Peri-Peri Paratha: नाश्ते में बनाएं पेरी-पेरी आलू का पराठा, चीज के साथ स्वाद हो जाएगा दोगुना; सेहत के लिए भी है अच्छा
साधारण आलू पराठे को दें पेरी-पेरी और चीज का ट्विस्ट। जानें बनाने का स्टेप-बाय-स्टेप आसान तरीका। बच्चों के टिफिन से लेकर ऑफिस में लंच लेजाने के लिए बेस्ट ऑप्शन है। पढ़ें रेसिपी।
Peri Peri Aloo Paratha Recipe: भारतीय रसोई में नाश्ते में अक्सर 'आलू का पराठा' होता है। लेकिन अब समय के साथ-साथ जायके के शौकीनों ने पहाठे में भी कुछ बदलाव कर दिए हैं। आजकल सोशल मीडिया और फूड ब्लॉग्स पर 'पेरी-पेरी आलू पराठा' जबरदस्त ट्रेंड कर रहा है। अगर आप भी पारंपरिक स्वाद से हटकर कुछ चटपटा और 'चीजी' ट्राई करना चाहते हैं, तो यह रेसिपी खास आपके लिए है।
साधारण पराठे से कैसे अलग है पेरी-पेरी ट्विस्ट?
आमतौर पर आलू के पराठे में धनिया, मिर्च और गरम मसाले का उपयोग होता है। हालांकि, पेरी-पेरी वर्जन में इसमें अफ्रीकन-पुर्तगाली मसालों का तड़का लगाया जाता है। इसमें मौजूद पनीर और मोजेरेला चीज इसे एक मखमली बनावट (Texture) देते हैं, जो हर बाइट में एक अलग ही अनुभव कराता है।
बनाने के लिए क्या क्या चाहिए?
- इस लजीज पराठे को बनाने के लिए आपको किचन में मौजूद इन बुनियादी चीजों की जरूरत होगी।
- 3-4 उबले हुए आलू और 2 कप गेहूं का आटा।
- प्रोटीन और चीज, 50-70 ग्राम कद्दूकस किया हुआ पनीर और 1/4 कप मोजेरेला या प्रोसेस्ड चीज।
- 1.5 चम्मच पेरी-पेरी मसाला, चाट मसाला, लाल मिर्च और स्वादानुसार नमक।
- बारीक कटा प्याज, हरी मिर्च, हरा धनिया और सेंकने के लिए बटर या शुद्ध घी।
स्टेप-बाय-स्टेप ऐसे बनाएं
1. चटपटी स्टफिंग बनाना
एक बड़े बर्तन में उबले हुए आलू लेकर उन्हें अच्छी तरह मैश कर लें। अब इसमें कद्दूकस किया पनीर, चीज, कटा हुआ प्याज और मिर्च डालें। इसके बाद पेरी-पेरी मसाला और बाकी मसाले डालकर मिश्रण को तैयार कर लें। ध्यान रहे कि चीज फ्रिज से निकला हुआ और कद्दूकस किया हुआ हो ताकि वह पराठे के अंदर अच्छी तरह सेट हो जाए।
2. आटा और बेलने का तरीका
गेहूं के आटे में हल्का नमक और तेल डालकर नरम गूंथ लें। अब आटे की एक छोटी लोई लेकर उसे हल्का बेलें और बीच में आलू-चीज का मिश्रण भरें। इसे चारों तरफ से बंद कर हल्के हाथों से बेलें ताकि पराठा फटे नहीं।
3. क्रिस्पी फिनिश दें
गर्म तवे पर पराठे को डालें और मध्यम आंच पर दोनों तरफ से सेकें। लास्ट में बटर या देसी घी लगाकर इसे सुनहरा और क्रिस्पी होने तक पकाएं।
इसे आप पुदीने की तीखी चटनी, मीठी दही या बच्चों के पसंदीदा टोमेटो केचप के साथ परोस सकते हैं। यह खाने में तो स्वादिष्ट है ही साथ ही, इसमें मौजूद पनीर और गेहूं के आटे की वजह से ये एक पौष्टिक ऑप्शन भी बनकर उभरा है।
Published By : Nidhi Mudgill
पब्लिश्ड 1 May 2026 at 21:52 IST