Travel Bag Must Haves: पहाड़ों पर जा रहे हैं घूमने? अपने ट्रैवल बैग में जरूर रखें ये 6 चीजें; कई तरीकों से आएंगी काम
Mountain Trip Travel Bag: पहाड़ों पर जाते समय अपना सामान जितना हो सके हल्का रखें और कोशिश करें कि वहां कोई भी प्लास्टिक का कचरा न छोड़ें। अपने बैग में इन 6 चीजों को शामिल करें और बेफिक्र होकर अपनी पहाड़ों की ट्रिप का मजा लें।
- लाइफस्टाइल न्यूज़
- 3 min read
Mountain Trip Travel Bag Essentials: पहाड़ों की ट्रिप का नाम सुनते ही मन खुश हो जाता है। शहर की गर्मी और शोर-शराबे से दूर पहाड़ों पर जाना हर किसी को पसंद होता है। लेकिन, पहाड़ों का मौसम जितनी जल्दी बदलता है, उतनी ही जल्दी वहां जरूरत की चीजों की कमी भी महसूस हो सकती है।
अगर आप भी जल्द ही किसी हिल स्टेशन या ट्रेकिंग पर जाने का प्लान बना रहे हैं, तो सिर्फ कपड़े भरना ही काफी नहीं है। आपकी पैकिंग स्मार्ट होनी चाहिए। तो चलिए जानते हैं वो 6 चीजें जो आपके ट्रेवल बैग में जरूर होनी चाहिए, जो मुश्किल वक्त में आपके बहुत काम आएंगी।
मल्टी-परपज जैकेट
पहाड़ों पर धूप कब बादलों में छिप जाए और कब तेज ठंडी हवाएं चलने लगें, इसका कोई भरोसा नहीं। भारी-भरकम स्वेटर या जैकेट बैग में बहुत जगह घेरते हैं। इसकी जगह एक अच्छी क्वालिटी का वाटरप्रूफ विंडचीटर या हल्की मल्टी-परपज जैकेट रखें। यह आपको अचानक होने वाली बारिश से भी बचाएगी और ठंडी हवाओं से भी। आप इसे आसानी से फोल्ड करके अपने छोटे बैकपैक में भी रख सकते हैं।
पावर बैंक
पहाड़ों के खूबसूरत नजारों की फोटो खींचते-खींचते फोन की बैटरी कब खत्म हो जाती है, पता ही नहीं चलता। ठंडे तापमान में स्मार्टफोन की बैटरी सामान्य से ज्यादा तेजी से खत्म होती है। पहाड़ों पर हर जगह चार्जिंग पॉइंट मिलना भी मुश्किल होता है। एक 10000mAh या 20000mAh का पावर बैंक आपको इमरजेंसी में फोन ऑन रखने, मैप्स देखने और अपनों से कनेक्टेड रहने में मदद करेगा।
फर्स्ट एड किट
पहाड़ों पर चढ़ाई करते समय छोटी-मोटी चोट लगना या घुमावदार रास्तों पर उल्टी आना बहुत आम बात है। ऊंचाई वाले इलाकों में मेडिकल स्टोर आसानी से नहीं मिलते। अपनी किट में बैंड-एड, पेनकिलर, बुखार और सर्दी की दवा, उल्टी रोकने की दवा, एक एंटीसेप्टिक क्रीम और पेट दर्द की दवा जरूर रखें। यह किट आपके साथ-साथ आपके को-ट्रेवलर्स की भी जान बचा सकती है।
वॉटर बॉटल या थर्मस
पहाड़ों पर खुद को हाइड्रेटेड रखना बहुत जरूरी है, लेकिन वहां बार-बार ठंडा पानी पीने से गला खराब हो सकता है। बाहर से प्लास्टिक की पानी की बोतलें खरीदना न सिर्फ पर्यावरण के लिए नुकसानदायक है, बल्कि पहाड़ों पर यह महंगी भी मिलती हैं। एक अच्छा थर्मस रखने से आप अपने होटल या ढाबे से इसमें गर्म पानी भरवा सकते हैं। ठंड के मौसम में थोड़ा-थोड़ा गर्म पानी पीते रहने से शरीर का तापमान भी सही रहता है और एनर्जी भी बनी रहती है।
मजबूत और आरामदायक जूते
पहाड़ों की ट्रिप का असली मजा तभी है जब आप पैदल चलकर वहां की खूबसूरती को एक्सप्लोर करें। पहाड़ों के रास्ते ऊबड़-खाबड़ और फिसलन भरे हो सकते हैं। फैंसी स्नीकर्स या हील्स यहां बिल्कुल काम नहीं आते। एक अच्छी ग्रिप वाले ट्रेकिंग शूज या स्पोर्ट्स शूज पैरों को मोच से बचाएंगे और आप बिना थके लंबी दूरी तय कर पाएंगे।
बेसिक स्किनकेयर और हाइजीन की चीजें
पहाड़ों की ठंडी और रूखी हवा आपकी स्किन को बहुत जल्दी डैमेज कर सकती है। ऊंचाई पर सूरज की यूवी किरणें ज्यादा तेज होती हैं, जिससे टैनिंग और सनबर्न का खतरा बढ़ जाता है। एक छोटे पाउच में सनस्क्रीन, एक अच्छा लिप बाम, वेट वाइप्स, और मॉइश्चराइजर जरूर रखें। वेट वाइप्स तब बहुत काम आते हैं जब ठंडे पानी से मुंह धोने की हिम्मत न हो रही हो।
पहाड़ों पर जाते समय अपना सामान जितना हो सके हल्का रखें और कोशिश करें कि वहां कोई भी प्लास्टिक का कचरा न छोड़ें। अपने बैग में इन 6 चीजों को शामिल करें और बेफिक्र होकर अपनी पहाड़ों की ट्रिप का मजा लें।
Published By : Samridhi Breja
पब्लिश्ड 5 July 2026 at 22:50 IST