया है। जब कश्मीर के पहलगाम में आतंकी हमला हुआ, हमारे निर्दोष नागरिकों को उनका धर्म पूछकर मारा गया, तब मैंने बिहार की इस धरती से आतंकियों को मिट्टी में मिलाने की बात कही थी। आज दुनिया देख रही है कि बिहार की धरती पर लिया गया संकल्प पूरा हुआ है।"
बिहार में कांग्रेस और RJD पर बरसे PM मोदी
वहीं, कांग्रेस और राजद पर हमला बोलते हुए पीएम मोदी ने कहा, RJD और उसके सहयोगी दल बिहार की जनता को सिर्फ अपना वोट बैंक समझते हैं। उन्हें गरीबों के सुख-दुख, मान-सम्मान की कोई चिंता नहीं है। कांग्रेस के एक मुख्यमंत्री ने मंच से कहा था कि वे बिहार के लोगों को अपने राज्य में घुसने नहीं देंगे। बिहार की जनता के साथ कांग्रेस के दुर्व्यवहार को देखने के बाद भी RJD के लोग गहरी नींद सो रहे थे। बिहार की NDA सरकार कांग्रेस, INDI गठबंधन के इस नफरती अभियान का जवाब दे रही है।
लालटेन राज में यहां लाल आतंक था- PM मोदी
लालू परिवार पर निशाना साधते हुए पीएम मोदी ने कहा,"लालटेन राज में यहां कैसी दुर्दशा थी। लालटेन राज में ये इलाका लाल आतंक से जकड़ा था। माओवादियों के कारण शाम के बाद कहीं आना-जाना मुश्किल था। लालटेन राज में गयाजी जैसे शहर अंधेरे में डूबे रहते थे। हजारों गांवों तक बिजली के खंभे नहीं पहुंचते थे। बिहार की कितनी पीढ़ियों को इन लोगों ने बिहार से पलायन के लिए मजबूर कर दिया था।"
आतंकियों को भारत की मिसाइलें दफन करके रहेगी-PM मोदी
ऑपरेशन सिंदूर की सफलता पर बात करते हुए पीएम मोदी ने कहा, "ऑपरेशन सिंदूर ने भारत की रक्षा नीति की नई लकीर खींच दी है, अब भारत में आतंकी भेजकर हमले कराकर कोई बच नहीं सकेगा। आतंकवादी चाहे पाताल में क्यों न छिप जाएं भारत की मिसाइलें उन्हें दफन करके रहेगी।"
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, "मेरा संकल्प है कि जब तक हर जरूरतमंद को पक्का घर नहीं मिल जाता, मोदी चैन से नहीं बैठेगा। इसी सोच के साथ, पिछले 11 सालों में 4 करोड़ से ज़्यादा गरीबों को पक्का घर दिया गया है। अकेले बिहार में 38 लाख से ज़्यादा घर बनाए गए हैं। "
Published By : Rupam Kumari
पब्लिश्ड 22 August 2025 at 13:41 IST